IPL में डेब्यू करना हर खिलाड़ी के लिए एक बड़ा मौका होता है, लेकिन कुछ गेंदबाजों ने अपने पहले ही मैच में ऐसा जलवा बिखेरा कि उनका नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गया। हाल ही में, IPL 2025 में अश्वनी कुमार ने मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल डेब्यू करते हुए अपनी पहली ही गेंद पर विकेट चटकाया और 3 ओवरों के स्पेल में 4 विकेट हासिल किए।
यहां हम उन टॉप 6 गेंदबाजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने अपने डेब्यू मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन किया है।
ये हैं IPL डेब्यू मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले टॉप 6 गेंदबाज
6. डेविड वीजा (4/33) – रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम मुंबई इंडियंस, 2015
दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया के ऑलराउंडर डेविड वीजा ने 2015 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेलते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ 4/33 का प्रदर्शन किया था। यह उनके लिए एक यादगार डेब्यू साबित हुआ था, हालांकि उनकी टीम को इस मैच में हार का सामना करना पड़ा था।
5. केवोन कूपर (4/26) – राजस्थान रॉयल्स बनाम किंग्स इलेवन पंजाब, 2012
वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज केवोन कूपर ने 2012 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए अपने डेब्यू मैच में ही 4 विकेट झटके थे। उन्होंने पंजाब की बल्लेबाजी को झकझोर कर रख दिया और अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई।
4. अश्वनी कुमार (4/24) – मुंबई इंडियंस बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, 2025
2025 के IPL सीजन में मुंबई इंडियंस के अश्वनी कुमार ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 4/24 का प्रदर्शन किया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही वह IPL डेब्यू पर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए। खास बात यह रही कि वह इस सूची में शामिल होने वाले एकमात्र भारतीय गेंदबाज हैं।
3. शोएब अख्तर (4/11) – कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम दिल्ली डेयरडेविल्स, 2008
रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से मशहूर शोएब अख्तर ने 2008 के IPL में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में 4 विकेट झटके थे। उनकी घातक गेंदबाजी की बदौलत केकेआर ने यह मैच आसानी से जीत लिया था।
2. एंड्रू टाई (5/17) – गुजरात लायंस बनाम राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, 2017
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज एंड्रू टाई ने 2017 में गुजरात लायंस के लिए खेलते हुए राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के खिलाफ 5 विकेट लिए। उन्होंने 17 रन देकर 5 विकेट चटकाए और अपनी टीम को बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
1. अल्जारी जोसेफ (6/12) – मुंबई इंडियंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, 2019
वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ आईपीएल डेब्यू मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 2019 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 6/12 का ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था। यह IPL डेब्यू पर किसी भी गेंदबाज द्वारा किया गया सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है और आज तक यह रिकॉर्ड बरकरार है।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।