टीम इंडिया के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने अपने होम ग्राउंड में खेले गए मैच में यह कीर्तिमान रचा है। भले ही टीम इंडिया को इस मैच में हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन उनके लिए यह मैच यादगार बन गया है। उनसे पहले यह कारनामा फुल मेंबर नेशन में सिर्फ एक खिलाड़ी कर पाया है। तो चलिए जानते हैं कि क्या है वो रिकॉर्ड?
अभिषेक ने एक कैलेंडर ईयर में लगाए 50 छक्के

दरअसल अभिषेक शर्मा साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे मैच में 8 गेंदों में 2 छक्कों की मदद से 17 रन बनाए। वो एक कैलेंडर ईयर में 50 छक्के लगाने वाले फुल मेंबर नेशन के सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने किया था। उन्होंने साल 2022 में 31 मैचों में 68 छक्के लगाए थे। उस साल भारतीय कप्तान ने 46.56 की औसत से 1164 रन बनाए थे। सूर्या एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं।
अभिषेक ने 19 मैचों में ही जड़े 50 छक्के
अभिषेक ने इस साल इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। उन्होंने 19 मैचों में ही 50 छक्के जड़ दिए हैं और अभी इस साल 3 मैच बचे हुए हैं। भारतीय ओपनर अभी भी इस टैली को और आगे बढ़ा सकते हैं। शर्मा ने 19 मैचों में 43.88 की औसत से 790 रन बना डाले हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 5 अर्धशतक और 1 शतक निकला है।
करणबीर सिंह के नाम है एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के मारने का रिकॉर्ड
एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रिया के बल्लेबाज करणबीर सिंह के नाम पर है। उन्होंने यह रिकॉर्ड इसी साल बनाया है। करणबीर ने इस साल खेले 32 मैचों में 122 छक्के लगाए हैं, जो कि अन्य बल्लेबाजों की तुलना में बहुत ज्यादा हैं और उनका यह रिकॉर्ड लंबे समय तक बना रहने वाला है। उन्होंने इस साल खेली 32 पारियों में 51.31 की औसत से 1488 रन बनाए हैं। इसी बीच उनके बल्ले से 13 अर्धशतक और 2 शतक निकले हैं। करण का स्ट्राइक रेट 175 का रहा है, जो कि अपने आप में काफी शानदार है।

