World Boxing Championship: ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रही वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत की मीनाक्षी हुड्डा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। 48 किलोग्राम वर्ग में उन्होंने कोरिया की बाक चो-रोंग को 5-0 से हराया। वहीं अरुंधति चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन वापसी करते हुए तीन बार की विश्व कप पदक विजेता लियोनी मुलर को हराया। इस प्रतियोगिता में मीनाक्षी के साथ अंकुश फंगल, परवीन और नूपुर ने भी फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
भारत के अन्य बॉक्सर्स ने भी दिखाया दम
अंकुश फंगल (80 किग्रा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया के मार्लन सेवेहोन को 5-0 से हराया। वहीं नुपुर (80 किग्रा) ने यूक्रेन की मारिया लोवचिन्स्का को हराकर जीत हासिल की। परवीन (60 किग्रा) ने दिन का सबसे बड़ा चौंकाने वाला नतीजा दिया। उन्होंने पोलैंड की विश्व बॉक्सिंग कप की रजत पदक विजेता राइगेल्स्का अनेटा एल्जबिएटा को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराया और साबित किया कि उनका रिंग पर मजबूत नियंत्रण है।
2024 के बाद अरुंधति चौधरी की जोरदार वापसी
पूर्व विश्व चैंपियन अरुंधति लगभग डेढ़ साल बाद किसी प्रतियोगिता में उतरीं और शुरू के दोनों राउंड में बेहद आक्रामक खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की। दूसरे राउंड में उन्होंने जर्मनी की खिलाड़ी को मुकाबले से बाहर कर दिया। अरुंधति ने कहा कि वह लंबे समय बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लौटी हैं, और आरएससी जीत के साथ वापसी करके बहुत खुश हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआत में वह थोड़ी घबराई हुई थीं, क्योंकि उनका पिछला अंतरराष्ट्रीय मैच पेरिस ओलंपिक 2024 क्वालीफायर में हार के साथ खत्म हुआ था, जिसके बाद उनकी कलाई की सर्जरी भी हुई थी।
वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में आगे देखने को मिलेंगे रोमांचक मुकाबले
प्रीति (54 किग्रा) को फाइनल में जगह बनाने के लिए ओलंपिक पदक विजेता और तीन बार की विश्व चैंपियन हुआंग सियाओ-वेन जैसी मजबूत प्रतिद्वंद्वी का सामना करना होगा। स्वीटी बूरा (75 किग्रा) भी फाइनल में पहुंचने के लिए ऑस्ट्रेलिया की एम्मा-सू ग्रीट्री से भिड़ेंगी। इसके अलावा नरेंद्र और नवीन भी फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेंगे। वहीं अभिनाश जामवाल अपने अभियान की शुरुआत यूक्रेन के एल्विन अलीयेव के खिलाफ मुकाबले से करेंगे।

