टेस्ट क्रिकेट में कुछ साझेदारियां ऐसी रही हैं, जहां जुड़वा भाइयों ने मिलकर इतिहास रच दिया।
टेस्ट क्रिकेट के आंकड़े कई बार बेहद दिलचस्प कहानियां सामने लाते हैं। लंबे फॉर्मेट में बनी साझेदारियां न सिर्फ मैच की दिशा तय करती हैं, बल्कि रिकॉर्ड बुक में भी अपनी खास जगह बना लेती हैं। इन्हीं रिकॉर्ड्स में एक अनोखा पहलू यह भी है कि जुड़वा भाइयों की जोड़ी ने एक साथ बल्लेबाजी करते हुए कई यादगार साझेदारियां निभाईं।
जब भी कभी क्रिकेट इतिहास में जुड़वा भाइयों की बात की जाती है, तो उसमें सबसे पहले दो ऑस्ट्रेलियाई दिग्गजों मार्क वॉ और स्टीव वॉ की जोड़ी का नाम सबसे पहले दिमाग में आता है। इन दोनों भाइयों ने टेस्ट क्रिकेट में कई बड़ी साझेदारियां की और इतिहास रचा। इसी कड़ी में यहाँ हम टेस्ट क्रिकेट में जुड़वा भाइयों के बीच हुई सबसे बड़ी साझेदारियों की जानकारी देने जा रहे हैं।
ये रहीं टेस्ट क्रिकेट में जुड़वा भाइयों के बीच हुई सबसे बड़ी साझेदारियां
1. मार्क वॉ और स्टीव वॉ – 231 रन, किंग्सटन, 1995
टेस्ट क्रिकेट में जुड़वा भाइयों के बीच सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड Mark Waugh और Steve Waugh के नाम दर्ज है। दोनों जुड़वा भाइयों का जन्म 2 जून 1965 को हुआ था और उन्होंने एक साथ 105 टेस्ट मैच भी खेले।
इन जुड़वा भाइयों की जोड़ी ने 1995 में किंग्सटन टेस्ट में वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे विकेट के लिए 231 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी की थी। उस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को एक पारी और 53 रनों से बड़ी जीत मिली थी।
2. मार्क वॉ और स्टीव वॉ – 197 रन, द ओवल, 2001
वॉ ब्रदर्स के ही नाम टेस्ट क्रिकेट में एक ही दिन जन्मे बल्लेबाजों के बीच दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड दर्ज है। 2001 में इंग्लैंड के खिलाफ द ओवल में खेले गए टेस्ट मैच की पहली पारी में दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 197 रनों की साझेदारी हुई थी, जिसमें ऑस्ट्रेलिया को एक पारी और 25 रनों से जीत मिली थी। इस पारी में कप्तान स्टीव वॉ ने 157* और मार्क वॉ ने 120 रन बनाए थे।
3. मार्क वॉ और स्टीव वॉ – 190 रन, सिडनी, 1999
मार्क वॉ और स्टीव वॉ की जोड़ी ने सिर्फ एक ही बार नहीं, बल्कि कई मौकों पर अपनी ताकत दिखाई। यह इस बात से साबित होती है कि एक ही दिन जन्मे खिलाड़ियों की टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी साझेदारी की सूची में भी यही जुडवा भाइयों की जोड़ी का नाम तीसरे स्थान पर है।
वॉ ब्रदर्स ने 1999 में सिडनी टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में चौथे विकेट के लिए 190 रनों की शानदार साझेदारी की थी। इस पारी में मार्क वॉ ने 121 रन और स्टीव वॉ ने 96 रन बनाए थे। उनकी इन पारियों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने बाद में 98 रनों से यह मैच जीत लिया था।
4. जेम्स मार्शल और हैमिश मार्शल – 107 रन, नेपियर, 2005
न्यूजीलैंड के जुड़वां भाई James Marshall और Hamish Marshall का नाम भी इस खास सूची में शामिल हैं। 2005 में नेपियर टेस्ट में श्रीलंका के खिलाफ इन दोनों ने पहली पारी में दूसरे विकेट के लिए 107 रनों की साझेदारी की थी।
इस पारी में सलामी बल्लेबाज जेम्स मार्शल ने 52 रन और हैमिश मार्शल ने 160 रन बनाए थे। उनकी इन पारियों की बदौलत न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 561 रन बनाए थे। हालाँकि यह मुकाबला ड्रॉ रहा था और लसिथ मलिंगा (4/130 & 5/80) प्लेयर ऑफ द मैच बने थे।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







