हरियाणा टीम की तरफ से पिछले 14 सालों से खेल रहे तेज गेंदबाज हर्षल पटेल ने इस सीजन होने वाले रणजी ट्रॉफी में गुजरात टीम की ओर से खेलने का फैसला किया है। उन्होंने राज्य की टीम को छोड़ते हुए एक भावुक संदेश लिखा और उनके यहाँ तक के सफ़र में उनका साथ देने वाले लोगों का शुक्रिया अदा किया।
बता दें कि, हर्षल पटेल का जन्म गुजरात राज्य में हुआ है। उन्होंने अंडर-19 सीजन में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद 2008-09 में गुजरात के लिए अपना डेब्यू किया और लिस्ट ए मैच भी खेला। हालांकि, उन्हें गुजरात टीम में लगातार मौके नहीं मिल पाए। इसके बाद 2010 से उन्होंने हरियाणा टीम की तरफ से घरेलू मैच खेलना शुरू किया।
हर्षल ने हरियाणा के लिए 74 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 24 की औसत से 246 विकेट लिए हैं, जिसमें 12 बार पांच विकेट हॉल शामिल हैं।
विजय हजारे और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन
विजय हजारे ट्रॉफी में हरियाणा की तरफ से खेलते हुए उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया और 2023-24 सीजन में टीम को पहला खिताब जिताने में अहम योगदान दिया। आईपीएल 2021 में हर्षल पटेल ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 32 विकेट लेकर सबको प्रभावित किया था।
गुजरात से फिर शुरू करेंगे नया अध्याय
हरियाणा टीम की तरफ से 14 साल खेलने के बाद अब हर्षल पटेल ने गुजरात टीम से जुड़ने का निर्णय लिया है। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद, वह इस महीने के अंत में गुजरात के प्री-सीजन कैंप में शामिल होंगे। शुरुआत बड़ौदा और सौराष्ट्र जैसी टीमों के साथ एक त्रिकोणीय सीरीज से होगी।
हरियाणा को अलविदा कहते हुए हर्षल ने दिया भावुक बयान
आईपीएल में पिछले कुछ सालों से अच्छा प्रदर्शन करने वाले हर्षल पटेल ने हरियाण टीम का साथ छोड़ते हुए क्रिकेट संघ का आभार व्यक्त किया और करियर के शुरूआती दिनों में गुजरात छोड़ने की कहानी भी बताई।
हर्षल ने कहा, “2010-11 में मेरे अंडर-19 के दिनों से लेकर, मेरा लगभग पूरा प्रोफेशनल करियर हरियाणा के साथ रहा है। मैं हरियाणा राज्य क्रिकेट संघ का आभारी हूं। अगर 18 साल की उम्र में हरियाणा जाने का फैसला मेरे लिए सही साबित नहीं होता, तो शायद मैं अमेरिका चला जाता और भारत में क्रिकेट के लिए एक भी मैच नहीं खेल पाता।”

