ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज टेस्ट बल्लेबाज और कप्तान स्टीव स्मिथ का इस फॉर्मेट में रिकॉर्ड काफी शानदार है। उन्होंने दुनिया के हर जगह पर अपने बल्ले का जौहर दिखाते हुए न सिर्फ शतक लगाए हैं, बल्कि मैच जिताने में भी अहम भूमिका निभाई है। इन दिनों ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज खेली जा रही है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने घर में खेली जा रही सीरीज में 3-1 से आगे चल रही है और आखिरी मैच सिडनी में खेला जा रहा है। एशेज में अब तक भले ही ऑस्ट्रेलियाई टीम जीत दर्ज कर रही हो, लेकिन स्टीव स्मिथ के लिए यह सीरीज अच्छी नहीं जा रही थी, क्योंकि उनके बल्ले से रन नहीं आ रहे थे। लेकिन आखिरी मैच में शतक लगाने के साथ उन्होंने एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है।
एशेज में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर आए स्मिथ

ऑस्ट्रेलिया के महानतम बल्लेबाजों में से एक स्टीव स्मिथ ने सिडनी में खेले जा रहे आखिरी टेस्ट मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक लगा दिया है। उन्होंने 166 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की और इसी के साथ वह एशेज में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के महानतम बल्लेबाज जैक हॉब्स को पीछे छोड़ दिया है।
स्मिथ के नाम अब एशेज में 13 शतक
हॉब्स के नाम एशेज में 12 शतक दर्ज थे, लेकिन अब स्मिथ उनसे आगे निकल गए हैं और उनके नाम 13 शतक हो गए हैं। हॉब्स ने अपने करियर में 12 शतक लगाने के साथ-साथ 15 अर्धशतक भी लगाए थे। अब एशेज में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के महानतम बल्लेबाज डॉन ब्रैडमैन के नाम पर है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 19 शतक लगाए थे।
अविश्वसनीय हैं स्टीव स्मिथ के एशेज में आंकड़े
स्टीव स्मिथ ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में 41 मैच खेले हैं, जिनकी 73 पारियों में 57.03 की औसत से 3756 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 13 शतक और 15 अर्धशतक भी निकले हैं। वह अब न सिर्फ एशेज में शतक के मामले में दूसरे नंबर पर हैं, बल्कि रन बनाने के मामले में भी दूसरे नंबर पर आते हैं। उनसे आगे उनके हमवतन डॉन ब्रैडमैन हैं।
एशेज में सबसे ज्यादा शतक
19 – Don Bradman
13 – Steve Smith*
12 – Jack Hobbs
10 – Steve Waugh
बतौर कप्तान शतक लगाने के मामले में चौथे नंबर पर आये स्मिथ
बतौर कप्तान भी स्टीव स्मिथ का रिकॉर्ड काफी शानदार हैं। उन्होंने जब जब कप्तानी संभाली हैं तब तब उनके बल्ले ने आग ऊगली हैं। कप्तान बनने के बाद वो एक्स्ट्रा रिस्पॉन्सिब्लिटी को एन्जॉय करते हैं और इसी के चलते वो टेस्ट में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने कप्तान रहते हुए टेस्ट में मात्र 76 पारियों में 18 शतक लगाए हैं।
टेस्ट में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा शतक
25 – ग्रीम स्मिथ (193 Inngs)
20 – विराट कोहली (113 Inngs)
19 – रिकी पोंटिंग (140 Inngs)
18 – स्टीव स्मिथ (76 Inngs)*
मजबूत स्थिति में ऑस्ट्रेलियाई टीम
खबर लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट के नुकसान पर 458 रन बना लिए थे और वह इंग्लैंड की पहली पारी के स्कोर से 75 रनों से आगे चल रही थी। कप्तान स्टीव स्मिथ नाबाद 107 और ऑलराउंडर ब्यू वेबस्टर नाबाद 8 रन बनाकर खेल रहे थे।

