एशिया कप 2025 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दुनिया भर के गेंदबाजों में खौफ पैदा करने वाले अभिषेक शर्मा ने अब आईसीसी टी20 रैंकिंग में भी नया इतिहास रच दिया है। अभिषेक ने अब वो रेटिंग हासिल कर ली है जो दुनिया का कोई भी बल्लेबाज़ पहले नहीं कर पाया। उन्होंने न सिर्फ़ नंबर एक स्थान हासिल किया है, बल्कि इतिहास भी रच दिया है।
बैटिंग रैंकिंग में नंबर 1 पर काबिज हैं अभिषेक शर्मा

एशिया कप के तुरंत बाद आईसीसी ने नई टी20 रैंकिंग जारी कर दी। अभिषेक शर्मा रैंकिंग में पहले स्थान पर बने हुए हैं। हालाँकि एशिया कप फ़ाइनल में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ वो सस्ते में आउट हो गए थे, फिर भी उनकी रेटिंग 926 है।
Also Read: ऑस्ट्रेलिया बनाम न्यूज़ीलैंड टी20 सीरीज फ्री में लाइव कहाँ और कैसे देखें?
इससे पहले सबसे ज़्यादा रेटिंग का रिकॉर्ड इंग्लैंड के डेविड मलान के नाम था। इंग्लैंड के इस बल्लेबाज़ की रेटिंग एक समय 919 तक पहुँच गई थी, लेकिन अभिषेक ने अब उन्हें पीछे छोड़ दिया है।
एशिया कप में किया था अभिषेक ने शानदार प्रदर्शन
एशिया कप के दौरान अभिषेक शर्मा ने लगातार तीन अर्धशतक लगाए थे, जिसके बाद उनकी रेटिंग 931 हो गई थी, लेकिन फाइनल में उनका बल्ला नहीं चला और वह सिर्फ पांच रन बनाकर आउट हो गए। इससे उनकी रेटिंग कम हुई है, हालाँकि अभी भी उनकी रेटिंग 926 है।
वहीं, दूसरे नंबर पर बल्लेबाज़ इंग्लैंड के फिल साल्ट हैं, जिनकी रेटिंग 844 है। पहले और दूसरे नंबर के बल्लेबाज़ों के बीच अच्छा अंतर है। इंग्लिश विकेटकीपर बल्लेबाज़ को अभिषेक को पीछे छोड़ने में काफी समय लग सकता है।
तिलक वर्मा को भी हुआ फायदा
तिलक वर्मा की रेटिंग भी इस बार बढ़ी है। तिलक ने एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 69 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी, जिसके बाद उनकी रेटिंग 819 पर पहुंच गई है। वह फिलहाल तीसरे स्थान पर हैं, हालाँकि उन्हें रेटिंग में ज़्यादा फ़ायदा नहीं हुआ है। इंग्लैंड के जोस बटलर 785 रेटिंग के साथ चौथे स्थान पर हैं।
ट्रैविस हेड को हुआ नुकसान
इस बीच, एशिया कप के दौरान भारत के खिलाफ लगाए गए ताबड़तोड़ शतक लगाने वाले पथुम निसंका को भी दो पायदान का फायदा हुआ है। उनकी रेटिंग अब 779 हो गई है। उनके आगे आने से ट्रैविस हेड को नुकसान हुआ है, वह एक स्थान गिरकर छठे स्थान पर आ गए हैं। अब उनकी रेटिंग 771 है।
भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का बल्ला उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा है जिसके लिए वह जाने जाते हैं, इसलिए उनकी रेटिंग और रैंकिंग में लगातार गिरावट आ रही है। सूर्या फिलहाल 698 रेटिंग के साथ आठवें नंबर पर हैं। इस बार वह दो स्थान नीचे खिसक गए हैं। श्रीलंका के कुसल परेरा दो स्थान ऊपर चढ़कर 692 रेटिंग के साथ नौवें नंबर पर पहुँच गए हैं।







