BGMI (Battlegrounds Mobile India) के ऑनलाइन ईस्पोर्ट्स टूर्नामेंट्स में धोखाधड़ी और चीटिंग एक लंबे समय से चली आ रही चुनौती रही है। जब देशभर से हजारों टीमें ऑनलाइन मुकाबलों में भाग लेती हैं, तब सभी के लिए समान रखना आसान नहीं होता। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए Krafton India Esports ने BGIS 2026 से पहले एक नया एंटी-चीट समाधान लॉन्च किया है, जिसे BGMI FairPlay Shield App का नाम दिया जा रहा है।
BGMI FairPlay Shield App क्या है?
FairPlay Shield App एक आधिकारिक एंटी-चीट एप्लिकेशन है, जिसे विशेष रूप से BGIS 2026 के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह ऐप BGMI के साथ समन्वय में काम करता है और खिलाड़ियों की पहचान जांचने, डिवाइस पर नज़र रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को पहचानने में मदद करता है।
BGIS 2026 के ऑनलाइन राउंड्स में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों के लिए इस ऐप का उपयोग करना मेंडेटेरी होगा।
नए एंटी-चीट सिस्टम की ज़रूरत क्यों पड़ी?
अब तक BGMI के ऑनलाइन टूर्नामेंट्स में हैक्स, एमुलेटर यूज़ और अकाउंट शेयरिंग जैसी कई शिकायतें सामने आती रही हैं। Krafton ने पहले POV रिकॉर्डिंग, हैंडकैम और शुरुआती LAN राउंड्स जैसे उपाय अपनाए थे, लेकिन बड़े पैमाने पर आयोजित ऑनलाइन टूर्नामेंट्स में ये तरीके पूरी तरह कारगर साबित नहीं हो सके।
FairPlay Shield App का मुख्य उद्देश्य रियल-टाइम मॉनिटरिंग को मज़बूत बनाना है, ताकि टूर्नामेंट को पूरी तरह ऑफलाइन किए बिना भी निष्पक्षता बनाए रखी जा सके।
FairPlay Shield App कैसे इंस्टॉल करें?
खिलाड़ियों को अपने मोबाइल डिवाइस में सबसे पहले FairPlay Shield App डाउनलोड और इंस्टॉल करना होगा। यह ऐप Android के लिए Google Play Store और iOS के लिए Apple App Store पर उपलब्ध है। इसके आधिकारिक डाउनलोड लिंक Krafton द्वारा साझा किए गए हैं।
FairPlay Shield App कैसे काम करता है?
खिलाड़ी को ऐप में अपनी Krafton India Esports (KIE) ID से लॉगिन करना होगा। OTP के माध्यम से पहचान की पुष्टि की जाएगी। इसके बाद कैमरा एक्सेस, डिवाइस यूसेज एक्सेस और बैटरी ऑप्टिमाइजेशन से छूट जैसी आवश्यक अनुमतियाँ देनी होंगी।
सभी वेरिफिकेशन पूरे होने के बाद:
- टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ी का डिवाइस लॉक रहेगा।
- ऑनलाइन स्टेज में डिवाइस बदलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मैच से पहले अनिवार्य वेरिफिकेशन
हर आधिकारिक मुकाबले से पहले खिलाड़ियों को ऐप के अंदर एक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी, जिसमें शामिल हैं:
- सही मैच कोड का चयन
- पहचान पुष्टि के लिए सेल्फी
- डिवाइस स्कैन
वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद ही खिलाड़ी BGMI खोलकर मैच खेल सकेंगे। कुछ परिस्थितियों में मैच के दौरान दोबारा सेल्फी वेरिफिकेशन भी मांगा जा सकता है।
हैंडकैम और QR कोड सपोर्ट
FairPlay Shield App हैंडकैम वेरिफिकेशन को भी सपोर्ट करता है। टूर्नामेंट अधिकारियों द्वारा दिए गए QR कोड के ज़रिए यह सुनिश्चित किया जाता है कि खिलाड़ी किसी अन्य डिवाइस, एमुलेटर या गैर-कानूनी टूल का उपयोग न कर रहे हों। यह सिस्टम Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म्स पर प्रभावी रूप से काम करता है।

