T20I क्रिकेट में रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी हार न्यूजीलैंड के खिलाफ रही है।
टी20 इंटरनेशनल (T20I) क्रिकेट को हमेशा तेज रफ्तार वाला और रोमांचक फॉर्मेट माना जाता है, लेकिन यही फॉर्मेट कई बार टीमों के लिए बेहद कठोर भी साबित होता है। अगर एक टीम शुरुआती ओवरों में लय नहीं पकड़ पाए या गेंदबाजी में थोड़ी सी भी ढील दे दे, तो मैच पूरी तरह हाथ से निकल सकता है।
हाल ही में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ विशाखापत्तनम में 50 रनों से हार का सामना करना पड़ा, जो उनकी इस फॉर्मेट में तीसरी सबसे बड़ी हार के रूप में दर्ज हो गई। इस हार के बाद यहां हम टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में रनों के लिहाज से भारत की पांच सबसे बड़ी हार पर एक नजर डालने जा रहे हैं।
ये हैं टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट इतिहास में भारत की 5 सबसे बड़ी हार
5. 49 रन से हार बनाम ऑस्ट्रेलिया, ब्रिजटाउन, 2010
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2010 में ब्रिजटाउन में खेले गए एक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 49 रनों से हराया था। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 184/5 का स्कोर बनाया, जिसमें वॉटसन के 32 गेंदों पर 54 और डेविड वॉर्नर के 42 गेंदों पर 72 रनों की अहम भूमिका रही।
185 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम शुरू से ही लगातार विकेट गंवाती रही और मैच में कभी पकड़ नहीं बना सकी। हालाँकि, मिडिल ऑर्डर में रोहित शर्मा ने 46 गेंदों पर 79 रनों की शानदार पारी जरुर खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के चलते टीम इंडिया को उस मुकाबले में बड़ी हार झेलनी पड़ी थी।
4. 49 रन से हार बनाम दक्षिण अफ्रीका, इंदौर, 2022
04 अक्टूबर 2022 को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में साउथ अफ्रीका ने भारत को 49 रनों से हराया था। बल्लेबाजी के लिए बेहद अनुकूल इस पिच पर मेहमान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 227/3 का स्कोर बनाया और मेजबान टीम के सामने 228 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा।
इस मुकाबले ओपनिंग करने उतरे रोहित शर्मा (0) और ऋषभ पंत (14 गेंदों पर 27 रन) टीम को कुछ ख़ास शुरुआत नहीं दिला सके, जबकि श्रेयस अय्यर 1 रन बनाकर आउट हो गए। चौथे नंबर 21 गेंदों पर 46 रन बनाए, लेकिन अन्य खिलाड़ी कुछ ख़ास कमाल नहीं कर सके। अंत में टीम इंडिया 18.3 ओवरों में 178 रन बनाकर आउट हो गई और उन्हें 49 रनों से हार झेलनी पड़ी।
3. 50 रन से हार बनाम बनाम न्यूजीलैंड, विशाखापट्टनम, 2026
विशाखापट्टनम में खेले गए इस टी20 मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को बड़े अंतर से मात दी। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए साथ विकेट खोकर 215 रन बनाए और भारत के सामने 216 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम शुरुआत से ही दबाव में रही और रन गति बनाए रखने में नाकाम रही।
हालाँकि, बीच में आकर शिवम दुबे ने 15 गेंदों पर भारत के लिए तीसरी सबसे तेज फिफ्टी लगाते हुए 23 गेंदों पर 65 रनों की पारी जरुर खेली, लेकिन वह दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से नॉन-स्ट्राइकर एंड पर रनआउट हो गए और नतीजा यह रहा कि भारत को 50 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
2. 51 रन से हार बनाम दक्षिण अफ्रीका, न्यू चंडीगढ़, 2025
दिसम्बर 2025 को न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में खेले गए इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 213 रनों का लक्ष्य रखा था। भारतीय टीम इस लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत से ही लड़खड़ाती हुई नजर आई और मैच में कभी भी मजबूती से वापसी नहीं कर पाई।
नतीजा यह हुआ कि यह टीम मात्र 162 रन पर सिमट गई और उन्हें 51 रनों से बड़ी हार का सामना करना पड़ा। यह भारत की इस फॉर्मेट में घरेलू सरजमीं पर सबसे बड़ी हार भी रही। घरेलू मैदान पर इस तरह की हार ने भारतीय टीम की टी20 रणनीति पर कई सवाल खड़े किए।
1. 80 रन से हार बनाम न्यूजीलैंड वेलिंगटन, 2019
06 फरवरी 2019 को वेलिंगटन में खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को 80 रनों के बड़े अंतर से हराया था, जो उनकी इस फॉर्मेट में अब तक की सबसे बड़ी हार है। उस मुकाबले में मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 219 रन बनाए थे, जिसमें टिम सैफर्ट की 43 गेंदों पर 84 रनों की शानदार पारी शामिल थी।
जवाब में भारतीय टीम बड़े लक्ष्य के दबाव में बिखर गई और पूरी टीम मात्र 139 रनों पर सिमट गई। इस दौरान एमएस धोनी उनके लिए 31 गेंदों पर 39 रनों के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे।
ये पांचों मुकाबले इस बात की याद दिलाते हैं कि टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक खराब दिन कितनी बड़ी हार में बदल सकता है। चाहे वह विदेशी सरजमीं हो या घरेलू मैदान, अगर बल्लेबाजी या गेंदबाजी में संतुलन न रहे तो रनों के बड़े अंतर से हार तय हो जाती है। भारतीय टीम ने समय के साथ इन अनुभवों से सीख ली है, लेकिन ये मुकाबले आज भी उसके टी20 इतिहास के अहम अध्याय बने हुए हैं।
[NOTE: यहाँ दिए गए सभी आंकड़े 29 जनवरी 2026 तक अपडेटेड हैं।]
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

