Best figures in an innings in T20Is: भूटान के 22 साल के स्पिन गेंदबाज सोनम येशे ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने ऐसा काम किया है जो अब तक दुनिया का कोई भी गेंदबाज टी20 क्रिकेट में नहीं कर पाया था। सोनम ने सिर्फ 4 ओवर में 8 विकेट लेकर टी20 क्रिकेट की सबसे शानदार गेंदबाजी का रिकॉर्ड बना दिया।यह प्रदर्शन उन्होंने शुक्रवार को गेलेफू में म्यांमार के खिलाफ खेले गए तीसरे टी20 मैच में किया। इसके साथ ही सोनम किसी भी स्तर के टी20 मैच में 8 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले टी20 क्रिकेट में सबसे अच्छा गेंदबाजी रिकॉर्ड 7 विकेट का था, लेकिन अब यह रिकॉर्ड सोनम येशे के नाम हो गया है।
एक मैच में 8 विकेट लेने वाले पहले इंटरनेशनल खिलाड़ी
म्यांमार के खिलाफ इस मैच में भूटान ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 127 रन बनाए। जब म्यांमार की टीम लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो सोनम येशे की शानदार गेंदबाजी ने उन्हें संभलने का मौका ही नहीं दिया। सोनम ने 4 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 8 विकेट ले लिए, जिससे म्यांमार की पूरी टीम 45 रन पर आउट हो गई। यह सीरीज पूरी तरह भूटान के पक्ष में रही है। सोनम येशे ने अब तक 4 मैचों में 12 विकेट लिए हैं। सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच सोमवार, यानी आज खेला जाएगा।
टी20I में ये अधिक विकेटों का रिकॉर्ड
पुरुष टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में आज तक 3 ही बार गेंदबाज पारी में 7 विकेट चटकाने में सफल हो सके हैं। जानिए ऐसा करने वाले खिलाड़ी के बारे में:
- सोनम येशे ने म्यांमार के खिलाफ 2025 के टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 7 रन देकर 8 विकेट लिए।
- सिजरूल इदरूस ने 2023 में मलेशिया की ओर से चीन के खिलाफ 8 रन देकर 7 विकेट झटके थे।
- अली दाऊद ने 2025 में बहरीन की तरफ से भूटान के खिलाफ 19 रन देकर 7 विकेट लिए।
सोनम याशे ने 2022 में डेब्यू किया था
सोनम येशे ने भूटान के लिए अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच जुलाई 2022 में खेला था। मलेशिया के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में उन्होंने 16 रन देकर 3 विकेट लिए और कम उम्र में ही अपनी काबिलियत दिखा दी। इसके बाद से वह लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं। अब तक सोनम 35 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 38 विकेट ले चुके हैं।

