ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फ़रवरी से भारत और श्रीलंका की मेजबानी में किया जाना है। इस टूर्नामेंट को लेकर क्रिकेट फ़ैंस के बीच काफ़ी उत्साह होने वाला है। इस बार विश्व कप में बहुत से नए चेहरे देखने को नज़र आएंगे। कुछ ऐसे भी खिलाड़ी हैं, जिन्होंने एक नहीं बल्कि दो देशों के लिए टी20 वर्ल्ड कप खेला है। इस आर्टिकल में हम आपको ऐसे 5 खिलाड़ियों के बारे में बताएंगे, जिन्होंने दो टीमों के लिए वर्ल्ड कप खेलने का मौका पाया है।
इन 5 खिलाड़ियों ने टी20 वर्ल्ड कप में दो देशों के लिए खेला है।
1. कोरी एंडरसन
कोरी एंडरसन एक वक्त न्यूज़ीलैंड की सीमित ओवरों की क्रिकेट टीम का मुख्य हिस्सा माने जाते थे। 2016 के टी20 वर्ल्ड कप में वह कीवी टीम का हिस्सा थे। बाद में उन्होंने अमेरिका की नागरिकता लेने का फैसला किया और फिलहाल USA की टीम से जुड़ गए। 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में एंडरसन अमेरिका के लिए खेलते नज़र आए थे। उनका इंटरनेशनल क्रिकेट का लंबा अनुभव USA क्रिकेट के लिए बेहद अहम माना जाता है।
2. वेन डर मिर्वे
41 साल के अनुभवी ऑलराउंडर वेन डर मिर्वे इस लिस्ट में सबसे उम्रदराज नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साउथ अफ्रीका टीम की तरफ से की थी और 2009 का टी20 वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका टीम के लिए खेला था। इसके बाद उन्होंने दूसरे देश की तरफ से खेलने का फैसला किया, जिसके बाद उनके करियर ने नया मोड़ लिया। उन्होंने नीदरलैंड्स टीम की तरफ से खेलते हुए 2022 और 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में इस टीम का प्रतिनिधित्व किया था। इनकी गिनती उन खिलाड़ियों में होती है, जिन्होंने एसोसिएट क्रिकेट को नया आयाम दिया है।
3. डर्क नैनेस
डर्क नैनेस ने 2009 में ऑस्ट्रेलिया टीम के लिए टी20 वर्ल्ड कप खेला था। इसके बाद उनके करियर में नया मोड़ आया, जिसके बाद वह नीदरलैंड्स टीम की ओर से खेलने लगे। इसके बाद वह 2010 और 2014 के टी20 वर्ल्ड कप में डच टीम का हिस्सा रहे।
4. मार्क चैपमैन
मार्क चैपमैन 2014 और 2016 के टी20 वर्ल्ड कप में हांगकांग टीम का हिस्सा थे। कुछ समय के बाद उन्होंने न्यूज़ीलैंड टीम के लिए खेलने की क्वालिफिकेशन हासिल की और 2021, 2022 और 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में कीवी टीम से खेल चुके हैं। इस वक्त वह न्यूज़ीलैंड के भरोसेमंद मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज़ों में से एक माने जाते हैं।
5. डेविड वीजे
डेविड वीजे का नाम आते ही छक्कों और तेज़तर्रार गेंदबाज़ी की याद फ़ैंस के ज़ेहन में आती है। उन्होंने 2016 का टी20 वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका की ओर से खेला था। इसके बाद उन्होंने नामीबिया की टीम की ओर से खेलने का फैसला लिया। 2021 और 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में नामीबिया के लिए खेलते हुए वीजे नज़र आए। डेविड नामीबिया क्रिकेट टीम का अहम चेहरा बन चुके हैं।

