वनडे क्रिकेट की लोकप्रियता भले ही अब घटती जा रही है, लेकिन अभी भी यह पुराने दर्शकों और खिलाड़ियों के बीच काफी पॉपुलर है। क्योंकि इसमें टेस्ट की तरह धैर्य और स्किल का टेस्ट भी होता है और टी20 की तरह ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने का भी मौका दिया जाता है। तो चलिए जानते हैं कि वनडे फॉर्मेट में सबसे तेज 7000 रन बनाने वाले बल्लेबाज कौन हैं।
वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 7000 रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज
5. एबी डिविलियर्स (AB Deviliers) – 166 पारियां

दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज और मिस्टर 360 कहलाने वाले एबी डिविलियर्स ने क्रिकेट के हर फॉर्मेट में अपनी प्रतिभा दिखाई है। वह पारी को संभालना भी जानते थे और काउंटर अटैक करना भी बखूबी समझते थे। इसलिए वह इस फॉर्मेट के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से हैं। उन्होंने अपने दम पर न जाने कितने मैच अफ्रीकी टीम को जिताए हैं।
यही नहीं, वह गियर बहुत जल्दी स्विच करते थे, जिसकी बदौलत ही वह इतने खतरनाक बल्लेबाज थे। उन्होंने वनडे फॉर्मेट में साल 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वाका में खेले जा रहे मुकाबले में यह कीर्तिमान हासिल किया था। उन्होंने 172 मैचों की 166 पारियों में 7000 रन बनाए थे।
4. विराट कोहली (Virat Kohli) – 161 पारियां

भारत के ही नहीं बल्कि दुनिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक विराट कोहली का वनडे में रिकॉर्ड काफी शानदार है। यही नहीं, वह इस फॉर्मेट के महानतम बल्लेबाजों में से हैं। उनके नाम इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने वनडे में 51 शतक लगाए हैं। आज भी वह इस फॉर्मेट में खेल रहे हैं और आए दिन कोई न कोई रिकॉर्ड बनाते रहते हैं।
विराट कोहली बिना जोखिम लिए भी आसानी से बड़े रन बनाना जानते हैं और चेस में तो उनसे मैच छीनना नामुमकिन सा है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ साल 2016 में मेलबर्न में खेले जा रहे मैच में यह मुकाम हासिल किया था। पूर्व कप्तान ने 169 मैचों की 161 पारियों में 7000 रन पूरे किए थे।
3. केन विलियम्सन (Kane Williamson) – 159 पारियां

न्यूज़ीलैंड के धाकड़ बल्लेबाज और इस दशक के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में शुमार केन विलियम्सन भी विराट की तरह हैं। वह भी ज्यादा जोखिम लिए बिना बड़ी पारियां खेलना जानते हैं। यह नहीं है कि वह बड़े शॉट्स नहीं लगा सकते, लेकिन ज़रूरत पड़ने पर ही वह ऐसा करते हैं।
विलियम्सन ने इसी साल चैंपियंस ट्रॉफी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह कीर्तिमान हासिल किया था। उन्होंने 167 मैचों की 159 पारियों में 7000 रन पूरे किए थे।
2. क्विंटन डिकॉक (Quinton De Kock) – 158 पारियां

दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई सीरीज़ में 7000 रन पूरे कर लिए हैं। यही नहीं, वह दक्षिण अफ्रीका के दूसरे बल्लेबाज भी बन गए हैं जिन्होंने वनडे में सबसे तेज़ इतने रन बनाए हैं। कीपर-बल्लेबाज ने फैसलाबाद में खेले गए वनडे मैच में 158 मैचों की 158 पारियों में यह कीर्तिमान बनाया था।
1. हाशिम अमला (Hashim Amla)

दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज हाशिम अमला वनडे के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से थे। वह भी ऐसे खिलाड़ी थे जो बिना जोखिम लिए आसानी से रन बनाना जानते थे। यही नहीं, वह बड़े स्कोर बनाने के आदि थे, इसलिए वह किसी भी परिस्थिति में अच्छा प्रदर्शन कर सकते थे।
हाशिम अमला वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 7000 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए मुकाबले में यह उपलब्धि हासिल की थी। इसके लिए उन्होंने सिर्फ 150 पारियां ली थीं।







