Abhishek Sharma, Riyan Parag, Dhruv Jurel, Ravi Bishnoi, IND vs ZIM 1st T20I
भारत और जिम्बाब्वे के बीच (IND vs ZIM) 5 मैचों की T20I सीरीज का पहला मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में मेजबान जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 116 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत की ओर से डेब्यूटेंट अभिषेक शर्मा और कप्तान शुभमन गिल ने रन चेज में पारी की शुरुआत की है।
मैच के बारे में अधिक बात करें तो, भारतीय कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और मेजबान जिम्बाब्वे को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 9 विकेट खोकर 115 रन बनाए हैं और भारत के सामने 116 रनों का लक्ष्य रखा है।
भारतीय स्पिनर रवि बिश्नोई ने की शानदार गेंदबाजी

भारतीय स्पिनर रवि बिश्नोई ने इस मैच में सबसे अच्छी गेंदबाजी की और 4 ओवरों में मात्र 13 रन बनाते हुए 4 विकेट चटकाए। उनके अलावा, वाशिंगटन सुंदर ने 4 ओवरों में 11 रन खर्च करते हुए 2 विकेट, मुकेश कुमार ने 3 ओवरों में 17 रन खर्च करते हुए 1 विकेट और आवेश खान ने 4 ओवरों में 29 रन खर्च करते हुए 1 विकेट हासिल किए।
डेब्यू मैच में बिना खाता खोले ही पवेलियन लौटे अभिषेक शर्मा

116 रनों के मामूली से लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। अपना डेब्यू मैच खेल रहे सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। उनके आउट होने के कुछ देर बाद ऋतुराज गायकवाड़ (7) भी कुछ कमाल नहीं दिखा सके।
डेब्यूटेंट रियान पराग और ध्रुव जुरेल भी हुए सस्ते में आउट

आईपीएल 2024 में राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार प्रदर्शन करने के बाद रियान पराग को भारतीय टी20 टीम में शामिल किया गया था। उन्हें हरारे में खेले जा रहे पहले टी20 मैच में डेब्यू करने का भी मौका मिला। हालांकि, वह इस मैच में कुछ कमाल नहीं दिखा सके और सस्ते में ही विकेट गँवा बैठे। वह 3 गेंदों पर मात्र 2 रन बनाकर टेंडई चतारा की गेंद पर सब्स्टीट्यूट फील्डर ब्रैंडन मवुटा के हाथों कैच आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके अलावा, एक और डेब्यूटेंट ध्रुव जुरेल भी 14 गेंदों पर मात्र 6 रन बनाकर आउट हो गए।

खबर लिखे जाने तक, भारतीय टीम ने 10 ओवर समाप्त होने तक मात्र 43 के स्कोर पर 5 विकेट गँवा दिए हैं। इस दौरान, कप्तान शुभमन गिल 23 गेंदों पर 24 रन बनाकर और वाशिंगटन सुंदर 1 गेंद पर 0 रन बनाकर क्रीज पर खड़े हैं। इसके अलावा, अभिषेक शर्मा (0), ऋतुराज गायकवाड़ (9), रियान पराग (2), रिंकू सिंह (0) और ध्रुव जुरेल (6) पवेलियन लौट चुके हैं।

