Wednesday, March 4

Team India 250 T20I Matches Journey: भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 19 सितंबर 2025 का दिन खास है। इस दिन भारत ने अपना 250वां टी20 इंटरनेशनल मैच खेला। 2006 में जब भारत ने पहली बार टी20 इंटरनेशनल खेला था, तब किसी ने नहीं सोचा था कि यह फॉर्मेट इतनी तेजी से पॉपुलर होगा और भारत इस फॉर्मेट में सबसे सफल टीमों में से एक बन जाएगा।

पिछले 19 सालों में भारत ने न सिर्फ दो टी20 वर्ल्ड कप जीते, बल्कि कई सीरीज क्लीन स्वीप की, कई नए कप्तान तैयार किए और कई युवा खिलाड़ियों को मंच दिया। यह सफर सिर्फ आंकड़ों का नहीं, बल्कि भारतीय टी20 क्रिकेट के विकास की एक कहानी है।

हर 50 T20I मैचों में भारत का प्रदर्शन

भारत ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहले 50 मैचों में से 30 मैच जीते। यह भारत के शुरुआती प्रभुत्व को दर्शाता है। इसके बाद, उन्होंने 51 से 100 मैचों में 33 जीत हासिल की, जो बताता है कि भारत ने अपनी स्थिरता बनाए रखी। फिर 101 से 150 मैचों में टीम ने 32 मैच जीते। इस दौरान कुछ उतार-चढ़ाव आए, लेकिन टीम अपनी लय में रही।

इसके अलावा, अपने 151 से 200 मैचों में भारत ने 35 जीत दर्ज की, जो टीम के बेंच स्ट्रेंथ के मजबूत होने का संकेत था। 201 से 250 यानी पिछले 50 मैचों में भारत ने रिकॉर्ड 42 जीत दर्ज कीं, जो बताता है कि मौजूदा दौर में भारत दुनिया की सबसे कंसिस्टेंट टीम है।

भारत का पहला टी20 मैच और शानदार शुरुआत

भारत ने 1 दिसंबर 2006 को जोहान्सबर्ग में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला टी20 इंटरनेशनल खेला था। उस मैच में कप्तानी वीरेंद्र सहवाग के हाथों में थी और भारत ने शानदार जीत दर्ज की थी। इसी जीत ने टीम में आत्मविश्वास भरा और 2007 में पहले टी20 वर्ल्ड कप में भाग लेने का रास्ता खोला। उस टूर्नामेंट में महेंद्र सिंह धोनी को कप्तान बनाया गया और उनकी कप्तानी में भारत ने पहला टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया। यह भारत के टी20 क्रिकेट का गोल्डन स्टार्ट था।

महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत का T20I क्रिकेट में सुनहरा दौर

कप्तान के रूप में धोनी का नाम भारत के टी20 इतिहास में सबसे ऊपर आता है। उन्होंने 2007 से 2016 तक टीम की कप्तानी की और 72 में से 41 मैच जीते। उनकी कप्तानी में भारत ने पहला टी20 वर्ल्ड कप जीता और टीम को रणनीतिक सोच, संयम और कूलनेस का तोहफा मिला। धोनी ने युवाओं को मौके दिए और टीम को ट्रांजिशन फेज से निकालकर नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया।

विराट कोहली की आक्रामक कप्तानी

2017 में जब विराट कोहली ने कप्तानी संभाली, तो उन्होंने टीम में नई आक्रामकता भरी। कोहली की कप्तानी में भारत ने 50 में से 30 मैच जीते। इस दौरान टीम ने ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड जैसी जगहों पर सीरीज जीतीं। कोहली की कप्तानी में भारत ने विदेशी दौरों पर आत्मविश्वास हासिल किया और टीम की फिटनेस कल्चर को नई दिशा दी।

रोहित शर्मा का रिकॉर्ड ब्रेकिंग एरा

रोहित शर्मा ने 2017 से 2024 तक कप्तानी की और 62 में से 49 मैच जीतकर भारत के सबसे सफल टी20 कप्तान बने। उनकी कप्तानी में भारत ने कई सीरीज क्लीन स्वीप कीं और 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतकर 17 साल का सूखा खत्म किया। रोहित के नेतृत्व में भारत ने लगातार जीत प्रतिशत को ऊपर रखा और टीम को हर परिस्थिति में जीतने की आदत डाली।

शिखर धवन, ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या का योगदान

2021 में शिखर धवन ने श्रीलंका दौरे पर एक सीरीज के लिए टीम की कप्तानी संभाली और 3 में से 1 मैच जीता। इसके अलावा, ऋषभ पंत ने 2022 में 5 मैचों में कप्तानी की और 2 में जीत दर्ज की, जबकि एक मैच नो रिजल्ट रजा। हालांकि, हार्दिक पांड्या की कप्तानी का दौर भी खास रहा। उन्होंने बतौर कप्तान 16 मैचों में से 10 में जीत दर्ज की और युवा टीम को मजबूत लीडरशिप दी।

बुमराह, गिल और गायकवाड़ की कप्तानी

हाल के समय में जसप्रीत बुमराह, ऋतुराज गायकवाड़ और शुभमन गिल ने भी टीम की कप्तानी की। बुमराह ने 2 मैचों में 100% जीत दर्ज की। गायकवाड़ ने 3 में से 2 मैच जीते, जबकि शुभमन गिल ने 5 में से 4 मैच जीतकर भविष्य के कप्तान के रूप में अपनी छवि बनाई।

वर्तमान कप्तान सूर्यकुमार यादव के आंकड़े भी जबरदस्त

वर्तमान समय में सूर्यकुमार यादव भारतीय टी20 टीम के कप्तान हैं। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने अब तक 25 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से उन्हें 20 मैचों में जीत मिली है। हाल ही में, उनकी कप्तानी में एशिया कप 2025 में ओमान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भारत को जीत मिली, जिसने टीम इंडिया के 250वें टी20 अन्तरराष्ट्रीय मैच को और भी यादगार बना दिया।

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत की बड़ी जीतें और यादगार पल

भारत के टी20 इतिहास में कई ऐसे मौके आए, जिन्होंने इस फॉर्मेट को खास बना दिया। इनमें से कुछ प्रमुख यादगार पल निम्नलिखित हैं:

  • 2007 में पाकिस्तान को हराकर पहला टी20 वर्ल्ड कप जीतना।
  • एशिया कप 2016 में अजेय रहते हुए खिताब जीतना।
  • निदाहास ट्रॉफी 2018 में बांग्लादेश के खिलाफ दिनेश कार्तिक के अंतिम गेंद पर छक्का लगाने पर खिताब जीतना।
  • 2019-20 में न्यूजीलैंड को 5-0 से हराकर विदेशी धरती पर क्लीन स्वीप करना।
  • 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतकर आईसीसी ट्रॉफी का इंतजार खत्म करना।

भारत का ओवरऑल रिकॉर्ड और जीत प्रतिशत

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत का जीत प्रतिशत 63% से ज्यादा है, जो दुनिया में सबसे बेहतर में से एक है। टीम ने 250 मैचों में से 172 मैचों में जीत दर्ज की है। यह आंकड़ा बताता है कि भारत सिर्फ मजबूत टीम ही नहीं बल्कि सबसे स्थिर और संतुलित टीमों में से एक है।

भारत के T20I कप्तानों का रिकॉर्ड

भारतीय टीम ने अब तक 250 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले हैं। इस दौरान कई दिग्गज खिलाड़ियों ने टीम की कप्तानी की है। यहाँ हम हर कप्तान के मैचों, जीत, हार और उनकी कप्तानी के दौरान के प्रदर्शन को विस्तार से देखेंगे।

  1. वीरेंद्र सहवाग (2006): 1 मैच, 1 जीत, जीत प्रतिशत 100%
  2. MS धोनी (2007-2016): 72 मैच, 41 जीत, 28 हार, 1 टाई, 2 नो रिजल्ट, जीत प्रतिशत 56.94%, हार प्रतिशत 38.88%
  3. सुरेश रैना (2010-2011): 3 मैच, 3 जीत, जीत प्रतिशत 100%
  4. अजिंक्य रहाणे (2015): 2 मैच, 1 जीत, 1 हार, जीत प्रतिशत 50%
  5. विराट कोहली (2017-2021): 50 मैच, 30 जीत, 16 हार, 2 टाई, 2 नो रिजल्ट, जीत प्रतिशत 60%
  6. रोहित शर्मा (2017-2024): 62 मैच, 49 जीत, 12 हार, 1 टाई, जीत प्रतिशत 79.03%
  7. शिखर धवन (2021): 3 मैच, 1 जीत, 2 हार, जीत प्रतिशत 33.33%
  8. हार्दिक पांड्या (2022-2023): 16 मैच, 10 जीत, 5 हार, 1 टाई, जीत प्रतिशत 62.50%
  9. ऋषभ पंत (2022): 5 मैच, 2 जीत, 2 हार, 1 नो रिजल्ट, जीत प्रतिशत 40%
  10. केएल राहुल (2022): 1 मैच, 1 जीत, जीत प्रतिशत 100%
  11. जसप्रीत बुमराह (2023): 2 मैच, 2 जीत, जीत प्रतिशत 100%
  12. ऋतुराज गायकवाड़ (2023): 3 मैच, 2 जीत, जीत प्रतिशत 66.66%
  13. शुभमन गिल (2024): 5 मैच, 4 जीत, 1 हार, जीत प्रतिशत 80%
  14. सूर्यकुमार यादव (2023-2025): 25 मैच*, 20 जीत, 4 हार, 1 टाई, जीत प्रतिशत 80%

[Note: इस आर्टिकल में दिए गए सभी आँकड़े एशिया कप 2025 में 19 सितंबर को खेले गए भारत बनाम ओमान मुकाबले के समाप्त होने तक अपडेटेड हैं।]

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version