इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने ब्रिसबेन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में शतक लगाकर कई बड़ी उपलब्धियाँ अपने नाम की।
एशेज 2025 का दूसरा टेस्ट ब्रिस्बेन में एक शानदार उतार-चढ़ाव के साथ शुरू हुआ। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी का फैसला जरूर किया, लेकिन टीम ने शुरुआती झटकों के कारण खुद को मुश्किल में पाया। हालांकि, परिस्थितियों के बीच एक ऐसा बल्लेबाज डटा रहा, जिसने न सिर्फ टीम को संभाला, बल्कि मैच की दिशा भी बदल दी।
वह बल्लेबाज थे जो रूट, जिन्होंने अपने करियर का एक यादगार दिन बनाया। रूट ने न सिर्फ ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर अपना पहला टेस्ट शतक जड़ा, बल्कि मैच की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच इंग्लैंड को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उनकी यह पारी इंग्लैंड की उम्मीदों को फिर से जीवित कर गई।
इंग्लैंड की पारी में उतार-चढ़ाव भरी शुरुआत
इंग्लैंड की पारी बिलकुल वैसी शुरू हुई जैसी कोई टीम एशेज के माहौल में नहीं चाहती। बेन डकेट और ओली पोप सिर्फ 5 रन के भीतर आउट होकर पवेलियन लौट गए और टीम शुरुआती दो ओवरों में ही दबाव में आ गई।
हालाँकि, जैक क्रॉली ने आक्रामक, लेकिन कंट्रोल के साथ बल्लेबाजी करते हुए टीम को स्थिरता दी। उन्होंने 76 रन की शानदार पारी खेलकर जो रूट के साथ 117 रनों की साझेदारी की। क्रॉली की पारी ने इंग्लैंड को शुरुआती मुश्किल से निकाला, लेकिन नेसर की गेंद पर आउट होने से टीम एक बार फिर दबाव में आ गई।
हैरी ब्रुक ने 31 रन बनाकर आक्रामक शुरुआत की, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके। कप्तान बेन स्टोक्स ने 19 रन बनाए, लेकिन रन आउट होने के कारण टीम को बड़ा नुकसान हुआ। जेमी स्मिथ शून्य पर आउट हुए और विल जैक्स भी सिर्फ 19 रन जोड़ पाए।
जो रूट ने ऑस्ट्रेलिया में पहला टेस्ट शतक जड़कर बनाए ये बड़े रिकॉर्ड्स
ऑस्ट्रेलिया में पहला टेस्ट शतक
जो रूट ने ब्रिस्बेन के मैदान पर वह हासिल किया, जिसका वह सालों से पीछा कर रहे थे। एशेज की पिछली कई सीरीज में वह शतक के करीब पहुंचे, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। इस बार उन्होंने धैर्य, तकनीक और संयम को एक साथ मिलाकर 181 गेंदों में 102* रन की ऐतिहासिक पारी खेली।
स्टार्क की तेज रफ्तार गेंदों और बोलैंड की एक जैसी लाइन के बीच रूट ने लगातार सही शॉट्स चुने, स्ट्राइक रोटेट की और हर मौके पर रन बटोरे। उनकी इस पारी ने न सिर्फ इंग्लैंड को स्थिर किया, बल्कि टीम की मानसिक स्थिति को भी मजबूत किया।
ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर 1000 टेस्ट रन
जो रूट इस मैच में एक नहीं, बल्कि दो बड़े माइलस्टोन पूरे कर गए। शतक तक पहुंचने के साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में अपने 1000 टेस्ट रन भी पूरे कर लिए। एशेज 2025 के ब्रिस्बेन टेस्ट में 102* रन बनाने तक वह 16 मैचों की 30 पारियों में कुल 1002* रन बना चुके हैं जिसमें अब एक शतक और नौ अर्धशतक शामिल हैं।
यह उपलब्धि बताती है कि रूट ने न सिर्फ इंग्लैंड, बल्कि दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण टेस्ट कंडीशंस में भी खुद को पूरी तरह ढाल लिया है। तेज उछाल वाली पिचों पर ऐसा प्रदर्शन उन्हें उस कैटेगरी में ले जाता है, जहां केवल महान खिलाड़ी ही पहुंच पाते हैं।
टेस्ट में सबसे ज्यादा अर्धशतक के मामले में दूसरे नंबर पर
सचिन तेंदुलकर (68) टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने के मामले में सबसे ऊपर हैं, जबकि जो रूट (67) अब उनके ठीक पीछे आ गए हैं। उनके बाद शिवनारायण चंद्रपॉल (66), राहुल द्रविड़ (63), एलन बॉर्डर (63), रिकी पोंटिंग (62), जैक्स कैलिस (58) और एलिस्टेयर कुक (57) जैसे दिग्गज शामिल हैं। यह पोजिशन रूट की लंबे समय की स्थिरता को साबित करती है।
टेस्ट में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 50+ रनों की पारी खेलने के मामले में सचिन तेंदुलकर (119) सबसे आगे हैं, जबकि जो रूट (106) दूसरे स्थान पर मजबूती से टिके हुए हैं। उनके बाद जैक्स कैलिस (103), रिकी पोंटिंग (103) और राहुल द्रविड़ (99) आते हैं। यह आंकड़े बताते हैं कि रूट लगातार बड़ी पारियां खेलने में कितने भरोसेमंद हैं।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक की लिस्ट में चौथे स्थान पर
जो रूट ने आखिरकार ऑस्ट्रेलिया में अपना पहला टेस्ट शतक जमाया और करियर में शतकों का आंकड़ा (40) तक पहुँचा दिया। इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर (51), जैक्स कैलिस (45) और रिकी पोंटिंग (41) उनसे आगे हैं, जबकि रूट अब कुमार संगकारा (38) से ऊपर आ चुके हैं।
इस दशक में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक के मामले में मजबूत स्थिति
जो रूट (23) इस दशक में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक जमाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके बाद केन विलियमसन (12), ब्रुक (10), शुभमन गिल (10), स्टीव स्मिथ (10), ओली पोप (9) और ट्रेविस हेड, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लैबुशेन, नजमुल शंतो (8-8) जैसे नाम आते हैं। यह उपलब्धि उन्हें इस दशक के महान टेस्ट खिलाड़ियों में शामिल करती है।
(Note: यहाँ दिए गए सभी आंकड़े ब्रिसबेन टेस्ट में जो रूट के 102* रन बनाने तक अपडेट हैं।)
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

