आईपीएल 2026 को शुरू होने में अभी कुछ समय बाकी है लेकिन सभी फ्रेंचाइज़ी तैयारी में जुटी हुई हैं। क्योंकि, कुछ समय के बाद ऑक्शन होने वाला है। जिसके लिए टीमों ने अपनी रिटेंशन लिस्ट बना ली है।
आईपीएल की सबसे सफल टीमों में से एक चेन्नई सुपर किंग्स पिछले दो सीजन से प्लेऑफ के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर पाई है। इस सीजन वे उसको बदलने के नज़रिए से आएंगे और ऑक्शन में इन खिलाड़ियों को टारगेट कर सकते हैं ताकि अच्छी टीम बनाई जा सके।
इन 3 खिलाड़ियों को खरीद सकती हैं चेन्नई
1. कैमरन ग्रीन (Cameron Green)

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के पास टॉप ऑर्डर काफी सेटल है और वे हर परिस्थिति में खेलने के साथ-साथ अच्छा करने की क्षमता रखते हैं। हालांकि लोअर ऑर्डर में उनके पास एक जगह खाली है जिसमें उन्हें एक पावर हिटर की ज़रूरत है और जो गेंदबाज़ी से भी कुछ ओवर निकाल सके।
कैमरन ग्रीन इस समय दुनिया के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से हैं। वे गेंद और बल्ले से मैच बदलने का दम रखते हैं। वे ओपनिंग से लेकर टॉप 7 में कहीं भी बल्लेबाज़ी कर सकते हैं। मिडिल ऑर्डर में वे चेन्नई के लिए परफ़ेक्ट फिट हो सकते हैं और उन्हें खरीदने के लिए चेन्नई के पास अच्छा-खासा पर्स भी है। धोनी वैसे भी ऑलराउंडर्स पर ज़्यादा भरोसा जताते हैं। इसलिए उनके टीम में आने से टीम की बहुत सारी मुश्किलें समाप्त हो सकती हैं।
2. ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell)

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल की पिछले कुछ समय से फॉर्म अच्छी नहीं रही है और बीते समय में उन्हें चोट ने काफी परेशान किया है। वे भले ही इस समय पंजाब किंग्स में हैं लेकिन जैसा उनका सीजन रहा था, अब मीडिया खबरें आ रही हैं कि पंजाब की टीम मैक्सी को रिलीज़ कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह चेन्नई के लिए बहुत अच्छा हो सकता है।
क्योंकि सीएसके की टीम ने हमेशा मैक्सवेल पर दांव खेलने की कोशिश की है लेकिन उनके पास पर्स कम रहता था। लेकिन इस बार उनके पास अच्छा-खासा पर्स है और वे ऑक्शन में आते हैं तो चेन्नई उन्हें खरीद सकती है। मैक्सवेल भी मिडिल ऑर्डर में ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ की भूमिका निभाने के साथ-साथ कुछ ओवर गेंदबाज़ी कर सकते हैं।
3. हेनरिक क्लासेन (Heinrich Klaasen)

दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज़ हेनरिक क्लासेन को पिछले साल सनराइजर्स हैदराबाद ने 23 करोड़ में रिटेन किया था। हालांकि शुरुआत में उनका प्रदर्शन वैसा नहीं रहा था लेकिन आखिरी में फॉर्म में वापसी की थी। पिछले कुछ समय में उनकी फॉर्म काफी खराब है और अब खबरें आ रही हैं कि फ्रेंचाइज़ी उन्हें रिलीज़ कर सकती है।
हैदराबाद की टीम अगर ऐसा करती है तो चेन्नई की टीम हेनरिक क्लासेन को लेने के लिए कुछ भी कीमत देने को राजी होगी। क्योंकि वे एक विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज़ हैं जो टॉप ऑर्डर से लेकर लोअर ऑर्डर तक कहीं भी खेल सकते हैं। यही नहीं, सीएसके के पास धोनी के बाद कोई कीपर नहीं है और वे लगातार प्रयास कर रहे हैं कि कोई अच्छा कीपर-बल्लेबाज़ मिल सके। क्लासेन के आने से यह भी पूरा हो सकता है।







