Highest Partnership for India against South Africa in ODIs: विराट कोहली और रुतुराज गायकवाड़ ने बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में बड़ा रिकॉर्ड बना दिया। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 195 रन बनाए। यह किसी भी विकेट के लिए भारत की तरफ से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर और दिनेश कार्तिक के नाम था, जिन्होंने 2010 में दूसरे विकेट के लिए 194 रन बनाए थे। अब कोहली और गायकवाड़ की जोड़ी ने यह रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस आर्टिकल में हम अप[को एकदिवसीय मैचों में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की सर्वोच्च साझेदारीयों के बारे में बताएंगे।
4. विराट कोहली-अजिंक्य रहाणे (2018) | 189
विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे ने तीसरे विकेट के लिए 189 रन जोड़े थे, जिससे वे इस सूची में चौथे नंबर पर आते हैं। यह साझेदारी उन्होंने 2018 में किंग्समीड में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में की थी। इस मैच में कोहली ने 112 और रहाणे ने 79 रन बनाए थे। उनकी इस शानदार बल्लेबाज़ी की बदौलत भारत ने 270 रनों का लक्ष्य 27 गेंद पहले ही हासिल कर लिया और मैच छह विकेट से जीत लिया। इस जीत के साथ भारत ने दक्षिण अफ्रीका की लगातार 17 घरेलू जीतों का सिलसिला भी तोड़ दिया और उस टीम को आसानी से हरा दिया, जो उस समय नंबर-1 वनडे टीम थी।
3. सचिन तेंदुलकर-सौरव गांगुली (2001) | 193
सौरव गांगुली और सचिन तेंदुलकर की जोड़ी दुनिया की सबसे खास क्रिकेट जोड़ियों में से एक मानी जाती है। 2001 में जोहान्सबर्ग में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में उन्होंने अपनी बेहतरीन बल्लेबाज़ी से सबको चौंका दिया था। शुरुआत में उन्होंने सिर्फ 68 गेंदों में 50 रन जोड़ लिए और जल्दी ही यह साझेदारी 100 रन तक पहुंच गई। इस दौरान गांगुली ने अपना अर्धशतक पूरा किया और सचिन लगातार पारी संभालते रहे। दोनों ने मिलकर 150 रन भी पार कर लिए और दोहरे शतक की ओर बढ़ रहे थे। लेकिन जब वे शानदार खेल रहे थे, तब जस्टिन केम्प ने गांगुली को 127 रनों पर आउट कर दिया। इसी के साथ उनकी 193 रनों की शानदार साझेदारी खत्म हुई।
2. सचिन तेंदुलकर- दिनेश कार्तिक (2010) | 194

सचिन तेंदुलकर और दिनेश कार्तिक इस सूची में दूसरे नंबर पर हैं। फरवरी 2010 में ग्वालियर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए वनडे मैच में दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 194 रन जोड़े थे। उस मैच में तेंदुलकर ने शानदार दोहरा शतक बनाया था, जबकि कार्तिक ने 79 रन बनाकर टीम को 50 ओवर में 401/3 तक पहुंचाया। बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम 248 रन ही बना सकी और भारत यह मैच 153 रनों से आसानी से जीत गया।
1. विराट कोहली- रुतुराज गायकवाड़ (2025) | 195
विराट कोहली और रुतुराज गायकवाड़ ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे में किसी भी विकेट के लिए भारत की सबसे बड़ी साझेदारी बनाकर नया रिकॉर्ड बना दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 195 रन जोड़े, जिसकी मदद से भारत ने तीन मैचों की सीरीज के दूसरे वनडे में 300 से ज़्यादा रन बना लिए।
रायपुर में खेले गए इस मैच में कोहली ने 93 गेंदों में 2 छक्के और 7 चौकों की मदद से 102 रन बनाए। यह उनके वनडे करियर का 53वां शतक था। वहीं रुतुराज गायकवाड़ ने 83 गेंदों में 2 छक्के और 12 चौकों के साथ 105 रन बनाए। उन्होंने सिर्फ 77 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किसी भारतीय बल्लेबाज़ द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे तेज़ वनडे शतक है।

