महाराष्ट्र के युवा खिलाड़ी ऋतुराज गायकवाड़ को लंबे समय के बाद टीम इंडिया में मौका दिया गया है। वह लगभग दो साल बाद वनडे में वापसी करने में सफल रहे हैं। उनके लिए यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्हें लगातार रन बनाने के बाद भी नज़रअंदाज़ किया जाता रहा है और उन्हें मौका नहीं दिया जाता था।
गायकवाड़ के एक फेलियर पर ही उन्हें टीम से ड्रॉप कर दिया गया था। हालांकि इस बार घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाने और श्रेयस अय्यर व शुभमन गिल के चोटिल होने के चलते ऋतुराज को अवसर मिला है। कप्तान केएल राहुल की प्रेस कॉन्फ्रेंस और मैच सिमुलेशन के हिसाब से उन्हें रांची में होने वाले पहले वनडे में प्लेइंग इलेवन में जगह भी मिल सकती है। तो चलिए जानते हैं कि उनका लिस्ट A और वनडे क्रिकेट में प्रदर्शन कैसा रहा है।
गायकवाड़ का वनडे में रिकॉर्ड नहीं है खास

टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ ने साल 2022 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ ही लखनऊ में वनडे डेब्यू किया था। उस मैच में वह सिर्फ 3 रन ही बना पाए थे और अपना आखिरी मुकाबला भी अफ्रीका के खिलाफ 2023 में खेला था। एक साल के अंतराल में उन्हें 6 मैच खेलने का मौका मिला था जिसमें उन्होंने 19.16 की औसत से 115 रन बनाए थे और उस दौरान केवल एक अर्धशतक लगा पाए थे। उनका हाईएस्ट स्कोर 71 रन है।
लिस्ट A में ऋतुराज के आंकड़े हैं लाजवाब
ऋतुराज का रिकॉर्ड भले ही वनडे में अच्छा न हो, लेकिन लिस्ट A में उनके आंकड़े शानदार हैं। वनडे में उनके आंकड़े इसलिए भी अच्छे नहीं हैं, क्योंकि उन्हें कभी भी लगातार मौके नहीं मिले। लिस्ट A में उनकी जगह पक्की है और सैंपल साइज भी बड़ा है। गायकवाड़ ने लिस्ट A के 89 मैचों में 57.39 की औसत से 4534 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 17 शतक और 18 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 220 रन है।
लिस्ट A और वनडे रिकॉर्ड में जमीन-आसमान का अंतर
लिस्ट A में उनके आंकड़े वनडे के मुकाबले बिल्कुल विपरीत हैं। अगर लिस्ट A के आंकड़ों की बात की जाए, तो गायकवाड़ का औसत सबसे बेहतरीन है। वह विराट कोहली से भी ऊपर आते हैं, जो यह दिखाता है कि उनके पास पोटेंशियल है, बस मौके मिलने की देर है। इस बार वह बेहतरीन फॉर्म में हैं और यही समय है कि उन्हें जो भी मौका मिले वह उसे दोनों हाथों से भुनाएं और रन बनाएं ताकि इंडियन सेटअप के आसपास बने रहें।

