Dinesh Karthik Replaced Kusal Mendis in Sharjah Warriorz For ILT20 2025: पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने UAE में होने वाले आगामी ILT20 सीजन के लिए शारजाह वॉरियर्ज के साथ कॉन्ट्रैक्ट किया है। कार्तिक को श्रीलंका के विकेटकीपर-बल्लेबाज कुसल मेंडिस के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया है, यह घोषणा ILT20 के पहले प्लेयर ऑक्शन से एक दिन पहले की गई।
शारजाह वॉरियर्ज के लिए बड़ा मौका
40 साल के दिनेश कार्तिक अब भी फ्रेंचाइजी T20 लीग्स में अपनी जगह बनाए हुए हैं। वह वॉरियर्ज के साथ बड़े हिटर टिम डेविड के साथ फिर से टीम में जुड़ेंगे, जिनके साथ उन्होंने IPL 2025 में RCB के बैटिंग कोच और मेंटर के तौर पर काम किया था।
कार्तिक ने कहा, “मैं DP वर्ल्ड ILT20 टूर्नामेंट में शारजाह वॉरियर्ज का हिस्सा बनने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। यह टीम युवा है और कुछ खास करना चाहती है, ऐसे में मैं यहां आकर खुश हूं। शारजाह का स्टेडियम हमेशा से ही किसी भी खिलाड़ी के लिए आइकॉनिक माना जाता है और इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनना मेरे लिए सपना सच होने जैसा है।”
शारजाह वॉरियर्ज के हेड कोच ने किया कार्तिक का स्वागत
वॉरियर्ज के हेड कोच जेपी डुमिनी ने कार्तिक का स्वागत करते हुए कहा, “दिनेश कार्तिक T20 क्रिकेट में अनुभव और इनोवेटिव सोच के मामले में सबसे बेहतरीन हैं। उनके विस्फोटक बल्लेबाजी, डायनामिक पर्सनैलिटी और अनुभव से युवा खिलाड़ियों को टूर्नामेंट के दौरान काफी लाभ मिलेगा।”
फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कार्तिक का अनुभव
आईपीएल के बाद फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कार्तिक का यह चौथा टी20 टूर्नामेंट होगा। उन्होंने ILT20 से पहले अब तक बांग्ला टाइगर्स (अबू धाबी टी10 2024), सदर्न सुपरस्टार्स (लीजेंड्स लीग क्रिकेट 2024) और पार्ल रॉयल्स (SA20 2025) में खेला है। उन्होंने जून 2024 में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद ग्लोबल फ्रेंचाइजी सर्किट में कदम रखा।
यदि दिनेश कार्तिक के टी20 करियर पर नजर डालें, तो उन्होंने 412 टी20 मैचों में 27.01 की औसत और 136.66 की स्ट्राइक रेट से 7537 रन बनाए हैं। यह भी बता दें कि, उन्होंने IPL में छह टीमों के लिए खेला और 17 सीजन में केवल दो मैच ही मिस किए।
रविचंद्रन अश्विन के साथ या उनके खिलाफ खेलते नजर आएंगे कार्तिक
कार्तिक ILT20 के इस सीजन में आर अश्विन के साथ खेल सकते हैं या उनके खिलाफ उतर सकते हैं, जो उनके भारत और तमिलनाडु टीममेट रह चुके हैं। ILT20 ऑक्शन में अश्विन का बेस प्राइस सबसे ज्यादा है, जबकि पूर्व भारत लेग स्पिनर पीयूष चावला का बेस प्राइस USD 40,000 है। बता दें कि, LPL 2025 के क्लैश के चलते कुसल मेंडिस और ऑलराउंडर दासुन शनाका ने ILT20 से नाम वापस ले लिया है।
ILT20 में शामिल होकर दिनेश कार्तिक न सिर्फ अपनी टीम की युवा प्रतिभाओं का मार्गदर्शन करेंगे, बल्कि अपने अनुभव और आक्रामक खेल से टीम की जीत में भी अहम भूमिका निभाएंगे। शारजाह वॉरियर्ज के लिए यह जुड़ाव उनके करियर के नए अध्याय की शुरुआत है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

