INDW vs AUSW 3rd ODI 2025 Match Report in Hindi: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 20 सितंबर 2025 (शनिवार) को खेले गए तीसरे वनडे में दर्शकों को रनों की बरसात देखने को मिली। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दोनों टीमों ने आक्रामक बल्लेबाजी की, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने इस हाई-स्कोरिंग मैच में 43 रनों से जीत हासिल की। यह मुकाबला सीरीज का आखिरी वनडे था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 412/10 का बड़ा स्कोर खड़ा किया था।
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों का दमदार प्रदर्शन
ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 47.5 ओवरों में 412/10 रन बनाए। कप्तान एलिसा हीली और जॉर्जिया वॉल ने आक्रामक अंदाज में पारी की शुरुआत की। हालांकि, हीली ने सिर्फ 18 गेंदों में 30 रन बनाए और पारी के चौथे ओवर में आउट हो गईं। इसके बाद जॉर्जिया वॉल और एलिस पेरी ने शानदार साझेदारी करते हुए स्कोर को 150 रनों के पार पहुंचाया। वॉल ने 68 गेंदों पर 81 रन बनाए, जबकि पेरी ने 72 गेंदों पर 68 रनों की पारी खेली।
लेकिन बेथ मूनी ने इस पारी में सबसे धमाकेदार बल्लेबाजी की। मूनी ने 75 गेंदों पर 138 रन ठोक डाले, जिसमें 23 चौके और 1 छक्का शामिल था। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 184 का रहा, जिसने भारतीय गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में डाल दिया। हालांकि, रन आउट के चलते उनकी बेहतरीन पारी का अंत हुआ।
ऑलराउंडर एश्ले गार्डनर ने 24 गेंदों पर 39 रन बनाए और टीम का स्कोर 400 के पार पहुंचा दिया। अंत में अरुंधति रेड्डी ने 3 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की पारी को 412 के स्कोर पर ऑलआउट किया।
भारतीय गेंदबाजों पर पड़ा दबाव
भारतीय गेंदबाजों के लिए यह मैच काफी चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। रेनुका सिंह ने 9 ओवर में 79 रन देकर 2 विकेट लिए। स्नेह राणा और दीप्ति शर्मा ने एक-एक विकेट हासिल किया। अरुंधति रेड्डी सबसे सफल गेंदबाज रहीं, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए लेकिन 8.5 ओवर में 86 रन लुटाए। राधा यादव काफी महंगी साबित हुईं और 4 ओवर में 48 रन दे बैठीं।
स्मृति मंधाना की रिकॉर्ड ब्रेकिंग पारी बनी चर्चा का विषय
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी रही। स्मृति मंधाना ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 63 गेंदों में 125 रन ठोक डाले। उनकी पारी में 17 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उन्होंने 50 गेंदों पर शतक जड़ा, जो भारतीय वनडे क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज शतक है।
भारतीय पारी के दौरान स्मृति और कप्तान हरमनप्रीत कौर के बीच 121 रनों की शानदार साझेदारी हुई। हरमनप्रीत ने 35 गेंदों पर 52 रन बनाए और पवेलियन लौट गईं। इसके बाद दीप्ति शर्मा ने भी 72 रन की अहम पारी खेली और भारत को मुकाबले में बनाए रखा। उनके अलावा, स्नेह राणा ने 41 गेंदों पर 35 रनों का धीमा योगदान दिया, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। अंततः भारत की पूरी टीम 47 ओवरों में 369 रनों पर सिमट गई और 43 रनों से यह मुकाबला हार गई।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने दिखाया संयम
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने स्मृति मंधाना की आक्रामक बल्लेबाजी के बावजूद मैच को अपने नियंत्रण में बनाए रखा। किम गार्थ सबसे सफल गेंदबाज रहीं, जिन्होंने 9 ओवर में 69 रन देकर 3 विकेट झटके। मेगन शट ने भी 2 अहम विकेट लिए। जॉर्जिया वेरहैम, ताहलिया मैकग्रा और एश्ले गार्डनर ने एक-एक विकेट हासिल किया और ऑस्ट्रेलिया महिला टीम को न सिर्फ इस मैच में बल्कि सीरीज जीतने में भी अहम भूमिका निभाई।
INDW vs AUSW: इस मैच में बने ये बड़े रिकॉर्ड्स
भारतीय क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज शतक: स्मृति मंधाना ने 50 गेंदों में शतक जड़कर विराट कोहली (52 गेंद, बनाम ऑस्ट्रेलिया, जयपुर 2013) का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब यह पुरूष या महिला क्रिकेट में भारत की सबसे तेज वनडे सेंचुरी है।
भारत महिला टीम के लिए सबसे तेज अर्धशतक: मंधाना ने सिर्फ 23 गेंदों में पचासा लगाया, जो भारतीय महिला क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज वनडे पचासा है।
लगातार दो शतक लगाने का रिकॉर्ड: मंधाना ने सितंबर 2025 में लगातार दूसरा शतक जड़कर अपना ही जून 2024 का रिकॉर्ड दोहराया। वह अब भारत महिला टीम की एकमात्र बल्लेबाज हैं, जिसने दो बार लगातार दो मैचों में शतक लगाए हैं। उनके अलावा, किसी भी भारतीय महिला खिलाड़ी में वनडे क्रिकेट में लगातार दो शतक नहीं लगाए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरा सबसे ज्यादा शतक: मंधाना ने इस पारी से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथा शतक पूरा किया और नैट सिवर-ब्रंट (4) और टैमी ब्यूमोंट (4) की बराबरी की। अब वह इस सूची में मेग लैनिंग (6) से सिर्फ दो शतक पीछे तीसरे नंबर पर आ गई हैं।
एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा शतक: मंधाना के 2025 में चार शतक लगा लिए हैं, जिससे उन्होंने 2024 का अपना ही रिकॉर्ड दोहराया और ताजमिन ब्रिट्स के साथ बराबरी पर पहुंच गईं।
महिला वनडे क्रिकेट में दूसरा सबसे ज्यादा शतक: मंधाना के अब 13 वनडे शतक हो गए हैं। वह इस मामले में सूज़ी बेट्स (13) की बराबरी कर चुकी हैं। अब उनसे आगे सिर्फ मेग लैनिंग (15) हैं।
मूनी ने बनाया भारत के खिलाफ महिला वनडे का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर: बेथ मूनी का 138 रन भारत के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। यह रिकॉर्ड पहले से क्लेयर टेलर के नाम है, जिन्होंने 2006 में लॉर्ड्स पर नाबाद 156 रन बनाए थे।
मूनी का दूसरा सबसे ज्यादा बाउंड्री रिकॉर्ड: मूनी की पारी में 24 बाउंड्री (23 चौके और एक छक्का) लगीं, जो ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की ओर से दूसरा सबसे ज्यादा बाउंड्री काउंट है। पहला रिकॉर्ड एलिसा हीली के नाम है (26 चौके, 170 बनाम इंग्लैंड, 2022 वर्ल्ड कप फाइनल)।
ऑस्ट्रेलिया का दूसरा सबसे बड़ा चौकों का रिकॉर्ड: इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 60 चौके लगाए, जो महिला वनडे में किसी पारी में दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। पहला रिकॉर्ड न्यूजीलैंड महिला टीम के नाम है, जिन्होंने 2018 में आयरलैंड के खिलाफ 64 चौके लगाए थे।
भारतीय महिला टीम का दूसरा सबसे बड़ा पॉवरप्ले स्कोर: भारतीय टीम ने पहले 10 ओवर में 96/2 का स्कोर बनाया, जो उनके वनडे इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा पॉवरप्ले स्कोर है। उनका पॉवरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर 90/0 (आयरलैंड के खिलाफ, राजकोट 2025) है।
महिला वनडे में सबसे ज्यादा बाउंड्री काउंट की लिस्ट में शामिल: इस मैच में कुल 65 बाउंड्री लगीं, जो महिला वनडे इतिहास में तीसरे नंबर पर है। सबसे ज्यादा बाउंड्री न्यूजीलैंड बनाम आयरलैंड (71, डबलिन 2018) में लगी थीं।
भारत महिला टीम के गेंदबाजों का महंगा रिकॉर्ड: अरुंधति रेड्डी (3/86) और रेणुका सिंह (2/79) ने अपने करियर की सबसे महंगी गेंदबाजी की। अरुंधति का यह स्पेल भारत महिला टीम के इतिहास में दूसरा सबसे महंगा स्पेल है।
महिला वनडे में चौथी बार 400+ का स्कोर: ऑस्ट्रेलिया का 412 रन का स्कोर महिला वनडे इतिहास में चौथी बार 400+ का स्कोर है। भारत के खिलाफ यह पहला मौका था जब किसी टीम ने 400 से ज्यादा रन बनाए।
INDW vs AUSW ODI 2025: सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं स्मृति मंधाना
इस सीरीज में बल्लेबाजों में स्मृति मंधाना सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं, जिन्होंने तीन मैचों में दो शतकों के साथ 300 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 100.00 और स्ट्राइक रेट 138.25 रहा, जिसमें 37 चौके और 11 छक्के शामिल थे। उनके बाद ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी रहीं, जिन्होंने 116.50 की औसत से 233 रन बनाए।
क्रांति गौड़ रहीं सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज
इस सीरीज में गेंदबाजों में भारत की युवा तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन ने किया, जिन्होंने तीन मैचों में 27.80 की औसत से 5 विकेट चटकाए। हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई अनुभवी तेज गेंदबाज मेगन शट ने भी 21.5 ओवरों में 28.80 की औसत से 5 विकेट लिए।
बेथ मूनी बनीं प्लेयर ऑफ द मैच, प्लेयर ऑफ द सीरीज स्मृति मंधाना के नाम
इस मैच के Player of the Match का सम्मान ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी को दिया गया, जिन्होंने इस मैच में 138 रनों की शानदार पारी खेलकर अपनी टीम को बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, स्मृति मंधाना ने प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भारत जीता, जिन्होंने लगातार शानदार बल्लेबाजी करते हुए कुल 300 रन बनाए और अपने शतकों के दम पर टीम को हर मुकाबले में मजबूत स्थिति में रखा।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

