टी20 क्रिकेट को शुरू हुए लगभग दो दशक होने वाले हैं। इसकी शुरुआत से लेकर अभी तक इसमें बहुत से बदलाव देखने को मिले हैं। बल्लेबाज अब और भी ज़्यादा आक्रामक अंदाज़ में खेलते हैं और वो रिस्क लेने से नहीं डरते हैं। जिसके चलते अब वो पहली गेंद पर छक्का लगाने से हिचकिचाते नहीं हैं। पिछले कुछ सालों में औसत स्कोर में भी काफ़ी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
पहले भारतीय बल्लेबाज थोड़ा परिस्थिति को देखते हुए खेलते थे लेकिन अब वो अपने नेचुरल अंदाज़ में खेलते हैं और पारी की पहली गेंद पर छक्का लगाने से भी नहीं चूकते हैं। तो चलिए जानते हैं उन भारतीय बल्लेबाजों के बारे में जिन्होंने टी20 क्रिकेट की पहली गेंद पर सिक्स लगाया है।
टी20 क्रिकेट की पारी की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले खिलाड़ी
1. रोहित शर्मा (Rohit Sharma) – Vs Adil Rahid

टीम इंडिया के मौजूदा वनडे कप्तान रोहित शर्मा टी20 क्रिकेट की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले पहले भारतीय बने थे। उन्होंने यह कारनामा इंग्लैंड के खिलाफ साल 2021 में किया था। अहमदाबाद में खेले गए मैच के दौरान इस ताबड़तोड़ बल्लेबाज ने लेग स्पिनर आदिल रशीद की फर्स्ट बॉल को बाउंड्री पार करा दिया था।
2. यशस्वी जायसवाल (Yashasvai Jaiswal) – Vs Sikandar Raza

टीम इंडिया के ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल भी यह कारनामा कर चुके हैं। उन्होंने साल 2024 में ज़िम्बाब्वे दौरे में यह ख़ास उपलब्धि हासिल की थी। दरअसल इस युवा ओपनर ने ज़िम्बाब्वे के दिग्गज ऑलराउंडर सिकंदर रज़ा के खिलाफ पहली गेंद में छक्का मारा था और सोने पर सुहागा यह था कि यह नो बॉल थी।
जिसके बाद उन्हें फ्री हिट का सामना करने का मौका भी मिला था, जिसे भी ताबड़तोड़ ओपनर ने भुनाया था और अगली गेंद पर भी सिक्स लगाकर 13 रन बना दिए थे। यशस्वी टी20 क्रिकेट की पहली गेंद पर 13 रन बनाने वाले पहले भारतीय बन गए थे और अभी तक यह रिकॉर्ड उन्हीं के नाम पर है।
3. संजू सैमसन (Sanju Samson) – Vs Jofra Archer

टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन भले ही एशिया कप के दौरान मध्यक्रम में खेल रहे हों, लेकिन उसके पहले वो टी20 क्रिकेट में ओपनिंग कर रहे थे, जहाँ उन्होंने ढेरों रन बनाए थे। जिसके चलते वो प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने में सफल हुए हैं।
संजू के नाम भी छोटे फॉर्मेट में पहली गेंद पर छक्का लगाने का ख़ास रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने इसी साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई सीरीज़ में यह कारनामा किया था। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने इंग्लिश तेज़ गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की गेंद पर सिक्स लगाया था। हालाँकि वो अपनी पारी को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके थे, लेकिन इस अनोखे कीर्तिमान को अपने नाम ज़रूर किया था।
4. अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) – Vs Haider Ali

टीम इंडिया के ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भी एशिया कप के पहले मैच में ख़ास उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। वो चौथे ऐसे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने टी20 क्रिकेट की पहली गेंद पर सिक्स लगाया है।
अभिषेक शर्मा ने एशिया कप 2025 में यूएई के खिलाफ खेले गए मुक़ाबले में यह मुकाम हासिल किया था। इस ओपनर ने यूएई के गेंदबाज हैदर अली की पहली गेंद को बाउंड्री पार पहुँचाया था। उन्होंने लेफ्ट आर्म स्पिनर की फर्स्ट बॉल पर लॉन्ग ऑफ के ऊपर सिक्स मारकर इतिहास रचा था।







