How to Become a Professional Cricketer in India: भारत में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं बल्कि जुनून है। हर गली, मोहल्ले और मैदान में बच्चे बल्ला-गेंद लेकर बड़े सपने देखते हैं। उनमें से बहुत से लोग यही सोचते हैं कि वे भी एक दिन विराट कोहली, रोहित शर्मा या जसप्रीत बुमराह की तरह भारतीय टीम का हिस्सा बनेंगे। लेकिन प्रोफेशनल क्रिकेटर बनना सिर्फ खेलना भर नहीं है, इसके लिए मेहनत के साथ-साथ एक सही रास्ते और अनुशासन की भी जरूरत होती है।
अगर आप भी यह जानना चाहते हैं कि भारत में प्रोफेशनल क्रिकेटर कैसे बन सकते हैं, तो यह आर्टिकल आपके लिए पूरी जानकारी लेकर आया है। यहां हम आपको स्टेप बाय स्टेप बताएंगे कि क्रिकेट की शुरुआत कहां से करें, किन टूर्नामेंट्स में भाग लेना होता है और भारतीय टीम तक पहुंचने का क्या रास्ता होता है।
भारत में प्रोफेशनल क्रिकेटर बनने का स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस
1. कम उम्र से क्रिकेट की शुरुआत करें
अगर आप क्रिकेट को करियर बनाना चाहते हैं, तो इसकी शुरुआत कम उम्र से होना जरूरी है। लगभग 8 से 10 साल की उम्र वह समय होता है, जब बच्चे शारीरिक और मानसिक रूप से नई चीजें सीखने के लिए तैयार होते हैं। इस उम्र में आप खेल के बेसिक्स जैसे सही बल्लेबाजी स्टांस, गेंदबाजी एक्शन और फील्डिंग की तकनीक को बेहतर तरीके से सीख सकते हैं।
कम उम्र में शुरू करने का फायदा यह होता है कि आपके पास सीखने और अनुभव लेने के लिए ज्यादा समय होता है। इसके अलावा, कई राज्य और जिला स्तर की प्रतियोगिताएं अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग से शुरू होती हैं।
2. किसी मान्यता प्राप्त क्रिकेट एकेडमी में दाखिला लें
क्रिकेट की तकनीकी ट्रेनिंग के लिए किसी अच्छी और मान्यता प्राप्त क्रिकेट एकेडमी में दाखिला लेना जरूरी होता है। एकेडमी वह जगह होती है, जहां कोच आपको प्रोफेशनल तरीके से सिखाते हैं कि सही तरीके से कैसे बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग किया जाए।
अच्छी एकेडमी चुनते समय इन बातों का ध्यान रखें:
- कोचिंग स्टाफ BCCI या स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त हो
- नियमित नेट प्रैक्टिस और फिटनेस सेशन हों
- एकेडमी से राज्य या जिला स्तर पर खेलने के मौके मिलें
- टर्फ पिच और उचित सुविधाएं उपलब्ध हों।
3. स्कूल और कॉलेज से क्रिकेट खेलना शुरू करें
बहुत से खिलाड़ियों के करियर की शुरुआत उनके स्कूल या कॉलेज से होती है। अगर आप किसी ऐसे स्कूल में पढ़ते हैं जहां क्रिकेट की टीम है, तो वहां से भी अपने हुनर को दिखाने का मौका मिल सकता है। इसके अलावा, कई स्कूल टूर्नामेंट्स जैसे CBSE, ICSE और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं भी आयोजित होती हैं।
कॉलेज स्तर पर इंटर कॉलेज टूर्नामेंट्स और यूनिवर्सिटी टीम के लिए खेलना भी किसी युवा के करियर के लिए अहम पड़ाव होता है। कई बार खिलाड़ी यहां से सीधे राज्य की टीमों में जगह भी पा जाते हैं।
4. क्रिकेट एसोसिएशन से रजिस्ट्रेशन कराएं
अगर आप जिला या राज्य स्तर पर खेलना चाहते हैं, तो आपके पास अपनी लोकल क्रिकेट एसोसिएशन से मान्यता और रजिस्ट्रेशन होना जरूरी होता है। यही रजिस्ट्रेशन आपकी प्रोफेशनल पहचान का पहला स्टेप होता है।
इसके लिए आपको अपनी उम्र का प्रमाण पत्र, फिटनेस सर्टिफिकेट, स्कूल या कॉलेज की एनओसी जैसी औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ती हैं। रजिस्ट्रेशन के बाद ही आप ऑफिशियल मैचों में भाग ले सकते हैं।
5. जिला और राज्य स्तर की टीमों में चयन पाएं
प्रोफेशनल क्रिकेट की दिशा में जिला और फिर राज्य स्तर की टीमों में सिलेक्शन पाना पहला बड़ा कदम होता है। इसके लिए आपको BCCI से मान्यता प्राप्त स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के तहत आयोजित होने वाले ट्रायल्स में भाग लेना होता है।
भारत में हर राज्य की अपनी क्रिकेट एसोसिएशन होती है, जैसे मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA), दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA), तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TNCA), इत्यादि। ये एसोसिएशन हर साल अंडर-14, अंडर-16, अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर टीमों के लिए ट्रायल्स आयोजित करते हैं।
6. BCCI के घरेलू टूर्नामेंट्स में भाग लें
अगर आप स्टेट टीम का हिस्सा बन जाते हैं, तो आपके पास BCCI के आधिकारिक घरेलू टूर्नामेंट्स में खेलने का मौका होता है। बीसीसीआई वर्तमान समय में घरेलू स्तर पर कूच बिहार ट्रॉफी (U-19), कर्नल सी.के. नायडू ट्रॉफी (U-23), रणजी ट्रॉफी (सीनियर), विजय हज़ारे ट्रॉफी (वनडे फॉर्मेट) और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (टी20 फॉर्मेट) जैसे टूर्नामेंट्स का आयोजन कराती है। इन्हीं टूर्नामेंट्स के प्रदर्शन के आधार पर IPL और फिर भारतीय टीम तक पहुंचने का रास्ता बनता है।
7. प्रदर्शन बनाए रखें और लगातार सुधार करें
हर स्तर पर आगे बढ़ने के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन बेहद जरूरी है। चाहे आप अंडर-16 खेल रहे हों या रणजी ट्रॉफी, अगर आपने लगातार रन बनाए या विकेट लिए हैं, तो चयनकर्ताओं की नजर आप पर जरूर जाएगी।
इसके लिए जरूरी है कि आप हर मैच को गंभीरता से लें, तकनीकी और मानसिक दोनों पहलुओं पर काम करें, फिटनेस बनाए रखें और चोटों से बचें और वीडियो एनालिसिस और कोचिंग से सुधार करते रहें।
8. IPL जैसे बड़े प्लेटफॉर्म तक पहुंचने की कोशिश करें
अगर आप घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो आपके लिए IPL जैसे बड़े मंच का रास्ता खुलता है। IPL फ्रेंचाइजियां घरेलू टूर्नामेंट्स में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखती हैं और कई बार नए चेहरे सीधे ऑक्शन में खरीदे जाते हैं या रिप्लेसमेंट के रूप में या नेट बॉलर के तौर पर बुलाए जाते हैं।
IPL में खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करके राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय चयनकर्ताओं की नजरों में आ जाता है। आईपीएल ने ही युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, तिलक वर्मा, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, ऋतुराज गायकवाड़ जैसे कई खिलाड़ियों को टीम इंडिया के लिए खेलने का मंच दिया है।
9. इंडिया A टीम और इमर्जिंग टीम का हिस्सा बनें
BCCI के चयनकर्ता घरेलू क्रिकेट और IPL में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखते हैं। अगर आपने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है तो आपको इंडिया A टीम, इमर्जिंग टीम या किसी विदेशी दौरे पर जाने वाली टीम में शामिल किया जा सकता है। इंडिया A टीम तक पहुंचने के बाद अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी के लिए भारतीय टीम का दरवाजा काफी हद तक खुल जाता है।
10. भारतीय टीम में जगह बनाएं
इंडिया A या IPL जैसे बड़े मंच पर अच्छा प्रदर्शन करने के बाद राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की नजर आप पर होगी। फिर एक समय ऐसा भी आएगा, जब आपको टीम इंडिया की जर्सी पहनने का मौका मिलेगा। लेकिन यहां तक पहुंचने के लिए हर स्टेप पर कठिन मेहनत, अनुशासन और लगातार अच्छे प्रदर्शन की जरूरत होती है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)
1. भारत में क्रिकेटर बनने के लिए न्यूनतम उम्र क्या होनी चाहिए?
आमतौर पर 8 से 10 साल की उम्र से क्रिकेट की ट्रेनिंग शुरू कर देना बेहतर होता है। इस उम्र में तकनीक और फिटनेस दोनों पर जल्दी काम किया जा सकता है।
2. क्या बिना एकेडमी के प्रोफेशनल क्रिकेटर बना जा सकता है?
हाँ संभव है, लेकिन क्रिकेट एकेडमी से ट्रेनिंग लेने से टेक्निक मजबूत होती है और BCCI टूर्नामेंट्स तक पहुंचने का रास्ता आसान होता है।
3. क्रिकेट एकेडमी में दाखिला लेने के लिए क्या योग्यता चाहिए?
इसके लिए किसी विशेष शैक्षणिक योग्यता नहीं होती, लेकिन खिलाड़ी को फिटनेस, अनुशासन और नियमित अभ्यास के लिए तैयार रहना चाहिए। कुछ क्रिकेट एकेडमी ट्रायल के आधार पर भी खिलाड़ियों का चयन करती हैं।
4. IPL में सिलेक्शन कैसे होता है?
घरेलू क्रिकेट, रणजी ट्रॉफी, विजय हज़ारे या सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में प्रदर्शन के आधार पर IPL में सिलेक्शन होता है। इसके अलावा, फ्रेंचाइजियां ऑक्शन समाप्त होने के बाद भी खिलाड़ियों को रिप्लेसमेंट या नेट बॉलर के तौर पर भी बुलाती हैं।
5. भारतीय क्रिकेट टीम में जगह पाने में कितना समय लगता है?
यह खिलाड़ी के प्रदर्शन और उसकी फॉर्म पर निर्भर करता है। कुछ खिलाड़ी 3-4 साल में टीम इंडिया में पहुंच जाते हैं, जबकि कुछ को 6-8 साल लग सकते हैं। इसके लिए जरूरी है कि हर स्तर पर खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन जारी रहे।
खेल जगत में करियर से जुड़े लेटेस्ट अपडेट्स के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

