सोफी डिवाइन ने अंतिम ओवर में 9 रन डिफेंड करके गुजरात को अहम जीत दिलाई।
वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेला गया WPL 2026 का Gujarat Giants Women vs Delhi Capitals Women (GG-W vs DC-W) मुकाबला आखिर तक दर्शकों की धड़कन बढ़ाता रहा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए Gujarat Giants Women ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 174 रन बनाए। यह स्कोर देखने में साधारण लग रहा था, लेकिन मैच आगे चलकर पूरी तरह फंसा हुआ साबित हुआ।
गुजरात के लिए Beth Mooney ने पारी को संभालते हुए 46 गेंदों पर 58 रन बनाए। उनके साथ Anushka Sharma ने 25 गेंदों में 39 रन जोड़कर रन रेट को गति दी। अंत में Tanuja Kanwar की 11 गेंदों पर 21 रन की तेज पारी ने गुजरात को 170 के पार पहुंचाया।
दिल्ली की शुरुआत डगमगाई, फिर बना जबरदस्त मुकाबला
175 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी Delhi Capitals Women की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पॉवरप्ले में विकेट गिरते रहे और एक समय दिल्ली पूरी तरह दबाव में दिख रही थी। एक समय दिल्ली का स्कोर 15 ओवरों में 105/6 था, लेकिन मिडिल ऑर्डर में युवा बल्लेबाज Niki Prasad और Sneh Rana ने मैच को दोबारा जिंदा कर दिया। दिल्ली को आखिरी 5 ओवरों में 70 रन चाहिए थे और यहीं से मुकाबला पूरी तरह पलट गया।
16 से 19 ओवर तक चला Niki Prasad और Sneh Rana का रन बरसाने का खेल
16वें ओवर के बाद से दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेल रहीं महिला अंडर-19 वर्ल्ड कप 2025 की विजेता कप्तान निकी प्रसाद और स्नेह राणा ने अपने हाथ खोल दिए। दोनों ने मिलकर अगले चार ओवरों में खूब रन बरसाए और 61 रन बटोरे।
इस दौरान 16वें ओवर में कप्तान Ashleigh Gardner ने 10 रन खर्च किए और दिल्ली को उम्मीद की किरण मिली। 17वें ओवर में जब गेंद Sophie Devine के हाथ में आई, तब दिल्ली ने 23 रन बटोर लिए और मैच गुजरात की पकड़ से लगभग निकलता दिखा। 18वें ओवर में तनुजा कंवर ने शानदार वापसी करते हुए सिर्फ 8 रन दिए। इसके बाद 19वें ओवर में फिर एश्ले गार्डनर आईं और 20 रन खर्च हो गए। अब हालात ऐसे थे कि दिल्ली को आखिरी ओवर में सिर्फ 9 रन चाहिए थे और उनके हाथ में विकेट भी थे।
आखिरी ओवर में सोफी डिवाइन ने फिर दिल्ली को एक बार किया चारो खाने चित्त
जब दबाव अपने चरम पर था, तब गेंद एक बार फिर सोफी डिवाइन को सौंपी गई, जो अपने पिछले ओवर में 23 रन खर्च कर चुकी थीं। दिल्ली को आखिरी 6 गेंदों में 9 रन चाहिए थे, लेकिन डिवाइन ने अनुभव और संयम का शानदार नमूना पेश किया। उन्होंने अंतिम ओवर में सिर्फ 5 रन दिए और 2 अहम विकेट भी झटके। इसी के चलते दिल्ली की पारी 171 रन पर थम गई और गुजरात जायंट्स ने मात्र 3 रनों से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।
हालांकि, यह पहली बार नहीं था जब सोफी डिवाइन ने अंतिम ओवर में गुजरात को जीत दिलाई हो। इसी सीजन नवी मुंबई में भी दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उन्होंने आखिरी ओवर में 6 रन डिफेंड किए थे। उस मैच में दिल्ली को 7 रन चाहिए थे, लेकिन डिवाइन ने सिर्फ 2 रन देकर 2 विकेट ले लिए थे और गुजरात ने 4 रन से जीत दर्ज की थी।
वडोदरा में भी कहानी लगभग वही रही। फर्क सिर्फ इतना था कि इस बार 9 रन डिफेंड करने थे और डिवाइन ने एक बार फिर दिखा दिया कि बड़े पल उन्हें ही क्यों सौंपे जाते हैं।
गुजरात के लिए प्लेऑफ की उम्मीदें मजबूत
इस जीत के साथ गुजरात जायंट्स को 2 अहम अंक मिले और अब वह 7 मैचों बाद 4 जीत के साथ 8 अंकों और -0.271 के नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह हार बेहद दर्दनाक रही, क्योंकि मैच उनके हाथ में आ चुका था, लेकिन अंतिम ओवर ने सारी कहानी बदल दी। इसी के चलते अब वह 6 अंकों और -0.164 के नेट रन रेट के साथ चौथे पर खिसक गई है। दोनों टीमों को अब एक-एक मुकाबले और खेलने हैं, जहां दोनों टीमों को जीत हासिल करना जरूरी रहेगा।
WPL 2026 से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

