न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार दमदार पारियों के बाद सूर्यकुमार यादव ने ICC T20I रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है।
भारतीय टी20 कप्तान Suryakumar Yadav की शानदार फॉर्म का सीधा असर ICC की ताजा T20I बल्लेबाजों की रैंकिंग में देखने को मिला है। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे और तीसरे टी20 मुकाबले में लगातार अर्धशतक लगाने के बाद सूर्यकुमार यादव रैंकिंग में पांच स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं।
सूर्यकुमार यादव ने इस सीरीज में 82 नाबाद और 57 नाबाद की पारियां खेलीं। लंबे समय से रन के लिए जूझ रहे सूर्यकुमार के लिए यह प्रदर्शन काफी अहम रहा। कप्तान के तौर पर भी उन्होंने टीम को स्थिरता दी और बल्लेबाजी में वही आत्मविश्वास फिर से नजर आया, जिसके लिए वह जाने जाते हैं।
T20I बल्लेबाजों में अभिषेक शर्मा की बादशाहत कायम
भारतीय ओपनर Abhishek Sharma ने ICC T20I बल्लेबाजों की रैंकिंग में अपना पहला स्थान और मजबूत कर लिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ इस सीरीज में अभिषेक शर्मा ने 35 गेंदों में 84 रन और 20 गेंदों में 68 नाबाद रन की विस्फोटक पारियां खेलीं।
हालांकि बीच में वह एक मैच में खाता भी नहीं खोल पाए, लेकिन इसके बावजूद उनके कुल रेटिंग पॉइंट्स 929 हो गए हैं। वह दूसरे नंबर पर मौजूद फिल साल्ट से 80 अंकों की बढ़त बनाए हुए हैं। यह दर्शाता है कि मौजूदा समय में अभिषेक शर्मा टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के सबसे प्रभावशाली बल्लेबाजों में शामिल हैं।
ऑलराउंडर्स में हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे को फायदा
ICC की ताजा रैंकिंग में भारतीय ऑलराउंडर्स को भी फायदा हुआ है। Hardik Pandya ऑलराउंडर्स की सूची में एक स्थान ऊपर चढ़कर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों में उन्होंने चार विकेट लिए हैं, जबकि इससे पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ चार मुकाबलों में उन्होंने 142 रन बनाए थे।
वहीं, Shivam Dube ने भी बड़ी छलांग लगाई है। वह छह स्थान ऊपर चढ़कर 11वें नंबर पर पहुंच गए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में दुबे ने तीन विकेट लिए हैं और दूसरे टी20 मुकाबले में 18 गेंदों पर 36 रन की तेज पारी खेली थी।
गेंदबाजों की रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह को फायदा
भारतीय तेज गेंदबाज Jasprit Bumrah को भी ICC रैंकिंग में फायदा मिला है। तीसरे टी20 मुकाबले में 3 रन देकर 17 विकेट लेने के शानदार प्रदर्शन के बाद बुमराह गेंदबाजों की सूची में चार स्थान ऊपर चढ़कर 13वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
यह प्रदर्शन बुमराह की निरंतरता को दिखाता है, खासकर तब जब टीम इंडिया को बड़े मुकाबलों में अनुभवी गेंदबाजों से अहम योगदान की जरूरत होती है।
ODI रैंकिंग में इंग्लैंड के खिलाड़ियों की छलांग
वनडे रैंकिंग की बात करें तो श्रीलंका के खिलाफ 2-1 से सीरीज जीतने के बाद इंग्लैंड के कई खिलाड़ियों को फायदा हुआ है। Joe Root छह स्थान ऊपर चढ़कर 17वें नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने इस सीरीज में कुल 247 रन बनाए और दोनों टीमों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
Harry Brook ने भी जबरदस्त उछाल दर्ज की है। वह 28वें स्थान से सीधे 11वें नंबर पर पहुंच गए हैं। ब्रुक ने सीरीज में 184 रन बनाए और निर्णायक मुकाबले में शतक जड़कर इंग्लैंड को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
ODI गेंदबाजों में आदिल राशिद टॉप 5 में शामिल
इंग्लैंड के लेग स्पिनर Adil Rashid ODI गेंदबाजों की रैंकिंग में छह स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं। राशिद इस सीरीज में सात विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे और उनका औसत 19.85 का रहा।उनका यह प्रदर्शन दिखाता है कि वह अभी भी सीमित ओवरों के क्रिकेट में इंग्लैंड के सबसे भरोसेमंद स्पिन विकल्पों में से एक हैं।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

