First Century for Each Country in ICC Champions Trophy History: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों में से एक है, जहां दुनिया की टॉप टीमें खिताब के लिए भिड़ती हैं। इस टूर्नामेंट के इतिहास में कई यादगार पारियां देखने को मिली हैं, जिनमें कुछ बल्लेबाजों ने अपनी टीम के लिए पहला शतक जड़कर इतिहास रच दिया।

हाल ही में अफगानिस्तान की ओर से सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ शतक जड़कर इतिहास रच दिया। अब वह चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास में अपने देश अफगानिस्तान के लिए पहला शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि हासिल करके सचिन तेंदुलकर और जैक्स कैलिस जैसे दिग्गजों की सूची में अपना नाम शामिल करा लिया है।

यहाँ हम आपको चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास में हर देश के लिए पहला शतक लगाने वाले सभी बल्लेबाजों की सूची बताने जा रहे हैं।

ये हैं आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास में हर देश के लिए पहला शतक लगाने वाले बल्लेबाज

10. इब्राहिम जदरान (अफगानिस्तान) – 177 बनाम इंग्लैंड (2025)

Ibrahim Zadran, England vs Afghanistan, ICC Champions Trophy 2025
Ibrahim Zadran, England vs Afghanistan, ICC Champions Trophy 2025

अफगानिस्तान की टीम 2025 में अपना पहला आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट खेल रही है। इस टूर्नामेंट में इब्राहिम जादरान ने इंग्लैंड के खिलाफ 106 गेंदों पर शतक जड़कर इतिहास रच दिया। इस मुकाबले में शतक जड़ते ही वह चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास में अफगानिस्तान के लिए शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।

जादरान ने 146 गेंदों पर 12 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 177 रनों की पारी खेली, जो चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास में किसी भी बल्लेबाज द्वारा खेली गई सबसे बड़ी पारी है।

बता दें कि, जादरान वर्ल्ड कप में भी अफगानिस्तान के लिए शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2023 क्रिकेट वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक जड़ा था। हालाँकि, उस मुकाबले में ग्लेन मैक्सवेल ने दोहरा शतक जड़कर अकेले दम पर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिला दी थी।

9. तमीम इकबाल (बांग्लादेश) – 128 बनाम इंग्लैंड (2017)

बांग्लादेश के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल ने 1 जून 2017 को द ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ 142 गेंदों पर 128 रन बनाए। यह चैंपियंस ट्रॉफी में बांग्लादेश के लिए किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाया गया पहला शतक था। हालांकि, उस मुकाबले में उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा था।

8. माइकल क्लार्क (ऑस्ट्रेलिया) – 105 बनाम न्यूजीलैंड (2006)

ऑस्ट्रेलिया की ओर से चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास का पहला शतक माइकल क्लार्क के बल्ले से आया था। उन्होंने जयपुर में 27 अक्टूबर 2006 को न्यूजीलैंड के खिलाफ 102 गेंदों पर 105 रन बनाए, जिसके चलते ऑस्ट्रेलिया को जीत हासिल हुई थी।

7. क्रिस केयर्न्स (न्यूजीलैंड) – 102 बनाम भारत (2000)*

न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर क्रिस केयर्न्स ने चैंपियंस ट्रॉफी 2000 के फाइनल में भारत के खिलाफ 15 अक्टूबर 2000 को नैरोबी में 113 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाए थे। इस पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर अपनी पहली आईसीसी ट्रॉफी जीती।

6. सईद अनवर (पाकिस्तान) – 105 बनाम श्रीलंका (2000)*

पाकिस्तान के स्टाइलिश लेफ्ट-हैंड बल्लेबाज सईद अनवर ने नैरोबी में 8 अक्टूबर 2000 को श्रीलंका के खिलाफ 134 गेंदों पर नाबाद 105 रन बनाए थे। यह चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान का पहला शतक था, जिसने उनकी टीम को जीत दिलाई।

5. अविश्का गुणवर्धने (श्रीलंका) – 132 बनाम वेस्ट इंडीज (2000)

श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज अविश्का गुणवर्धने ने चैंपियंस ट्रॉफी में श्रीलंका की ओर से पहला शतक जड़ा था। उन्होंने नैरोबी में 4 अक्टूबर 2000 को वेस्ट इंडीज के खिलाफ 146 गेंदों पर 132 रन बनाए, जिसमें 19 चौके शामिल थे। इस पारी की बदौलत श्रीलंका को जीत मिली।

4. फिलो वालेस (वेस्टइंडीज) – 103 बनाम दक्षिण अफ्रीका (1998)

वेस्टइंडीज के आक्रामक बल्लेबाज फिलो वालेस ने चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1 नवंबर 1998 को 102 गेंदों पर 103 रन बनाए थे। यह चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास में वेस्टइंडीज के लिए पहला शतक था। हालांकि, उनकी इस शानदार पारी के बावजूद उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा।

3. जैक्स कैलिस (दक्षिण अफ्रीका) – 113 बनाम श्रीलंका (1998)*

दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर जैक्स कैलिस ने 30 अक्टूबर 1998 को ढाका में श्रीलंका के खिलाफ 100 गेंदों पर नाबाद 113 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। यह चैंपियंस ट्रॉफी में दक्षिण अफ्रीका की ओर से पहला शतक था।

2. सचिन तेंदुलकर (भारत) – 141 बनाम ऑस्ट्रेलिया (1998)

भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए पहला शतक जड़ा था। उन्होंने ढाका में 28 अक्टूबर 1998 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 128 गेंदों पर 141 रन बनाए। इस पारी में 13 चौके और 3 छक्के शामिल थे, जिससे भारत को शानदार जीत मिली।

1. एलिस्टेयर कैंपबेल (जिम्बाब्वे) – 100 बनाम न्यूजीलैंड (1998)

एलिस्टेयर कैंपबेल ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में जिम्बाब्वे की ओर से पहला शतक जड़ा था। उन्होंने ढाका में 24 अक्टूबर 1998 को न्यूजीलैंड के खिलाफ 143 गेंदों पर 100 रन बनाए। हालांकि उनकी यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी।

Latest Cricket News in HindiLatest Football News in HindiLatest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरें पाने के लिए हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्रामऔर ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version