IPL 2026 मिनी ऑक्शन में जहां कुछ खिलाड़ियों पर करोड़ों की बारिश हुई, वहीं कई मैच विनर खिलाड़ी उम्मीद से कहीं कम कीमत में टीमों के लिए बड़े फायदे का सौदा साबित हुए।
IPL 2026 मिनी ऑक्शन का आयोजन अबू धाबी में हुआ, जहां कुल 369 खिलाड़ियों में से 156 खिलाड़ियों पर बोली लगी, लेकिन सिर्फ 77 स्लॉट ही भर पाए। इस ऑक्शन में जहां कैमरन ग्रीन ने 25.20 करोड़ रुपये में इतिहास रच दिया, वहीं कई अनुभवी और फॉर्म में चल रहे खिलाड़ी अपनी बेस प्राइस पर या उससे थोड़ा ऊपर बिके।
यहाँ हम ऐसे ही पांच खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें सस्ते में खरीदकर फ्रेंचाइजियों ने लंबी रेस का मास्टरस्ट्रोक खेला।
ये रहे IPL 2026 Auction में टॉप 5 सबसे सस्ते लेकिन सबसे समझदार सौदे
1. डेविड मिलर – दिल्ली कैपिटल्स, 2 करोड़ रुपये
डेविड मिलर का नाम आईपीएल के सबसे भरोसेमंद फिनिशर्स में गिना जाता है और ऐसे खिलाड़ी का सिर्फ 2 करोड़ रुपये में बिकना किसी सरप्राइज से कम नहीं था। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें उनकी बेस प्राइस पर अपने साथ जोड़ा, जो इस ऑक्शन का पहला बड़ा बर्गेन साबित हुआ।
आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए उनका प्रदर्शन भले ही औसत रहा हो, लेकिन उनका अनुभव और दबाव में रन बनाने की क्षमता आज भी वैसी ही है। मिलर के आईपीएल आंकड़े साफ दिखाते हैं कि वह लंबे समय तक टीम को मैच जिता सकते हैं और यही वजह है कि 2 करोड़ में उन्हें खरीदना दिल्ली के लिए बड़ा फायदा माना जा रहा है।
डेविड मिलर के IPL आंकड़े:
- पारियां: 135
- रन: 3077
- औसत: 35.37
- स्ट्राइक रेट: 138.60
- शतक: 1
- अर्धशतक: 13 अर्धशतक
2. बेन डकेट – दिल्ली कैपिटल्स, 2 करोड़ रुपये
डेविड मिलर के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने बेन डकेट को भी 2 करोड़ रुपये में खरीदकर अपनी बल्लेबाजी को और मजबूत किया। बेन डकेट एक आक्रामक बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जो पॉवरप्ले में तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं।
हाल के समय में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका फॉर्म शानदार रहा है और वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में उनका औसत और स्ट्राइक रेट दोनों ही प्रभावशाली रहे। ऐसे खिलाड़ी को बेस प्राइस पर खरीदना दिल्ली के लिए एक और समझदारी भरा कदम माना जा रहा है।
3. अशोक शर्मा – गुजरात टाइटंस, 90 लाख रुपये
IPL 2026 मिनी ऑक्शन में अनकैप्ड खिलाड़ियों की खूब चर्चा रही और कई युवा खिलाड़ियों पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए। इसी बीच अशोक शर्मा का सिर्फ 90 लाख रुपये में बिकना गुजरात टाइटंस के लिए एक साइलेंट जैकपॉट जैसा रहा।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने वाले इस युवा तेज गेंदबाज ने लगातार विकेट लेकर सभी का ध्यान खींचा। 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाला यह खिलाड़ी आने वाले सीजन में गुजरात के लिए एक्स फैक्टर साबित हो सकता है।
अशोक शर्मा के घरेलू आंकड़े:
- सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025: 10 पारियां, 22 विकेट
- रणजी ट्रॉफी 2025: 7 पारियां, 14 विकेट
4. टिम सेफर्ट – कोलकाता नाइट राइडर्स, 1.5 करोड़ रुपये
टिम सेफर्ट का करियर इस समय शानदार दौर से गुजर रहा है और ऐसे फॉर्म में चल रहे खिलाड़ी का 1.5 करोड़ रुपये में बिकना निश्चित रूप से कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए फायदे का सौदा है। चार साल बाद आईपीएल में वापसी कर रहे सेफर्ट ने 2025 में अलग-अलग लीग्स और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार रन बनाए हैं।
उनकी स्ट्राइक रेट और औसत दोनों यह दिखाते हैं कि वह किसी भी टीम के लिए गेम चेंजर साबित हो सकते हैं। KKR के लिए मिडिल ऑर्डर में उनकी भूमिका काफी अहम रहने वाली है।
5. वानिंदु हसरंगा – लखनऊ सुपर जायंट्स, 2 करोड़ रुपये
श्रीलंका के स्टार ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा को लखनऊ सुपर जायंट्स ने सिर्फ 2 करोड़ रुपये में खरीदा, जो ऑक्शन का आखिरी लेकिन बेहद अहम बर्गेन माना जा रहा है। आईपीएल 2025 में उनका प्रदर्शन औसत रहा था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने हाल ही में शानदार गेंदबाजी की है।
पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज और एशिया कप 2025 में उनकी विकेट लेने की क्षमता साफ नजर आई, जिससे यह साफ होता है कि वह अभी भी बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं। 2 करोड़ में ऐसा ऑलराउंडर मिलना लखनऊ के लिए लंबी दौड़ में बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है।
IPL 2026 से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







