अभिषेक शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी और रिंकू सिंह की फिनिशिंग से भारत ने पहले टी20 में न्यूजीलैंड के सामने 239 रनों का विशाल लक्ष्य रखा।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट पर 238 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया है। नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।
इस पारी में अभिषेक शर्मा भारत के लिए सबसे बड़े आकर्षण रहे, जिन्होंने बेहद तेज अंदाज में रन बनाते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनके अलावा मिडिल ऑर्डर का योगदान और अंत में रिंकू सिंह की शानदार फिनिशिंग ने भारत को एक ऐसे स्कोर तक पहुंचाया, जो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में किसी भी टीम के लिए हासिल करना आसान नहीं होता।
शुरुआती ओवरों में भारत ने जल्दी गँवा दिए दो विकेट
भारत की पारी की शुरुआत तेज रही। संजू सैमसन ने आते ही रन बनाने की कोशिश की, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल सके। इसके बाद लंबे समय बाद टी20 इंटरनेशनल में वापसी कर रहे Ishan Kishan ने अपनी पहली ही गेंद पर चौका लगाकर सकारात्मक संकेत दिए।
ईशान किशन ने 5 गेंदों में 8 रन बनाए, जिसमें दो चौके शामिल थे। 785 दिन बाद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में लौटना और पहली गेंद पर बाउंड्री लगाना उनके आत्मविश्वास को दर्शाता है। हालांकि, वह अपनी पारी को आगे नहीं बढ़ा सके, लेकिन शुरुआती ओवरों में रन गति बनाए रखने में उनकी भूमिका अहम रही।
अभिषेक शर्मा ने बदला मैच का रुख
संजू सैमसन के साथ पारी की शुरुआत करने आए सलामी बल्लेबाज ने Abhishek Sharma ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर पूरी तरह हमला बोल दिया। उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में 84 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। यह उनका टी20 इंटरनेशनल करियर का 7वां अर्धशतक और कुल 9वां 50+ स्कोर था।
खास बात यह रही कि अभिषेक शर्मा ने छठी बार 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से अपना अर्धशतक पूरा किया, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली को साफ दिखाता है।
सूर्यकुमार यादव ने दिया बेहतरीन योगदान, लेकिन अर्धशतकों का सूखा नहीं हुआ खत्म
दो विकेट जल्दी गिर जाने के बाद कप्तान Suryakumar Yadav ने अभिषेक शर्मा का अच्छा साथ निभाया और 22 गेंदों में 32 रन बनाए। उन्होंने पारी को संभालने की कोशिश की और बड़े शॉट्स भी लगाए। हालांकि, सूर्यकुमार यादव एक बार फिर अर्धशतक तक नहीं पहुंच सके। वह अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार 23 पारियों से फिफ्टी नहीं लगा पाए हैं, जो टीम के लिए एक चर्चा का विषय बना हुआ है।
अंतिम ओवरों में रिंकू सिंह ने की शानदार फिनिशिंग
डेथ ओवर्स में Rinku Singh ने एक बार फिर अपनी उपयोगिता साबित की। उन्होंने 20 गेंदों में 3 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 44 रन बनाए और आखिरी ओवर में 20 रन बटोरकर भारत का स्कोर 238 तक पहुंचाया। यह तीसरी बार था जब रिंकू सिंह ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 20वें ओवर में 19 से ज्यादा रन बनाए। उनके इस योगदान ने भारत को एक बेहद मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
बता दें कि, रिंकू सिंह ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में 19वें और 20वें ओवर में अब तक 74 गेंदों का सामना किया है। इन गेंदों पर उन्होंने 287.8 के स्ट्राइक रेट से 213 रन बनाए हैं, जिसमें 14 चौके और 22 छक्के शामिल हैं। इस दौरान वह 5 बार आउट भी हुए हैं।
भारत ने 44वीं बार बनाया 200 से ज्यादा रन
इस मुकाबले में भारत का 238 रन बनाना ऐतिहासिक रहा। यह टीम इंडिया का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 44वां 200+ टोटल था, जो किसी भी टीम द्वारा सबसे ज्यादा है। इस सूची में दूसरे स्थान पर साउथ अफ्रीका है, जिसने 27 बार 200 से ज्यादा का स्कोर बनाया है। तीसरे स्थान पर न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया हैं, जिनके नाम 25-25 बार 200+ टोटल दर्ज हैं।
पहली पारी के बाद यह साफ दिख रहा है कि भारत ने इस मुकाबले में पूरी तरह नियंत्रण बना लिया है। अभिषेक शर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी और रिंकू सिंह की शानदार फिनिशिंग ने न्यूजीलैंड के सामने 239 रनों की कठिन चुनौती खड़ी कर दी है। अब यह देखना दिलचस्प रहेगा कि रन चेज में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज कैसा प्रदर्शन करते हैं और इस लक्ष्य के आसपास पहुंच पाते हैं या नहीं।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

