India Coach Morne Morkel Explains Why Was Arshdeep Singh Rested? : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही T20 सीरीज में जब पहले दो मैचों में अर्शदीप सिंह नहीं दिखे, तो काफी लोगों के मन में सवाल उठा कि टीम के सबसे सफल T20 गेंदबाज को बाहर क्यों रखा गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवाल पूछे जाने पर भारत के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने स्पष्ट किया कि यह फैसला सोचा समझा और टीम की लंबी योजना का हिस्सा था।
मोर्कल ने कहा कि अर्शदीप बेहद अनुभवी और भरोसेमंद गेंदबाज हैं। टीम मैनेजमेंट उन्हें सिर्फ आराम देना चाहता था ताकि दूसरे गेंदबाजों को मौका मिले और टीम अलग-अलग कॉम्बिनेशन्स को भी आजमा सके। उन्होंने बताया कि वर्ल्ड कप से पहले सीमित मुकाबले बचे हैं और ऐसे में हर खिलाड़ी को दबाव की स्थिति में परखना जरूरी है, ताकि सही कॉम्बिनेशन तैयार किया जा सके।
अर्शदीप ने तीसरे टी20 में की थी धमाकेदार वापसी
पहले दो मैच मिस करने के बाद अर्शदीप ने तीसरे T20 में शानदार वापसी की और चार ओवरों में 35 रन देकर तीन विकेट चटकाए थे। उन्होंने दो विकेट पावरप्ले में और एक अहम विकेट डेथ ओवर में लिया। इस प्रदर्शन के दम पर उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
मोर्कल ने कहा कि अर्शदीप टीम के लिए बेहद कीमती हैं और वह खुद भी समझते हैं कि बड़े टूर्नामेंटों से पहले टीम को अलग विकल्प देखने होंगे। उनकी समझदारी और टीम फर्स्ट एप्रोच की तारीफ करते हुए मोर्कल ने बताया कि वह हमेशा तैयार रहते हैं और मौका मिलते ही प्रभाव डालते हैं।
नीतिश कुमार रेड्डी की फिटनेस अपडेट
इस बीच टीम इंडिया को एक झटका नीतिश कुमार रेड्डी की फिटनेस को लेकर भी लगा। वह पहले तीन T20 मैचों से बाहर रहे, क्योंकि उन्हें दूसरे वनडे में लगी क्वाड्रिसेप्स चोट के बाद अब गर्दन में भी खिंचाव महसूस हुआ था। हालांकि, मोर्कल ने कहा कि नीतिश ने बैटिंग, फील्डिंग और बॉलिंग सभी ड्रील्स पूरे कर लिए हैं और मेडिकल टीम की रिपोर्ट के बाद ही उनके खेलने का फैसला लिया जाएगा।
बता दें कि, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा T20 मुकाबला कैरारा ओवल, क्वींसलैंड में खेला जाएगा। पांच मैचों की यह सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है, क्योंकि पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। दोनों ही टीमों का लक्ष्य बढ़त बनाना होगा और इस तरह यह मुकाबला काफी रोमांचक रहने की उम्मीद है।
ऑस्ट्रेलिया स्क्वॉड
टिम डेविड, मैथ्यू शॉर्ट, मिचेल मार्श (कप्तान), मिचेल ओवेन, मार्कस स्टोइनिस, जोश इंगलिस, जोश फिलिप, शॉन एबॉट, जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस, मैथ्यू कूनेमन, ग्लेन मैक्सवेल, एडम जम्पा, तनवीर संघा, महली बियर्डमैन।
भारत स्क्वॉड
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, जितेश शर्मा, संजू सैमसन, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, नीतिश कुमार रेड्डी।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

