Asia Cup 2025 India vs Pakistan, Format, Teams, Players to Watch and Full Details: एशिया कप का 17वां संस्करण 9 सितंबर से 28 सितंबर 2025 तक खेला जाएगा। इस बार मुकाबले संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में होंगे, जहां अबू धाबी और दुबई मेजबान शहर रहेंगे। सभी मैच शाम 6:30 बजे UAE समय से शुरू होंगे, जबकि एक दिन डबल-हेडर रखा गया है, जिसमें मैच 4:00 बजे और 6:30 बजे से होंगे।
भारत इस बार आधिकारिक मेजबान है, लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक रिश्तों को देखते हुए मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर कराए जा रहे हैं। यही कारण है कि पूरा टूर्नामेंट UAE शिफ्ट किया गया।
एशिया कप का इतिहास
एशिया कप की शुरुआत 1984 में हुई थी। शुरुआती टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका ने हिस्सा लिया था। यह टूर्नामेंट एशियाई देशों के बीच खेल और दोस्ती को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया गया था।
इस टूर्नामेंट में भारत अब तक सबसे सफल टीम रही है, क्योंकि उसने आठ बार खिताब जीता है। पिछली बार 2023 में भारत ने श्रीलंका को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। उस फाइनल में मोहम्मद सिराज ने शानदार छह विकेट झटके थे। श्रीलंका भी छह बार की चैंपियन है और दूसरी सबसे सफल टीम है।
क्यों टी20 फॉर्मेट में खेला जा रहा है एशिया कप 2025?
एशिया कप की खासियत है कि यह फॉर्मेट वर्ल्ड कप के हिसाब से तय होता है। 2023 का टूर्नामेंट वनडे फॉर्मेट में था, क्योंकि उसी साल वनडे वर्ल्ड कप खेला गया था। इस बार टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में हो रहा है क्योंकि फरवरी 2026 में भारत और श्रीलंका मिलकर टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी करेंगे।
आठ टीमों की भागीदारी
इस बार एशिया कप में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान ने सीधे क्वालीफाई किया। इनके अलावा, एसीसी प्रीमियर कप 2024 से यूएई, ओमान और हांगकांग ने जगह बनाई है। हालाँकि, नेपाल ने भी शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन सेमीफाइनल और फिर तीसरे स्थान के मुकाबले में हारकर बाहर हो गया।
टूर्नामेंट का फॉर्मेट
एशिया कप 2025 में आठ टीमों को दो अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया है।
ग्रुप ए: भारत, पाकिस्तान, ओमान और यूएई।
ग्रुप बी: अफगानिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और हांगकांग।
हर टीम अपने ग्रुप में एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेंगी। इस दौरान ग्रुप के टेबल में टॉप 2 में रहने वाली टीमें सुपर-4 में पहुंचेंगी और वहां सभी टीमें आपस में खेलेंगी। इसके बाद, सुपर-4 में पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहने वाली दो टीमें 28 सितंबर को दुबई में फाइनल खेलेंगी।
एशिया कप 2025 में भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबला कब होगा?
भारत और पाकिस्तान के बीच मैच 14 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा। अगर दोनों टीमें सुपर-4 में पहुंचती हैं तो उनका दूसरा मुकाबला भी होगा और संभावना यह भी है कि दोनों पहली बार एशिया कप टी20 के फाइनल में आमने-सामने हों।
बड़ी टीमों की तैयारियाँ और हालिया प्रदर्शन
- भारत टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद पहली बार फुल स्ट्रेंथ स्क्वॉड के साथ उतरेगा। हालांकि, उनकी प्लेइंग इलेवन की बैलेंस को लेकर सवाल बने हुए हैं।
- पाकिस्तान नई टॉप ऑर्डर के साथ मैदान में उतरेगा क्योंकि बाबर आज़म और मोहम्मद रिजवान को बाहर रखा गया है।
- बांग्लादेश ने हाल ही में श्रीलंका को टी20 सीरीज में हराया है और आत्मविश्वास से भरी नजर आ रही है।
- अफगानिस्तान अपनी पहली बड़ी ट्रॉफी जीतने का सपना लेकर उतरेगा। पिछले साल उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल तक पहुंचकर इतिहास रचा था।
नए खिलाड़ी जिन पर नजर रहेगी
- भारत के 24 वर्षीय ओपनर अभिषेक शर्मा पर सबकी नजरें होंगी, जिन्होंने अब तक दो टी20 शतक जड़े हैं और 193 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।
- अफगानिस्तान के 19 साल के स्पिनर अल्लाह मोहम्मद गजनफर ने पहले ही वनडे में दो बार पांच विकेट झटके हैं और अब टी20 में अपनी छाप छोड़ने को तैयार हैं।
- पाकिस्तान के तेज गेंदबाज सलमान मिर्जा ने हाल ही में धमाकेदार प्रदर्शन किया और वे इस टूर्नामेंट में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
- यूएई के कप्तान मोहम्मद वसीम अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर हैं और यह टूर्नामेंट उनके लिए बड़ी परीक्षा होगा।
रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद
एशिया कप का इतिहास बताता है कि छोटे देशों ने भी बड़े उलटफेर किए हैं। 2014 में अफगानिस्तान ने श्रीलंका को हराया था और 2018 में भारत के खिलाफ मैच टाई कराया था। उस समय अफगान टीम अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर कमजोर मानी जाती थी।
हांगकांग ने भी 2018 में भारत के खिलाफ जोरदार चुनौती दी थी। इसी तरह 2022 में श्रीलंका ने सभी को चौंकाते हुए खिताब जीता था। इस बार भी कोई नतीजा पहले से तय नहीं है, इसीलिए दर्शकों को भरपूर रोमांच देखने को मिलेगा।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

