India Clinches Thrilling Super Over Win vs Sri Lanka to Reach Asia Cup 2025 Final: एशिया कप 2025 के भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए अंतिम सुपर फोर मैच में फैंस को एक हाई-वोल्टेज थ्रिलर देखने को मिला। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दोनों टीमों ने 20 ओवरों में 202-202 रन बनाए और मैच टाई रहा। इसके बाद मैच सुपर ओवर में गया, जहां भारत ने सिर्फ एक गेंद में लक्ष्य हासिल करके अजेय रहते हुए इस टूर्नामेंट के फाइनल में एंट्री की। दूसरी ओर, B ग्रुप में टॉप पर रहने वाली श्रीलंका को सुपर फोर में एक भी जीत नहीं मिल सकी।
अभिषेक शर्मा की विस्फोटक पारी से भारत ने बनाया बड़ा स्कोर
इस मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत शानदार रही। ओपनर अभिषेक शर्मा ने पहले ही ओवर से अटैकिंग क्रिकेट खेलना शुरू किया। उन्होंने सिर्फ 31 गेंदों में 61 रन ठोक दिए, जिसमें 8 चौके और 2 छक्के शामिल थे। हालांकि, शुभमन गिल 4 रन बनाकर और सूर्यकुमार यादव 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, लेकिन तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने पारी को संभाला।
तिलक वर्मा ने 34 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए और पारी के अंत तक टिके रहे, जबकि संजू सैमसन ने 23 गेंदों में 39 रन बनाकर टीम को तेजी से आगे बढ़ाया। आखिरी ओवरों में अक्षर पटेल ने 15 गेंदों में नाबाद 21 रन जोड़कर स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 202 रन बनाए। श्रीलंका के लिए महीश थीक्षणा, दुष्मंता चमीरा, वानिंदू हसरंगा और कप्तान चरिथ असलंका को एक-एक विकेट मिला।
श्रीलंका की रन चेज़ और निसांका का शतक
203 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत शानदार रही। हालांकि, हार्दिक पांड्या ने कुसल मेंडिस को सिर्फ 7 रन के स्कोर पर आउट कर दिया, लेकिन इसके बाद पथुम निसांका और कुसल परेरा ने मिलकर 127 रनों की साझेदारी की और मैच को पूरी तरह श्रीलंका के पक्ष में मोड़ दिया।
कुसल परेरा ने 32 गेंदों में 58 रन बनाए और वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर स्टंप आउट हुए। इसके बाद असलंका और कमिंदु मेंडिस जल्दी आउट हो गए, जिससे दबाव श्रीलंका पर बढ़ गया। हालांकि, पथुम निसांका ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने करियर का पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया। उन्होंने 58 गेंदों में 107 रन ठोके, जिसमें 7 चौके और 6 छक्के शामिल थे।
आखिरी ओवर में रोमांच और मैच हुआ टाई
19वें ओवर तक मैच पूरी तरह श्रीलंका के हाथ में था। अब उन्हें आखिरी ओवर में जीत के लिए 12 रन चाहिए थे। भारत की ओर से हर्षित राणा गेंदबाजी के लिए आए, जो 3 ओवरों में 44 रन खर्च कर चुके थे। उन्होंने इस ओवर में सिर्फ 11 रन खर्च किए और मैच टाई करा दिया।
राणा ने पहली गेंद पर निसांका को वरुण चक्रवर्ती के हाथों आउट कराया, जिसके बाद श्रीलंका के लिए मुश्किलें बढ़ गईं। हालांकि, जब आखिरी दो गेंदों पर 7 रन चाहिए थे, तो दासुन शनाका के बल्ले से थर्ड मैन की तरफ एक बाउंड्री आई, जिससे उनकी टीम को अंतिम गेंद पर 3 रनों की दरकार रह गई।
अंतिम गेंद पर शनाका ने लॉन्ग ऑन की तरफ एक शॉट लगाया और तेजी से रन लेने के लिए दौड़ पड़े और आसानी से दो रन ले लिए। हालांकि, उन्होंने दूसरे रन के लिए डाइव लगाया, जबकि फील्डर गेंद को सही से कलेक्ट नहीं कर सका था। यदि बल्लेबाज डाइव नहीं लगाता, तो वह आसानी से तीन रन ले सकता था और श्रीलंका यह मैच जीत जाता।
सुपर ओवर का ड्रामा, अर्शदीप बने हीरो
सुपर ओवर में श्रीलंका की ओर से कुसल परेरा और दासुन शनाका बल्लेबाजी के लिए आए। हेड कोच गौतम गंभीर ने अर्शदीप सिंह पर भरोसा जताया और उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी की। पहली ही गेंद पर कुसल परेरा ने लेग साइड पर एक लॉफ्टेड शॉट खेला, जो सीधे रिंकू सिंह के हाथों में गया और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। दूसरी गेंद पर कमिंदु मेंडिस सिर्फ एक रन बना सके। तीसरी और चौथी गेंद पर कोई रन नहीं बने और पांचवीं गेंद पर शनाका भी कैच आउट हो गए। अंत में श्रीलंका सुपर ओवर में सिर्फ 2 रन ही बना पाई।
इस दौरान चौथी गेंद पर एक मजेदार वाकया देखने को मिला। दरअसल, अर्शदीप ने शनाका को एक गेंद फेंकी, जो उनके बल्ले के करीब से गुजरी, जिस पर गेंदबाज ने कैच आउट की अपील की और अंपायर ने तुरंत आउट दे दिया। लेकिन तब तक बल्लेबाज क्रीज पर आधा दौड़ चुका था, तभी संजू सैमसन ने उन्हें पीछे से रन आउट कर दिया।
हालांकि, पहले शनाका दौड़कर पवेलियन लौटने लगे, लेकिन फिर रूककर रिव्यू ले लिया और वह बच गए, क्योंकि रन आउट से पहले ही अंपायर ने फैसला दे दिया था और नियम के अनुसार अम्पायर के फैसले के तुरंत बाद गेंद डेड हो जाती है। लेकिन उनके बावजूद बल्लेबाज अगली गेंद का फायदा नहीं उठा सके और जितेश शर्मा के हाथों कैच आउट होकर पवेलियन लौट गए।
यह भी पढ़ें: IND vs SL Asia Cup 2025: सुपर ओवर में दासुन शनाका को क्यों नहीं दिया गया रन आउट, जानिए क्या कहता है नियम
सुपर ओवर में भारत को जीत के लिए 3 रन चाहिए थे और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहली ही गेंद पर तीन रन लेकर टीम को जीत दिलाई। स्टेडियम में मौजूद दर्शक झूम उठे और भारतीय डगआउट में जश्न का माहौल बन गया।
टीम इंडिया के लिए फिटनेस की चिंता
भले ही भारत ने शानदार जीत दर्ज की हो, लेकिन टीम की चिंता हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा की फिटनेस को लेकर बनी हुई है। दोनों खिलाड़ियों को मैच के दौरान चोट की वजह से मैदान छोड़ना पड़ा। उनकी उपलब्धता फाइनल से पहले टीम मैनेजमेंट के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी।
यह मुकाबला एशिया कप 2025 के सबसे रोमांचक मैचों में से एक साबित हुआ। एक तरफ पथुम निसांका का शतक और दूसरी तरफ अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी ने खेल में पूरी तरह से रोमांच बनाए रखा। अंत मे सुपर ओवर में अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करके भारत को जीत दिलाई। इस जीत के साथ भारत सुपर फोर में अजेय रही और अब फाइनल में बड़े आत्मविश्वास के साथ उतरेगी। फैंस को फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ एक और रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

