India Women Beat Australia Women to Reach Women’s World Cup 2025 Final: नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए महिला वर्ल्ड कप 2025 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने शानदार जीत हासिल की। 338 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 48.3 ओवरों में 341 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने फाइनल में जगह बना ली है।
जेमिमाह रोड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर की जोड़ी ने इस मुकाबले को भारतीय महिला क्रिकेट इतिहास की यादगार रात बना दिया।
ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत दमदार, लेकिन भारत ने रोक दिया तूफान
इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनकी शुरुआत अच्छी दिखी, लेकिन कप्तान एलिसा हीली 5 रन बनाकर जल्दी आउट हो गईं। इसके बाद फीबी लिचफील्ड और एलिस पेरी ने पारी को संभाला और शानदार बल्लेबाजी की।
लिचफील्ड ने 93 गेंदों पर 119 रन बनाए, जिसमें 17 चौके और 3 छक्के शामिल थे। पेरी ने 88 गेंदों पर 77 रन जोड़े। दोनों ने मिलकर 155 रनों की साझेदारी की और टीम को 180 रनों तक पहुँचाया। अंत में एश्ले गार्डनर ने 45 गेंदों पर 63 रन बनाकर टीम को 338 तक पहुँचा दिया।
भारतीय गेंदबाजों में दीप्ति शर्मा और श्री चरनी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अमनजोत कौर, क्रांति गौड़ और राधा यादव को एक-एक विकेट मिला।
शुरुआती झटकों के बाद मैदान पर छा गईं जेमिमाह और हरमनप्रीत
338 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले ओवर में शेफाली वर्मा 10 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद स्मृति मंधाना (24 रन) भी 9वें ओवर में पवेलियन लौट गईं और भारत का स्कोर 59/2 हो गया।
हालांकि, इसके बाद जेमिमाह रोड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले पारी को संभाला, फिर धीरे-धीरे रनगति बढ़ाई। हर शॉट आत्मविश्वास से भरा था और दोनों की बीच की समझ बेहतरीन दिखी। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 167 रनों की साझेदारी की। हरमनप्रीत ने 88 गेंदों पर 89 रन बनाए, जबकि जेमिमाह ने 134 गेंदों पर नाबाद 127 रन की पारी खेली। उनकी यह पारी संयम और क्लास का शानदार उदाहरण थी।
मिडिल ऑर्डर ने रखा रफ्तार कायम
जब हरमनप्रीत 35वें ओवर में आउट हुईं तो भारत को अब भी 113 रन चाहिए थे। यहाँ से दीप्ति शर्मा ने 24 रन बनाए और फिर उनके आउट होने के बाद ऋचा घोष मैदान पर आईं। ऋचा ने 16 गेंदों पर 26 रन ठोके, जिसमें 2 छक्के और 2 चौके शामिल थे। उनकी ये पारी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों पर भारी पड़ी। अंत में अमनजोत कौर ने 8 गेंदों पर नाबाद 15 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
भारत ने 339 रनों का ऐतिहासिक लक्ष्य 48.3 ओवर में हासिल कर लिया। यह किसी भी महिला या पुरूष वर्ल्ड कप नॉकआउट मुकाबलों में अब तक का सबसे बड़ा रन चेज है। इसके अलावा, यह महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज है।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज नहीं कर सके असर
ऑस्ट्रेलिया की ओर से किम गयार्थ और एनाबेल सदरलैंड ने दो-दो विकेट लिए, लेकिन बाकी सभी गेंदबाज बेअसर साबित हुए। स्पिनर अलाना किंग और सॉफी मोलिन्यू को कोई सफलता नहीं मिली।
जेमिमाह रोड्रिग्स रहीं मैच की नायिका
भारत की इस ऐतिहासिक जीत की सबसे बड़ी नायिका जेमिमाह रोड्रिग्स रहीं। उन्होंने धैर्य, सटीक टाइमिंग और जिम्मेदारी तीनों का शानदार मिश्रण दिखाया। उनकी नाबाद 127 रनों की पारी भारत की ओर से महिला वर्ल्ड कप नॉकआउट में दूसरी सबसे बड़ी पारी बनी। उनकी इस पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर महिला वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में जगह बना ली। अब टीम दक्षिण अफ्रीका से खिताबी मुकाबला खेलेगी। इस जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारतीय महिला टीम अब किसी भी बड़े मंच पर हार मानने वाली नहीं है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

