Dinesh Karthik to Captain India in Hong Kong Sixes 2025: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक एक बार फिर मैदान पर वापसी करने के लिए तैयार हैं। उन्हें हांगकांग सिक्सेस 2025 टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। यह टूर्नामेंट 7 से 9 नवंबर तक टिन क्वोंग रोड रिक्रिएशन ग्राउंड में खेला जाएगा।
बता दें कि, दिनेश कार्तिक ने 2024 में भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया था और वह इस समय आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बैटिंग कोच हैं। लेकिन अब वह एक बार फिर मैदान पर उतरेंगे और भारत की अगुवाई करेंगे। कार्तिक के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का लंबा अनुभव है और उनका आक्रामक खेल अंदाज इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकता है।
हांगकांग क्रिकेट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि वे कार्तिक का टीम इंडिया के कप्तान के रूप में स्वागत करते हैं। उनके अनुसार, कार्तिक का अनुभव और नेतृत्व कौशल टूर्नामेंट में टीम के लिए प्रेरणा का काम करेगा और उनकी बल्लेबाजी दर्शकों को रोमांचित करेगी।
“फियरलेस क्रिकेट खेलेंगे” – कार्तिक ने कप्तान चुने जाने के बाद दी प्रतिक्रिया
दिनेश कार्तिक ने हांगकांग सिक्सेस 2025 के लिए भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त होने पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि हांगकांग सिक्सेस एक ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है और वे ऐसी टीम का नेतृत्व करने के लिए उत्साहित हैं, जिसके पास शानदार रिकॉर्ड है। कार्तिक ने भरोसा जताया कि टीम ऐसा क्रिकेट खेलेगी जो निडर और मनोरंजक होगा और फैंस को खूब पसंद आएगा।
टीम में रविचंद्रन अश्विन भी आएंगे नजर
दिनेश कार्तिक के अलावा रविचंद्रन अश्विन भी इस टूर्नामेंट में खेलते नजर आएंगे। यह उनके लिए भी खास मौका होगा क्योंकि आईपीएल से संन्यास के बाद यह उनकी पहली उपस्थिति होगी। अश्विन के अनुभव से भारतीय टीम के स्पिन विभाग को मजबूती मिलेगी।
पिछले साल का प्रदर्शन और इस बार की चुनौती
पिछले साल भारत का प्रदर्शन हांगकांग सिक्सेस में अच्छा नहीं रहा था। 2024 के संस्करण में टीम का नेतृत्व रॉबिन उथप्पा ने किया था लेकिन भारत अपने सभी मुकाबले हारकर ग्रुप स्टेज में ही बाहर हो गया था। इस बार दिनेश कार्तिक की कप्तानी में टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
टूर्नामेंट की खासियत
हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट अपनी तेज-तर्रार फॉर्मेट और मनोरंजक अंदाज के लिए जाना जाता है। केवल छह खिलाड़ियों की टीम और छोटे ओवरों का यह टूर्नामेंट बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है, जहां चौके-छक्कों की बरसात होती है। ऐसे में कार्तिक और अश्विन की मौजूदगी से भारत की टीम रोमांचक क्रिकेट पेश कर सकती है।
इस बार फैंस की उम्मीदें बढ़ीं
भारतीय फैंस को इस बार टीम से काफी उम्मीदें होंगी। खासतौर पर कार्तिक की कप्तानी और आक्रामक रणनीति पर सबकी निगाहें होंगी। यह टूर्नामेंट न केवल भारतीय खिलाड़ियों के लिए बल्कि फैंस के लिए भी खास है, क्योंकि यह उन्हें पुराने जमाने के हांगकांग सिक्सेस की यादें ताजा करने का मौका देता है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

