BCCI की नई महिला सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में जेमिमाह रोड्रिग्स टॉप ग्रेड में पहुंचीं और कई खिलाड़ियों को प्रमोशन मिला।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने महिला खिलाड़ियों के लिए 2025-26 की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट घोषित कर दी है। यह कॉन्ट्रैक्ट 1 अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2026 तक मान्य रहेगा। इस बार की लिस्ट में कई अहम बदलाव देखने को मिले हैं, जो हाल ही में महिला क्रिकेट में भारत की ऐतिहासिक उपलब्धियों को साफ तौर पर दर्शाते हैं।
इस बार सबसे बड़ी खबर यह रही कि शानदार प्रदर्शन के दम पर जेमिमाह रोड्रिग्स को टॉप ग्रेड में जगह दी गई है। इसके साथ ही ग्रेड B और ग्रेड C में भी कई नए नाम जुड़े हैं।
जेमिमाह रोड्रिग्स को मिला ग्रेड A में प्रमोशन
Jemimah Rodrigues को BCCI महिला सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट 2025-26 में ग्रेड A में शामिल किया गया है। यह प्रमोशन उनके शानदार फॉर्म और 2025 महिला वर्ल्ड कप में अहम योगदान का नतीजा है।
जेमिमाह ने वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में शतक लगाकर ऑस्ट्रेलिया को टूर्नामेंट से बाहर किया था। उनके इसी प्रदर्शन ने भारत की पहली वर्ल्ड कप जीत की नींव रखी। जेमिमाह अब ग्रेड A में शामिल होने वाली इकलौती नई खिलाड़ी हैं।
ग्रेड A में ये खिलाड़ी शामिल
इस बार ग्रेड A में कुल चार खिलाड़ियों को जगह दी गई है। इस लिस्ट में भारतीय महिला टीम की कप्तान Harmanpreet Kaur, अनुभवी बल्लेबाज Smriti Mandhana, ऑलराउंडर Deepti Sharma और जेमिमाह रोड्रिग्स शामिल हैं।
BCCI ने सैलरी स्ट्रक्चर का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन पिछली व्यवस्था के अनुसार ग्रेड A के खिलाड़ियों को 50 लाख रुपये सालाना मिलते हैं।
ग्रेड B में कई खिलाड़ियों को प्रमोशन
ग्रेड बी में इस बार सबसे ज्यादा हलचल देखने को मिली है। राधा यादव, अमनजोत कौर और अरुंधति रेड्डी को प्रमोशन मिला है। ये तीनों खिलाड़ी विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थीं।
इसके अलावा प्रतिका रावल, क्रांति गौड़ और उमा छेत्री को पहली बार सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल किया गया है। प्रतिका रावल वर्ल्ड कप में भारत की दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं, जबकि क्रांति गौड़ ने वर्ल्ड कप सहित इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार गेंदबाजी की थी।
स्नेह राणा की दमदार वापसी
ऑलराउंडर स्नेह राणा को 2025 में शानदार अंतरराष्ट्रीय वापसी करने का इनाम मिला है। उन्होंने श्रीलंका ट्राई सीरीज में 15 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड जीता था। इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें ग्रेड B में प्रमोट किया गया है। वहीं, शेफाली वर्मा, ऋचा घोष और रेणुका सिंह को पिछले साल की तरह ग्रेड B में ही बरकरार रखा गया है।
ग्रेड C में नए चेहरों को मौका
इस बार ग्रेड C में ज्यादातर नए खिलाड़ी शामिल किए गए हैं। यास्तिका भाटिया को छोड़कर बाकी सभी नाम नए हैं। श्री चरणी और हरलीन देओल विश्व कप टीम का हिस्सा थीं और उन्हें उनके प्रदर्शन का फायदा मिला है।
इसके अलावा वैष्णवी शर्मा, जी कमलिनी, काश्वी गौतम और तेजल हसबनिस को भी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में शामिल किया गया है। BCCI का साफ संकेत है कि वह युवा खिलाड़ियों को लगातार राष्ट्रीय ढांचे से जोड़े रखना चाहता है।
श्रेयंका पाटिल और पूजा वस्त्राकर बाहर
इस लिस्ट से सबसे चौंकाने वाले नाम श्रेयंका पाटिल और पूजा वस्त्राकर के हैं, जिन्हें इस बार सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिला है। दोनों खिलाड़ी पिछले सीजन में ग्रेड सी में थीं और लंबे समय तक चोट से जूझती रहीं।
हालांकि, दोनों ने हाल ही में WPL में खेलते हुए वापसी की है और श्रेयंका पाटिल को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है।
BCCI महिला सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट 2025-26 लिस्ट
ग्रेड A: हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, जेमिमाह रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा
ग्रेड B: रेणुका ठाकुर, शेफाली वर्मा, ऋचा घोष, स्नेह राणा, राधा यादव, अमनजोत कौर, प्रतिका रावल, क्रांति गौड़, उमा छेत्री, अरुंधति रेड्डी
ग्रेड C: श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, हरलीन देओल, काश्वी गौतम, जी कमलिनी, वैष्णवी शर्मा, तेजल हसबनिस।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

