5 Nightwatchman Who Have Scored Centuries in Test Cricket
टेस्ट क्रिकेट में अक्सर आपने नाइटवॉचमैन शब्द जरुर सुना होगा, जिसके बाद आपके दिमाग में इसको लेकर सवाल जरुर आता है। दरअसल, नाइटवॉचमैन वह होता है जो बल्लेबाजी के मामले में कमजोर रहता है और वह पेशे से गेंदबाज होता है। हालाँकि, पहले के समय में विकेटकीपर को मूलतः अच्छा बल्लेबाज नहीं माना जाता था, जिसके चलते कई बार उन्हें नाइटवॉचमैन के रूप में बल्लेबाजी करने के लिए भेजा जाता था।
नाइटवॉचमैन का इस्तेमाल तब किया जाता है, जब कोई टीम शाम के समय अंतिम ओवरों में बल्लेबाजी कर रही हो और उसका एक बल्लेबाज आउट हो जाए, ऐसी स्थिति में अछे बल्लेबाज का विकेट बचाकर रखने के लिए टीम के एक ऐसे खिलाड़ी को बल्लेबाजी करने के लिए भेजा जाता है, जो कुछ ओवर खेल सके, ताकि उस दिन का खेल समाप्त होने तक किसी अच्छे बल्लेबाज का विकेट बच सके।
टेस्ट क्रिकेट इतिहास में नाइटवॉचमैन को अक्सर अपनी टीम के लिए बल्लेबाजी में अच्छा योगदान देते हुए देखा गया है। कई नाइटवॉचमैन ने अर्धशतक या शतक लगाकर अपनी टीम को काफी फायदा पहुंचाने का भी काम किया है। टेस्ट क्रिकेट में अब तक 5 नाइटवॉचमैन शतक भी लगा चुके हैं, जिसमें से एक ने दोहरा शतक भी जड़ा है। यहाँ हम आपको उन 5 नाइटवॉचमैन के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाया है।
ये हैं वो 5 नाइटवॉचमैन जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में लगाया है शतक
5. नसीम-उल-गनी (Nasim-ul-Ghani)

पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर नसीम-उल-गनी (Nasim-ul-Ghani) ने साल 1962 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स खेले गए मुकाबले की दूसरी पारी में नाइटवॉचमैन के रूप में बल्लेबाजी करते हुए 101 रन बनाए थे। हालाँकि, उस मुकाबले में पाकिस्तान को 9 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
4. सैयद किरमानी (Syed Kirmani)

भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज सैयद किरमानी (Syed Kirmani) साल 1979 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए एक टेस्ट मैच की पहली पारी में नाइटवॉचमैन के रूप में बल्लेबाजी करने उतरे थे। उन्होंने उस मुकाबले की पहली पारी में 206 गेंदों पर 101 रनों की पारी खेली थी। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत भारत ने 458/8 पर पारी घोषित कर दी थी। भारत ने वह मुकाबला एक पारी और 100 रनों से जीत लिया था।
3. टोनी मान (Tony Mann)
टोनी मान के नाम से मशहूर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिनर एंथनी लॉन्गफ़ोर्ड मान ने साल 1977 में भारत के खिलाफ पर्थ में खेले गए मुकाबले की दूसरी पारी में नाइटवॉचमैन के रूप में बल्लेबाजी की थी। उन्होंने उस पारी में 165 गेंदों पर 105 रन बनाए थे, जिसकी बदौलत ऑस्ट्रेलिया को 2 विकेट से जीत हासिल हुई थी।
2. जेसन गिलस्पी (Jason Gillespie)

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज जेसन गिलस्पी (Jason Gillespie) टेस्ट क्रिकेट इतिहास के इकलौते ऐसे नाइटवॉचमैन हैं, जिन्होंने दोहरा शतक जड़ा है। गिलस्पी साल 2006 में चट्टोग्राम में खेले गए एक टेस्ट मैच में नाइटवॉचमैन के रूप में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे। उन्होंने उस मुकाबले की पहली पारी में 425 गेंदों पर 201* रनों की पारी खेली थी। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 581/4 पर पारी घोषित कर दी थी। ऑस्ट्रेलिया ने यह मुकाबला एक पारी और 80 रनों से जीत लिया था।
1. मार्क बाउचर (Mark Boucher) (2)

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विकेटकीपर मार्क बाउचर (Mark Boucher) बल्लेबाज टेस्ट क्रिकेट इतिहास में इकलौते ऐसे नाइटवॉचमैन हैं, जिन्होंने दो शतक लगाए हैं। उन्होनें साल 1999 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हरारे में खेले गए मुकाबले में 236 गेंदों पर 125 रनों की शानदार पारी खेली थी। इसके बाद दिसम्बर 1999 में नाइटवॉचमैन के रूप में उन्होंने दूसरी पारी में 220 गेंदों पर 108 रन बनाए थे।

