अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने श्रीलंका के खिलाफ व्हाइट बॉल सीरीज से पहले इब्राहिम जादरान को टी20 टीम का नया कप्तान घोषित किया।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट टीम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली व्हाइट बॉल सीरीज के लिए टीम का ऐलान करते हुए इब्राहिम जादरान (Ibrahim Zadran) को टी20 टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है।
इस फैसले के साथ ही स्टार स्पिनर राशिद खान (Rashid Khan) को टी20 कप्तानी से हटा दिया गया है। बोर्ड ने बताया कि यह फैसला टीम मैनेजमेंट में हुए हालिया बदलाव और भविष्य की रणनीति को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
टीम मैनेजमेंट में बदलाव के बाद लिया गया फैसला
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुख्य चयनकर्ता अहमद शाह सुलिमानखिल ने बताया कि टीम के लंबे समय के विजन को ध्यान में रखते हुए टी20 टीम की कप्तानी में बदलाव किया गया है। हाल ही में टीम के हेड कोच पद पर भी बदलाव हुआ है, जिसके बाद टीम एक नए चरण की शुरुआत करना चाहती है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं करने के बाद चयनकर्ताओं ने टीम कॉम्बिनेशन में भी कुछ बदलाव किए हैं। कई खिलाड़ियों को बाहर किया गया है, जबकि कुछ नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया है।
टी20 स्क्वाड में नए खिलाड़ियों को मिला मौका
टी20 टीम में टॉप ऑर्डर विकेटकीपर बल्लेबाज नूर रहमान को शामिल किया गया है। इसके अलावा लेफ्ट आर्म स्पिन ऑलराउंडर शराफुद्दीन अशरफ और तेज गेंदबाज फरीद अहमद मलिक को भी टीम में जगह मिली है।
कुछ खिलाड़ी जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम का हिस्सा थे, उन्हें इस बार स्क्वाड में शामिल नहीं किया गया है। इनमें फजलहक फारूकी, गुलबदीन नाइब और विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद इशाक का नाम शामिल है।
वनडे टीम में भी दिखे कुछ बदलाव
श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए हशमतुल्लाह शाहिदी को टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि रहमत शाह उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे।
तेज गेंदबाज फरीद अहमद मलिक की वनडे टीम में वापसी हुई है, जबकि जिया उर रहमान शरीफी को पहली बार वनडे स्क्वाड में मौका दिया गया है। इसके अलावा तेज गेंदबाज बिलाल सामी ने बांग्लादेश के खिलाफ पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन किया था, जिसके चलते उन्हें भी वनडे टीम में बरकरार रखा गया है।
श्रीलंका सीरीज के लिए अफगानिस्तान का स्क्वाड
टी20 स्क्वाड: इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), नूर रहमान (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अतल, दारविश रसूली, शाहिदुल्लाह कमाल, अजमतुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, शराफुद्दीन अशरफ, राशिद खान, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद अहमद मलिक, अब्दुल्लाह अहमदजई।
वनडे स्क्वाड: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमत शाह (उपकप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सदीकुल्लाह अतल, दारविश रसूली, अजमतुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नंगयाल खरोटी, अल्लाह मोहम्मद गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद अहमद मलिक, बिलाल सामी।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







