ICC world cup indian Captains: भारतीय क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार विजेता बनी है। इस सफलता के पीछे कप्तान सूर्यकुमार यादव का अहम योगदान है। टी20 कप्तान के रूप में सूर्या ने टीम का अच्छा नेतृत्व किया है। उनकी कप्तानी में टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया और अपना नाम उन चुनिंदा भारतीय कप्तानों की सूची में शामिल कर लिया है, जिन्होंने अपनी अगुवाई में टीम को ICC के बड़े टूर्नामेंट के फाइनल तक पहुँचाया। इस आर्टिकल में हम आपको ऐसे ही 5 भारतीय कप्तानों के बारे में बताएंगे, जिन्होंने टीम इंडिया की कमान वर्ल्ड कप में संभाली है।
5. कपिल देव (1983 वनडे वर्ल्ड कप)
भारतीय क्रिकेट के स्वर्णिम युग की शुरुआत कप्तान कपिल देव की अगुवाई में हुई थी। उनकी कप्तानी में भारत पहली बार वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुँचा था। इस टूर्नामेंट में जिम्बाब्वे के खिलाफ कपिल देव ने 175 रन की यादगार नाबाद पारी खेली, जिसने टीम को टूर्नामेंट से बाहर होने से बचा लिया। 1983 के फाइनल में भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर उस मजबूत और अजेय मानी जाने वाली टीम को मात दी और अपना पहला वर्ल्ड कप खिताब जीता।
4. सौरव गांगुली (2003 वनडे वर्ल्ड कप)
सौरव गांगुली ने भारतीय टीम को विदेशी मैदानों पर जीतने की मानसिकता दी और विदेशों में दबदबा कायम करना सिखाया। उनकी कप्तानी में भारत ने करीब 20 साल बाद वर्ल्ड कप के फाइनल तक का सफर तय किया। 2003 का वर्ल्ड कप, जो दक्षिण अफ्रीका में खेला गया था, उसमें भारत फाइनल तक पहुँचा, लेकिन खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा। उस टूर्नामेंट में गांगुली के बल्ले से तीन शतक आए।
3. सूर्यकुमार यादव (2026 टी20 वर्ल्ड कप)
इस लिस्ट में सबसे नया नाम सूर्यकुमार यादव का है। रोहित शर्मा के टी20 वर्ल्ड कप से रिटायर होने के बाद सूर्या ने टीम की कमान संभाली और अपने पहले ही बड़े टूर्नामेंट में भारत को फाइनल तक पहुँचा दिया।
2026 टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की कमान संभालते हुए भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया। इसके साथ ही टीम इंडिया लगातार दूसरे टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुँची और उनकी कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब भी अपने नाम किया।
2. रोहित शर्मा (2023 वनडे, 2024 टी20)
रोहित शर्मा ने भारतीय टीम को आक्रामक और निडर अंदाज में खेलने वाली टीम बनाया और युवा चेहरों को मौका देकर एक मजबूत टीम तैयार की। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम लगातार दो बड़े ICC टूर्नामेंट के फाइनल तक पहुँची। 2023 वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया और बिना कोई मैच हारे फाइनल में जगह बनाई, लेकिन इस बार ऑस्ट्रेलिया की टीम चैंपियन बनी। इसके बाद 2024 टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
1. एम.एस. धोनी (2007 टी20, 2011 वनडे, 2014 टी20)
महेंद्र सिंह धोनी भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। धोनी अकेले ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने टीम इंडिया को तीन अलग-अलग वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुँचाया है। दो बार टी20 और एक बार वनडे वर्ल्ड कप में। उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 में खेला गया पहला टी20 वर्ल्ड कप और 2011 का वनडे वर्ल्ड कप जीता। इसके अलावा 2014 के टी20 वर्ल्ड कप में भी भारतीय टीम उनकी अगुवाई में फाइनल तक पहुँचने में सफल रही। साल 2014 में श्रीलंका की टीम विजेता बनी थी।







