Rishabh Pant returns to India Test squad for South Africa Test Series 2025: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है,। सबसे बड़ी खबर यह है कि ऋषभ पंत की टीम में वापसी हो गई है। पंत न सिर्फ वापसी कर रहे हैं, बल्कि उन्हें उप-कप्तान की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
गौरतलब हो कि, पंत इंग्लैंड सीरीज के दौरान भी उप-कप्तान थे, लेकिन चौथे टेस्ट में पैर में चोट लगने के कारण उन्हें बाहर होना पड़ा था। लम्बे समय तक रिहैब और मेहनत करने के बाद उन्होंने भारत A के लिए शानदार प्रदर्शन कर वापसी का रास्ता साफ किया और अब वह फिर से टेस्ट सेटअप में लौट आए हैं।
इस टीम में एक और बड़ा बदलाव यह है कि प्रसिद्ध कृष्णा और एन जगदीशन को बाहर कर दिया गया है, जबकि अकाश दीप को टीम में शामिल किया गया है। चयन समिति ने हालिया वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज की टीम में केवल दो बदलाव किए हैं।
पंत ने भारत A के लिए कप्तानी करते हुए एक अहम पारी खेली और दूसरे वनडे मैच में 90 रन बनाकर अपनी फिटनेस और फॉर्म दोनों साबित कर दी। इसी आत्मविश्वास के साथ वह अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ बल्लेबाजी में नंबर पांच पर उतर सकते हैं।
बल्लेबाजी और ऑलराउंड विभाग संतुलित
टॉप ऑर्डर में शुभमन गिल टीम की कमान संभालेंगे और उनके साथ यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल और साईं सुदर्शन मौजूद रहेंगे। इसके अलावा, मिडिल ऑर्डर में देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल जैसे युवा चेहरे भी टीम में अपनी जगह बनाए हुए हैं।
ऑलराउंड विभाग में भी संतुलन साफ दिखता है, जहां रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल तीन स्पिन ऑलराउंडर के रूप में टीम को गहराई दे रहे हैं, जबकि नीतिश रेड्डी एकमात्र मीडियम पेस ऑलराउंडर होंगे। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज फास्ट बॉलिंग अटैक की अगुवाई करेंगे, जिनका साथ आकाश दीप देंगे, जबकि कुलदीप यादव स्पिन विभाग में अटैक लीड करेंगे।
दिलचस्प बात यह भी है कि, मोहम्मद शमी ने रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद चयनकर्ताओं ने उन पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने इस सीजन बंगाल के लिए अब तक तीन मैचों में 15 विकेट हासिल किए, लेकिन फिर भी उन्हें इस स्क्वाड में जगह नहीं मिली।
IND vs AUS Test Series 2025: मैचों की तारीख और स्थान
इस टेस्ट सीरीज का पहला मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 14 नवंबर से खेला जाएगा और इसके बाद दूसरा और आखिरी टेस्ट 22 नवंबर से गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। यह सीरीज भारत के लिए टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से बेहद अहम है और टीम निश्चित रूप से मजबूत शुरुआत करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का स्क्वाड
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उप-कप्तान, विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साईं सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नीतिश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, आकाश दीप।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

