ईशान किशन के ऐतिहासिक शतक और रिकॉर्ड साझेदारी की बदौलत झारखंड ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी फाइनल में हरियाणा के सामने पहाड़ जैसा लक्ष्य खड़ा किया।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल में झारखंड और हरियाणा की टीमें पुणे में आमने-सामने थीं, जहां ईशान किशन के बल्ले ने मुकाबले का पूरा रंग बदल दिया। हरियाणा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय उनके लिए भारी पड़ता नजर आया, क्योंकि झारखंड के कप्तान ने शुरू से ही आक्रामक तेवर दिखाए।
ईशान किशन का रिकॉर्डतोड़ शतक, जो इतिहास बन गया
झारखंड के कप्तान ईशान किशन ने 49 गेंदों में 101 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। इस शतक के साथ वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में फाइनल मुकाबले में शतक लगाने वाले पहले कप्तान बन गए। इससे पहले SMAT फाइनल में सबसे बड़ी पारी रजत पाटीदार ने 2024 में खेली थी, जब उन्होंने मुंबई के खिलाफ 81* रन बनाए थे।
कुमार कुशाग्र के साथ ईशान ने की रिकॉर्ड साझेदारी
ईशान किशन ने दूसरे विकेट के लिए कुमार कुशाग्र के साथ मिलकर 177 रनों की शानदार साझेदारी की। यह साझेदारी झारखंड के लिए किसी भी टी20 मुकाबले में अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है। कुमार कुशाग्र ने भी 38 गेंदों में 81 रन बनाकर कप्तान का भरपूर साथ दिया, जिससे हरियाणा के गेंदबाज लगातार दबाव में नजर आए।
झारखंड ने बनाया सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर
ईशान किशन और कुमार कुशाग्र की इस साझेदारी के बाद अनुकूल रॉय और रॉबिन मिन्ज ने तेजी से रन जोड़ते हुए झारखंड को 20 ओवर में 262 रन तक पहुंचा दिया। यह स्कोर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी फाइनल में अब तक का सबसे बड़ा टोटल है
झारखंड के लिए सबसे ज्यादा छक्कों का नया रिकॉर्ड भी ईशान किशन के नाम हुआ दर्ज
इस मैच के दौरान ईशान किशन ने झारखंड के लिए टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। अब उनके नाम 94 छक्के दर्ज हैं, जिससे उन्होंने विराट सिंह के 83 छक्कों के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। ईशान ने इस मैच में 10 छक्के लगाए।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

