टीम इंडिया के तेज गेंदबाज और आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा हर्षित राणा चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनके बाहर होने की वजह से केकेआर को बड़ा झटका लगा है।
कोलकाता की टीम उनका रिप्लेसमेंट ले सकती है। हर्षित के बाहर होने की वजह से केकेआर को इस सीजन गेंदबाजी में संघर्ष करना पड़ सकता है। तो चलिए जानते हैं कि कोलकाता नाइट राइडर्स किसे रिप्लेसमेंट के रूप में साइन कर सकती है?
इन खिलाड़ियों को रिप्लेसमेंट के रूप में साइन कर सकती है केकेआर
1. सिमरजीत सिंह (Simarjeet Singh)
दिल्ली के तेज गेंदबाज सिमरजीत सिंह भी हर्षित राणा को रिप्लेस कर सकते हैं। वह इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल चुके हैं। सिमरजीत को आईपीएल खेलने का भी अनुभव है।
सिमरजीत ने आईपीएल में अब तक 14 मैचों में 11 विकेट लिए हैं। सिंह ने दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 में 20 विकेट लिए थे। वह और मनी ग्रेवाल संयुक्त रूप से पिछले डीपीएल सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे।
2. मनी ग्रेवाल (Mani Grewal)
दिल्ली में उनके साथी तेज गेंदबाज मनी ग्रेवाल कोलकाता में हर्षित राणा को रिप्लेस कर सकते हैं। मनी ने 2025 में दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) में बेहतरीन गेंदबाजी की थी।
मनी ने ईस्ट दिल्ली राइडर्स के खिलाफ काफी अच्छा प्रदर्शन किया था और हैट्रिक भी चटकाई थी। वह डीपीएल के पिछले सीजन में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे।
उन्होंने 20 विकेट अपने नाम किए थे। इसलिए ग्रेवाल नाइट राइडर्स के लिए एक अच्छी डील साबित हो सकते हैं।
3. आकाश मधवाल (Akash Madhwal)
कोलकाता के लिए तेज गेंदबाज आकाश मधवाल भी हर्षित राणा का अच्छा विकल्प साबित हो सकते हैं। मधवाल ने साल 2023 में ही मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में डेब्यू किया था।
उस सीजन आकाश ने 8 मैचों में 14 विकेट अपने नाम किए थे। हालांकि उसके बाद उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले हैं। इसके बाद मधवाल मुंबई इंडियंस से राजस्थान रॉयल्स में चले गए थे, जहाँ उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले थे।

