भारतीय महिला टीम ने घर में हुए वर्ल्ड कप को जीतकर सभी फैंस को जश्न का मौका दिया था। हालांकि अब इस टूर्नामेंट के बाद सभी की निगाहें वीमेंस प्रीमियर लीग के ऊपर टिकी हुई हैं, जो कि 27 नवंबर को होना है। यह ऑक्शन इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह पहला मौका है जब इस लीग की शुरुआत के बाद मेगा ऑक्शन हो रहा है।
वीमेंस प्रीमियर लीग के इस सीजन में कई बड़े चेहरे ऑक्शन में हैं। बहुत से वर्ल्ड कप विनर भी ऑक्शन का हिस्सा हैं। इस बार लीग को काफी बारीकी से देखा जाएगा। तो चलिए जानते हैं कि 2026 के डब्ल्यूपीएल में कौन सी ऐसी 3 खिलाड़ी हो सकती हैं जिनके ऊपर हाईएस्ट बिडिंग हो सकती है।
वीमेंस प्रीमियर लीग में इन 3 खिलाड़ियों पर लग सकती है सबसे ज्यादा बोली
1. प्रतिका रावल (Pratika Rawal)

प्रतिका रावल ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपनी छाप छोड़ी थी और उसके बाद उन्हें टैलेंट के चलते टीम इंडिया में खेलने का मौका भी मिल गया। जिसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा है।
प्रतिका रावल ने इस साल घर में हुए वर्ल्ड कप में काफी शानदार पारियां खेलकर टीम इंडिया को जिताने में मदद की थी। हालांकि नॉकआउट से पहले वो चोटिल हो गई थीं, लेकिन उसके पहले उन्होंने अपनी टीम को वहां तक पहुंचाने में मदद की थी। ओपनर बल्लेबाज ने इस टूर्नामेंट में 51.33 की औसत से 308 रन बनाए थे।
दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर उन्हें टीम में लेने का प्रयास करेंगी, क्योंकि उनके पास ओपनिंग बल्लेबाज नहीं हैं। प्रतिका और स्मृति की जोड़ी काफी जमती भी है और दोनों टीम इंडिया के लिए ओपन करती हैं और डब्ल्यूपीएल में भी ओपन कर सकती हैं।
2. दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma)

टीम इंडिया की धाकड़ ऑलराउंडर को भी इस मेगा ऑक्शन के पहले रिलीज कर दिया गया है। उन्होंने घर में हुए वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का ख़िताब जीता था। इस ऑक्शन में कई ऐसी टीमें हैं जिन्हें ऑलराउंडर की जरूरत है और दीप्ति उस रोल में बिल्कुल फिट बैठती हैं।
दीप्ति न सिर्फ गेंद से बल्कि अब तो बल्ले से भी मैच पलटने का दम रखती हैं। इस वर्ल्ड कप में उन्होंने यह करके भी दिखाया था। गुजरात और दिल्ली की टीम को मिडिल ऑर्डर में अच्छे ऑलराउंडर की तलाश है और वे उन्हें टीम में शामिल करने का प्रयास करेंगी। दीप्ति के आने से टीम को एक अनुभवी खिलाड़ी मिलेगा और एक फिनिशर भी, जो इस लीग में बहुत रेयर है।
3. श्री चरनी (Shree Charani)

वीमेंस वर्ल्ड कप में भारत की गेंदबाजी सेंसेशन रही श्री चरनी के ऊपर भी काफी सारी फ्रैंचाइज़ी इंट्रेस्टेड रहेंगी। क्योंकि वो एक तो युवा हैं और ऊपर से इस समय अपने करियर के सबसे बेहतरीन दौर से गुजर रही हैं।
गुजरात और दिल्ली की टीम उनके लिए बिडिंग कर सकती हैं। दोनों ही टीमों को पिछले सीजन पावरप्ले में विकेट के लिए तरसना पड़ रहा था और उनके आने से इन टीमों की यह समस्या खत्म हो जाएगी। मुंबई इंडियंस भी इस ऑक्शन में उनके ऊपर बोली लगाना चाहेगी। वे युवा खिलाड़ियों पर हमेशा निवेश करती हैं और उनके वर्ल्ड कप में प्रदर्शन को देखते हुए वो उन्हें फ्यूचर स्टार के रूप में ले सकती हैं।

