टीम इंडिया के दिग्गज ऑफ स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने पिछले साल के आखिरी में बॉर्डर गावस्कर टेस्ट सीरीज के दौरान इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उसके बाद उन्होंने आईपीएल से भी संन्यास ले लिया था और अब वो दुनियाभर की अन्य लीग में खेलते हुए दिखेंगे।
उनको हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में होने वाली बिग बैश लीग में सिडनी थंडर की टीम ने उन्हें साइन किया है। अब उसके साथ ही वो यूएई में होने वाली आईएलटी20 में भी उन्होंने अपना नाम ड्राफ्ट किया था। इस ऑक्शन में उनके साथ दुनियाभर के दिग्गज खिलाड़ी शाकिब अल हसन, जेसन रॉय भी शामिल हैं।
रविचंद्रन अश्विन ने दिया है ILT20 के ऑक्शन में नाम

इंटरनेशनल लीग टी20 में यह पहला मौका है जब इसमें ऑक्शन किया जा रहा है। इसके पहले वहां पर ड्राफ्ट सिस्टम के तहत खिलाड़ियों को साइन किया जाता था। रविचंद्रन अश्विन ने भी इस लीग में होने वाले ऑक्शन में अपना नाम दिया है। यहीं नहीं, उनके साथ 20 देशों के 300 से ज्यादा खिलाड़ियों ने अपना नाम नीलामी के लिए दिया है।
अश्विन के अलावा अंकित राजपूत और पियूष चावला ने भी ऑक्शन में दिया है नाम
रविचंद्रन अश्विन ने इंटरनेशनल लीग टी20 में अपना बेस प्राइस 1 लाख 20 हजार डॉलर रखा है। अश्विन ऐसे पहले भारतीय खिलाड़ी हैं जो इस लीग में खेलते हुए दिख सकते हैं। इसका ऑक्शन आज यानी 1 अक्टूबर को होना है। इसके अलावा बांग्लादेश के दिग्गज ऑलराउंडर शाकिब अल हसन भी शामिल हैं। 40,000 डॉलर कैटेगरी में उन्होंने अपना नाम दे रखा है।
रविचंद्रन अश्विन ही नहीं, बल्कि उनके साथ कुछ अन्य खिलाड़ियों ने भी इंटरनेशनल टी20 लीग के ऑक्शन में अपना नाम दिया है। उनके अलावा भारतीय खिलाड़ी प्रियांक पांचाल, अंकित राजपूत, पियूष चावला और सिद्धार्थ कॉल ने नीलामी के लिए रजिस्टर कर रखा है।
बीबीएल में सिडनी थंडर की टीम ने अश्विन को किया टीम में शामिल
रविचंद्रन अश्विन पहले ऐसे दिग्गज भारतीय खिलाड़ी हैं जो अन्य टी20 लीग में खेलते हुए दिख सकते हैं। उनको बीबीएल में सिडनी थंडर की टीम ने शामिल किया है। इस लीग की शुरुआत 14 दिसंबर से होनी है। उनके जुड़ने से सिडनी की टीम काफी मजबूत होगी।
वो ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज बल्लेबाज डेविड वार्नर की कप्तानी में खेलते हुए दिखेंगे। पिछले सीजन में डेविड वार्नर की कप्तानी में टीम फाइनल तक पहुँचाने में सफल हुई थी और उनका लक्ष्य ट्रॉफी जीतने का होगा। रविचंद्रन अश्विन के आने से टीम की गेंदबाजी और भी ज्यादा मजबूत हो जाएगी।







