टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है और अब उनका मुकाबला वनडे सीरीज में होना है। इस मुकाबले के लिए दोनों टीमें तैयारी में जुटी हुई हैं। इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच पहला वनडे रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में होना है। इस सीरीज में भारतीय टीम में कुछ बदलाव देखने को मिलेंगे, क्योंकि कप्तान और उपकप्तान दोनों चोट की वजह से बाहर हैं। तो चलिए जानते हैं कि पहले वनडे में किन खिलाड़ियों को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है।
यशस्वी कर सकते हैं रोहित के साथ ओपनिंग

रांची में होने वाले मुकाबले में भारतीय टीम का टॉप ऑर्डर काफी बदला हुआ दिखेगा। कप्तान शुभमन गिल के चोट के चलते बाहर होने की वजह से अब उनकी जगह टीम में ऋतुराज गायकवाड़ और यशस्वी जायसवाल को चुना गया है। हालांकि प्लेइंग इलेवन में जायसवाल को मौका मिल सकता है। प्रैक्टिस और मीडिया खबरों की मानें, तो रोहित और यशस्वी ओपनिंग करते हुए दिख सकते हैं।
दोनों ने नेट्स में भी मैच सिमुलेशन में साथ में बल्लेबाजी की थी और यह बड़ा हिंट है कि यशस्वी पहले वनडे में ओपनिंग कर सकते हैं। रोहित ने भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के आखिरी मैच में शतक लगाकर फॉर्म में वापसी के संकेत दे दिए थे और उनकी जगह पर अभी कोई सवाल नहीं है।
नंबर 3 पर विराट कोहली खेलेंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके शुरुआती दो मैच अच्छे नहीं गए थे, लेकिन सिडनी में हुए आखिरी मैच में कमबैक करते हुए अर्धशतक लगाया था।
ऋतुराज को मिल सकता हैं मौका
टीम इंडिया के उपकप्तान श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में कैरी का कैच पकड़ने के चक्कर में चोटिल हो गए थे और वो अभी तक फिट नहीं हुए हैं। उनकी जगह पर टीम में ऋतुराज गायकवाड़ और तिलक वर्मा को चुना गया है। लेकिन, गायकवाड़ प्लेइंग इलेवन में खेलते हुए दिख सकते हैं, क्योंकि उन्होंने भी मैच सिमुलेशन में प्रैक्टिस की थी और साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ हुई वनडे सीरीज में मैन ऑफ द सीरीज भी बने थे।
नंबर 5 पर केएल राहुल खेलते हुए दिखेंगे। उनके कंधों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी भी है, क्योंकि वो कप्तानी भी कर रहे होंगे। उनका अभी तक कप्तानी में रिकॉर्ड ठीक रहा है और उसको वो बरकरार रखना चाहेंगे। टेस्ट सीरीज में मिली हार के बाद वनडे को वो नहीं गंवाना चाहेंगे।
जायसवाल,जडेजा, सुन्दर और रेड्डी संभाल सकते हैं लोअर मिडल आर्डर
नंबर 6 पर रविंद्र जडेजा खेलते हुए दिख सकते हैं। उनकी टीम में वापसी हो रही है और वो इस समय फॉर्म में भी चल रहे हैं। टेस्ट सीरीज में बल्ले और गेंद दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया था और चयनकर्ता उन्हें 2027 वर्ल्ड कप के लिए टीम में देख रहे हैं। इसलिए उन्हें मौका दिया गया है।
टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में वाशिंगटन सुंदर को भी जगह दी जा सकती है। सुंदर ने टेस्ट मैचों में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया था। उन्होंने बल्लेबाजी में काफी सुधार दिखाया था और उसके चलते ही उन्हें प्राथमिकता दी जा सकती है और वो गेंदबाजी में भी काफी विविधता लाते हैं। गौतम गंभीर को नंबर 8 तक बल्लेबाजी पसंद है, इसलिए वो ज्यादा ऑलराउंडर प्रेफर करते हैं, जिसके चलते नितीश को भी मौका मिल सकता है।
हर्षित को फिर मिल सकता हैं मौका
मोहम्मद सिराज और जसप्रीत की अनुपस्थिति में हर्षित राणा को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया जा सकता है। उन्होंने साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी की थी और बल्लेबाजी से भी कुछ रनों का योगदान कर सकते हैं, इसलिए उन्हें प्रसिद्ध से पहले मौका दिया जा सकता है।
हर्षित का साथ देने के लिए अर्शदीप को जगह दी जा सकती है। उन्होंने भी टी20 के साथ-साथ वनडे क्रिकेट में जो सीमित मौके मिले हैं, उनमें अच्छा प्रदर्शन किया है। जबकि कुलदीप यादव की फॉर्म को देखते हुए उनका खेलना लगभग पक्का है।
रांची वनडे में भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (कप्तान&विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, नितीश रेड्डी, वाशिंगटन सुन्दर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव।







