आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी टीम को मजबूत बनाने के लिए कई नए खिलाड़ियों को शामिल किया है। कुछ खिलाड़ियों को उन्होंने पिछले सीजन इंजरी रिप्लेसमेंट साइन किया था तो कुछ को ऑक्शन से पहले ट्रेड किया था और बाकियों को ऑक्शन में खरीदकर अच्छी टीम बनाई है।
इस सीजन टीम में 3 ऐसे खिलाड़ी हैं जो पहली बार सीएसके की जर्सी पहनकर मैदान पर उतर सकते हैं। इन खिलाड़ियों के आने से टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में मजबूती आने की उम्मीद है। तो चलिए जानते हैं कि कौन है वो खिलाडी?
सीएसके के लिए साल 2026 में डेब्यू कर सकते हैं यह खिलाड़ी
1. संजू सैमसन (Sanju Samson)
सीएसके ने संजू सैमसन को एक बड़े ट्रेड के जरिए अपनी टीम में शामिल किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह डील करीब 18 करोड़ रुपये की बताई जा रही है। सैमसन टीम के अहम खिलाड़ी माने जा रहे हैं और वह युवा खिलाड़ी आयुष म्हात्रे के साथ पारी की शुरुआत करते नजर आ सकते हैं। उनके आने से टीम की बैटिंग लाइनअप और मजबूत हो सकती है।
संजू ने इस साल टी20 वर्ल्ड कप में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने अपनी परफॉरमेंस के दम पर भारतीय टीम को लगातार दूसरा खिताब जिताने में मदद की थी। उनके प्रदर्शन के चलते उन्हें प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट दिया गया था।
2. मैट हेनरी (Matt Henry)
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी भी इस सीजन सीएसके की टीम का हिस्सा बने हैं। उन्हें चेन्नई ने 2 करोड़ रुपये में खरीदा है। हेनरी नई गेंद से विकेट निकालने की क्षमता रखते हैं और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी कई बार अपनी टीम के लिए अहम भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में उनसे भी टीम को अच्छी गेंदबाजी की उम्मीद रहेगी।
पिछले सीजन चेन्नई की गेंदबाजी काफी कमजोर थी इसलिए हेनरी को ख़रीदा गया है। वो पिछले कुछ समय में बुमराह के बाद आल फॉर्मेट बेस्ट तेज गेंदबाज हैं और हर कंडीशन में विकेट लेना जानते हैं।
3. राहुल चाहर (Rahul Chahar)
भारतीय लेग स्पिनर राहुल चाहर भी पहली बार चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते दिखाई देंगे। आईपीएल 2026 की नीलामी में सीएसके ने उन्हें लगभग 5.20 करोड़ रुपये में खरीदा था।
चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम की पिच आमतौर पर स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार रहती है, ऐसे में राहुल चाहर टीम के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकते हैं।

