टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच में विराट कोहली के शतक के चलते जीत दर्ज कर ली है। इस जीत के साथ भारतीय टीम सीरीज में 1-0 से आगे चल रही है। सीरीज का अगला मैच रायपुर में खेला जाना है, जिसके लिए दोनों टीमें तैयारी में जुटी हुई हैं।
रोहित शर्मा और विराट कोहली के आते ही टीम काफी बदली-बदली सी लगने लगी है। उन्होंने तो अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन कुछ खिलाड़ियों का प्रदर्शन अच्छा नहीं था। तो ऐसे में गंभीर उनको ड्रॉप करेंगे या फिर एक मौका और मिल सकता है। तो चलिए जानते हैं कि इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन किस प्रकार दिख सकती है।
यशस्वी और रोहित संभालेंगे ओपनिंग की कमान

रायपुर में होने वाले मुकाबले में भारतीय टीम की ओपनिंग की जिम्मेदारी पिछले मैच की तरह इस बार भी रोहित और यशस्वी के कंधों पर होगी। रोहित ने पिछले मैच में भी अच्छी बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया था, जबकि जायसवाल सस्ते में ही आउट हो गए थे, लेकिन इस बार वो अपनी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील करना चाहेंगे।
रोहित ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज से ही शानदार फॉर्म में हैं और पहले मैच में भी उन्होंने उस बात की पुष्टि की थी। अगर अचानक से गेंद नीची न होती तो वो उस दिन भी शतक लगा सकते थे। नंबर 3 पर विराट कोहली खेलेंगे। उनकी फॉर्म की भी कोई चिंता नहीं है, क्योंकि पिछले मैच में उन्होंने अपने पुराने अवतार की झलक दिखाई थी। पूर्व भारतीय कप्तान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया था। इस फॉर्म को वो बरकरार रखना चाहेंगे।
ऋतुराज के लिए हो सकता है आखिरी मौका
टीम इंडिया के उपकप्तान श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में कैरी का कैच पकड़ने के चक्कर में चोटिल हो गए थे और वो अभी तक फिट नहीं हुए हैं। उनकी जगह पर टीम में ऋतुराज गायकवाड़ और तिलक वर्मा को चुना गया है। लेकिन गायकवाड़ प्लेइंग इलेवन में खेलते हुए दिख सकते हैं।
पहले मैच में भी उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका दिया गया था, लेकिन वो कुछ खास नहीं कर पाए थे। अगर इस मैच में गायकवाड़ को मौका मिलता है और वो अच्छा प्रदर्शन करने में नाकामयाब होते हैं तो आखिरी मैच में मौका मिलना मुश्किल हो सकता है।
नंबर 5 पर वाशिंगटन सुंदर खेलते हुए दिखेंगे, क्योंकि कोच गौतम गंभीर लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन के बड़े फैन हैं और टॉप ऑर्डर में सिर्फ एक लेफ्टी है, इसलिए वो सुंदर को लगातार ऊपर मौका दे रहे हैं।
राहुल, जडेजा और रेड्डी संभाल सकते हैं लोअर मिडल ऑर्डर
नंबर 6 पर केएल राहुल खेलते हुए दिखेंगे। उनके कंधों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी भी है, क्योंकि वो कप्तानी भी कर रहे होंगे। पिछले मैच में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी और कप्तानी से टीम को मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।
नंबर 7 पर रविंद्र जडेजा खेलते हुए दिख सकते हैं। उनकी टीम में वापसी हो रही है और वो इस समय फॉर्म में भी चल रहे हैं। पहले वनडे में उन्होंने बल्ले से तो अच्छा फिनिश किया था, लेकिन गेंदबाजी में वैसा पैनापन नहीं दिख रहा है।
हर्षित को फिर मिल सकता है मौका
हर्षित राणा ने रांची में हुए पहले वनडे में शानदार गेंदबाजी करते हुए टीम इंडिया की जीत की नींव रखी थी। उन्होंने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर मैच को भारतीय टीम की तरफ झुका दिया था। अनुभवी पेसर्स की अनुपस्थिति में उनसे गेंदबाजी की कमान संभालने की उम्मीद की जाएगी।
अर्शदीप ने भी पहले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था और अपनी वेरिएशन और यॉर्कर से लगातार दबाव बनाया था। इस मैच में भी उनसे यही उम्मीद होगी। नंबर 10 पर प्रसिद्ध कृष्णा खेल सकते हैं। वो काफी लंबे समय से टीम इंडिया के साथ हैं, लेकिन उनके प्रदर्शन में कोई खास अंतर नहीं देखने को मिल रहा है। पिछले मैच में भी उन्होंने रन लुटाए थे। इस मैच में उन्हें थोड़े अच्छे प्लान्स के साथ आना पड़ेगा।
कुलदीप यादव ने पिछले मुकाबले में मैच को साउथ अफ्रीका की झोली में जाने से बचाया था। हर अहम मौके पर उन्होंने टीम को विकेट लेकर दिया था, जिससे भारतीय टीम मुकाबला जीतने में सफल हुई थी।
दूसरे वनडे में भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, वाशिंगटन सुन्दर, केएल राहुल (कप्तान&विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव।

