IPL AUCTION 2026: इस बार के आईपीएल ऑक्शन के लिए कुल 1355 खिलाड़ियों ने अपना नाम दर्ज कराया था, लेकिन BCCI ने हाल ही में जो सूची जारी की है, उसमें से 1005 खिलाड़ियों को बाहर कर दिया गया है। IPL 2026 के ऑक्शन के लिए कुल 350 खिलाड़ी शॉर्टलिस्ट हुए हैं। नीलामी 16 दिसंबर को दुबई में दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगी। इस बार के आईपीएल ऑक्शन में रचिन रविंद्र, जोश इंग्लिस, डेविड मिलर, रवि बिश्नोई, वानिंदु हसरंगा, लियाम लिविंगस्टोन और मथीशा पथिराना जैसे कई बड़े खिलाड़ियों पर भारी बोली लग सकती है। यहाँ देखिए उन 5 अनकैप्ड तेज गेंदबाज़ों की सूची, जिन पर ऑक्शन में करोड़ों रुपये की बोली लग सकती है।
आईपीएल ऑक्शन में 5 अनकैप्ड बॉलर बन सकते हैं करोड़पति
राज लिंबानी
अगर कोई टीम लंबे समय के लिए किसी युवा तेज गेंदबाज़ को शामिल करना चाहे, तो बड़ौदा के 20 साल के राज लिंबानी एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 7 मैच खेलकर 15 विकेट लिए हैं। हाल ही में एक मैच में उन्होंने सिर्फ 5 रन देकर 3 विकेट चटकाए। 2023 के अंडर-19 एशिया कप में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था, जहाँ नेपाल के खिलाफ उन्होंने 13 रन देकर 7 विकेट लिए थे।
आकिब नबी
जम्मू-कश्मीर का यह तेज़ गेंदबाज़ इस साल दिलीप ट्रॉफी के दौरान विशेष सुर्खियों में आया था। क्वार्टर फाइनल मैच में उसने लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट लेकर सबको चौंका दिया। रणजी ट्रॉफी 2025–26 में भी वह अब तक दूसरे नंबर का सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाला गेंदबाज़ है, जिसने 9 पारियों में 29 विकेट हासिल किए हैं। टी20 फॉर्मेट में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान भी वह 4 विकेट लेकर चर्चा में रहा था। उसकी यह फॉर्म उसे मिनी ऑक्शन में करोड़ों का करार दिला सकती है।
आकिब खान
उत्तर प्रदेश के युवा तेज़ गेंदबाज़ आकिब खान की उम्र अभी सिर्फ 21 साल है, लेकिन उनका प्रदर्शन काफ़ी प्रभावशाली रहा है। पिछले साल उन्हें इमर्जिंग एशिया कप के लिए चुना गया था, हालांकि खेलने के ज़्यादा मौके नहीं मिले। रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में भी वे अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और 3 पारियों में 8 विकेट ले चुके हैं। वे अच्छी गति के साथ गेंद को स्विंग कराने में माहिर हैं। अब तक खेले गए 19 फ़र्स्ट-क्लास मैचों में वे 52 विकेट लेकर अपनी काबिलियत साबित कर चुके हैं।
मनी ग्रेवाल
दिल्ली के 25 साल के मनी ग्रेवाल दिल्ली प्रीमियर लीग में स्टार गेंदबाज़ बनकर उभरे। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने सबसे ज़्यादा विकेट लिए और 11 मैचों में 20 विकेट झटके। वे तेज़ रफ़्तार के साथ सटीक यॉर्कर डालने में माहिर हैं। उनकी यही क्षमता उन्हें नीलामी में अच्छी रकम दिला सकती है।
अशोक शर्मा
राजस्थान के 23 साल के तेज़ गेंदबाज़ अशोक शर्मा इस समय सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने सिर्फ 7 मैचों में 19 विकेट लिए हैं। इससे पहले वे राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीमों का हिस्सा भी रह चुके हैं। उनकी मौजूदा लय को देखते हुए ऑक्शन में उनके लिए जोरदार बोली लगने की पूरी उम्मीद है।

