India opt to bowl first against UAE in Asia Cup 2025 2nd Match: एशिया कप 2025 के ग्रुप ए के दूसरे मुकाबले में भारत का सामना आज दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से हो रहा है। मैच से पहले हुए टॉस में भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
टॉस के दौरान सूर्यकुमार यादव हमेशा की तरह मज़ाकिया मूड में नजर आए। उन्होंने टॉस से ठीक पहले यूएई के कप्तान मुहम्मद वसीम से हंसते हुए कहा कि ‘मत देखना’। टॉस जीतने के बाद उन्होंने कहा कि पिच नई है और बाद में ओस का असर हो सकता है, इसलिए पहले गेंदबाजी करना बेहतर रहेगा। सूर्यकुमार ने यह भी बताया कि टीम ने यहां आकर 3-4 अच्छे अभ्यास सत्र किए हैं और खिलाड़ी पूरी तरह तैयार हैं।
पहले गेंदबाजी करना चाहते थे यूएई के कप्तान मुहम्मद वसीम
यूएई के कप्तान मुहम्मद वसीम ने भी टॉस के बाद अपनी राय दी। उन्होंने कहा कि वे भी गेंदबाजी करना चाहते थे, क्योंकि पिच ताजा है और शुरुआती ओवरों में गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। वसीम ने बताया कि टीम हाल ही में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के साथ त्रिकोणीय सीरीज खेलकर आई है। भले ही वे एक भी मैच नहीं जीत सके, लेकिन कई सकारात्मक चीजें टीम को मिली हैं।
IND vs UAE: दुबई की अपडेटेड पिच और मौसम की रिपोर्ट
टॉस के दौरान रसेल अर्नोल्ड और संजय मांजरेकर ने पिच की स्थिति पर जानकारी दी। आज मौसम अपेक्षाकृत शांत है और ज्यादा गर्मी नहीं है। मैदान की एक तरफ की बाउंड्री 62 मीटर है जबकि दूसरी ओर 75 मीटर की लंबाई है। पिच पर 4 मिलीमीटर घास मौजूद है और कुछ हिस्से सूखे हैं। एक छोर पर घास और दूसरे छोर पर बेयर पैच होने की वजह से बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए चुनौती हो सकती है।
भारत की प्लेइंग इलेवन
भारत ने इस मैच में कुछ अहम बदलाव किए हैं। टीम सिर्फ एक प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के साथ उतरी है। उनके साथ हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे को गेंदबाजी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, अर्शदीप सिंह को शामिल नहीं किया गया है। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती को मौका मिला है। विकेटकीपर के तौर पर संजू सैमसन को जितेश शर्मा की जगह टीम में शामिल किया गया है।
भारत की प्लेइंग XI: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती
UAE की प्लेइंग इलेवन
यूएई ने भी संतुलित टीम उतारी है जिसमें अनुभव और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण है। कप्तान मुहम्मद वसीम इस बार भी टीम के लिए अहम बल्लेबाज होंगे।
UAE की प्लेइंग XI: मुहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शराफु, मुहम्मद जुहैब, राहुल चोपड़ा (विकेटकीपर), आसिफ खान, हर्षित कौशिक, हैदर अली, ध्रुव पराशर, मुहम्मद रोहिद खान, जुनैद सिद्दीकी, सिमरनजीत सिंह।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

