टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में हार का सामना करना पड़ा था लेकिन उस हार से भी बड़ी मुसीबत कप्तान शुभमन गिल का चोटिल होना था। उनके चोटिल होने की वजह से ही वो आगे बल्लेबाजी नहीं कर पाए थे और अभी भी उनका अगले मैच में खेलने को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। तो चलिए जानते हैं कि भारतीय कप्तान गुवाहाटी में होने वाले मैच में खेल सकते हैं या नहीं?
शुभमन गिल का दूसरे टेस्ट मैच में खेलना मुश्किल

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा टेस्ट मैच 22 नवंबर से गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। इस मुकाबले से पहले भारतीय टीम तैयारी में जुटी हुई है। वो अभी कोलकाता में ही लगातार ट्रेनिंग कर रही है। इसी बीच बीसीसीआई ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर ट्वीट करते हुए शुभमन गिल की हालत पर जानकारी दी।
बीसीसीआई ने बताया कि मैच के अगले दिन यानी 17 नवंबर को उन्हें रिलीज कर दिया था और अभी वो पूरी तरह से ठीक नहीं हुए हैं। डॉक्टरों ने उन्हें 5-6 दिन आराम करने के लिए बोला है और उनके मैच में खेलने को लेकर निर्णय मैच से पहले फिजियो की क्लीयरेंस के बाद लिया जाएगा। हालांकि वो गुवाहाटी में होने वाले मैच के लिए टीम इंडिया के साथ ट्रैवल करेंगे।
नितीश रेड्डी को किया गया टीम में ऐड
टीम मैनेजमेंट ने शुभमन गिल की जगह नितीश रेड्डी को फिर से टीम के साथ ऐड कर दिया है। उन्हें पहले टेस्ट से पहले रिलीज कर दिया गया था ताकि वो साउथ अफ्रीका के साथ हो रही अनऑफिशियल वनडे सीरीज खेल सकें। उन्होंने इंडिया ए के लिए मैच भी खेला था और अब वो वापस टीम के साथ जुड़ जाएंगे।
आपको बता दें कि शुभमन गिल को पहले मैच में बल्लेबाजी के दौरान नेक स्पैज्म आया था, जिसके बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई थी और उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती करना पड़ा था। वो दो दिन वहीं पर रहे थे और उसके बाद जब उनकी हालत में सुधार आया तब उन्हें डिस्चार्ज किया गया था। वो इसी के चलते पहले मैच की दोनों पारियों में बल्लेबाजी भी नहीं कर पाए थे। पहली पारी में वो 4 रन बनाकर नाबाद रहे थे।
ऋषभ पंत संभाल सकते हैं कप्तानी
शुभमन गिल अगर इस टेस्ट मैच में नहीं खेलते हैं तो उनकी जगह पर साई सुदर्शन या नितीश रेड्डी में से किसी को मौका दिया जा सकता है। उनकी जगह पर ऋषभ पंत कप्तानी करते हुए दिख सकते हैं क्योंकि उन्हें ही इस सीरीज के लिए उपकप्तान घोषित किया गया है और पहले मैच में गिल के जाने के बाद उन्होंने ही कप्तानी संभाली थी।

