सूर्यकुमार यादव के 1000 रन पूरे करने के साथ भारत के चार कप्तान T20I इतिहास के खास क्लब में शामिल हो चुके हैं।
भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में USA के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 84 रनों की शानदार पारी खेली। इसी के साथ उन्होंने बतौर कप्तान टी20 इंटरनेशनल (T20I) क्रिकेट में 1000 रन पूरे किए। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने एक खास क्लब में अपनी जगह बना ली।
T20I जैसे फॉर्मेट में कप्तानी के दबाव के साथ लगातार रन बनाना आसान नहीं होता, लेकिन सूर्यकुमार यादव ने यह साबित कर दिया कि वह इस चुनौती पर खरे उतर सकते हैं। इस रिकॉर्ड के साथ वह उन चुनिंदा भारतीय कप्तानों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने T20I क्रिकेट में कप्तान रहते हुए 1000 से ज्यादा रन बनाए हैं। नीचे हम आपको टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 1000 से ज्यादा रन पूरा करने वाले भारतीय कप्तानों की पूरी लिस्ट बताने जा रहे हैं।
इन 4 भारतीय कप्तानों ने T20I क्रिकेट में बनाए हैं 1000 से ज्यादा रन
1. रोहित शर्मा – 1905 रन
रोहित शर्मा T20I क्रिकेट में कप्तान रहते हुए भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 62 मैचों की 62 पारियों में 1905 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका सर्वाधिक स्कोर 121 नाबाद रहा, जबकि उन्होंने 3 शतक और 13 अर्धशतक भी लगाए। कप्तान के रूप में रोहित शर्मा ने लगातार बड़े स्कोर किए और टीम को कई अहम जीत दिलाई।
2. विराट कोहली – 1570 रन
विराट कोहली ने कप्तान रहते हुए T20I क्रिकेट में 46 पारियों में 1570 रन बनाए। उनका औसत 47.58 रहा, जो इस लिस्ट में सबसे बेहतर है। हालांकि उनके नाम कप्तान के रूप में कोई शतक नहीं है, लेकिन उन्होंने 13 अर्धशतक लगाए और मुश्किल परिस्थितियों में भारत की पारी को संभालने की भूमिका निभाई।
3. MS धोनी – 1112 रन
महेंद्र सिंह धोनी ने T20I क्रिकेट में कप्तान रहते हुए 62 पारियों में 1112 रन बनाए। इस दौरान वह 32 बार नाबाद रहे, जो उनकी फिनिशर की भूमिका को साफ दिखाता है। धोनी का सर्वाधिक स्कोर 48 नाबाद रहा और उन्होंने कम मौके मिलने के बावजूद कप्तान के रूप में अहम योगदान दिया।
4. सूर्यकुमार यादव – 1074 रन*
सूर्यकुमार यादव भारत के चौथे ऐसे कप्तान बने हैं, जिन्होंने T20I क्रिकेट में 1000 से ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने 44 मैचों की 41 पारियों में 1074 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके नाम 1 शतक और 8 अर्धशतक दर्ज हैं। इस उपलब्धि को हासिल करने से पहले उन्हें सिर्फ 10 रनों की जरूरत थी, जिसे उन्होंने USA के खिलाफ मैच में पूरा किया।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।






