CSK vs GT मैच से पहले कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने MS Dhoni की फिटनेस और वापसी पर बड़ा अपडेट दिया है।
आईपीएल 2026 के दूसरे हाफ का आगाज अब हो चुका है और आज रविवार को 03:30 बजे चेपॉक के मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स का सामना गुजरात टाइटंस (CSK vs GT) से होने वाला है। लेकिन इस ‘महामुकाबले’ से पहले करोड़ों फैंस की जुबान पर सिर्फ एक ही सवाल है कि क्या आज महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) पीली जर्सी पहनकर मैदान पर उतरेंगे?
चेन्नई के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने मैच की पूर्व संध्या पर धोनी की फिटनेस को लेकर जो बयान दिया है, उसने सस्पेंस को और गहरा कर दिया है।
नेट्स में दिखे पुराने ‘थाला’, फैंस की बढ़ी उम्मीदें
पिछले कुछ मैचों से चोट की वजह से बाहर चल रहे धोनी को शनिवार शाम चेपॉक के नेट्स में पसीना बहाते देखा गया। जानकारी के मुताबिक, धोनी ने न सिर्फ बल्लेबाजी का कड़ा अभ्यास किया, बल्कि वह मैदान पर काफी देर तक दौड़ते भी नजर आए। फैंस के लिए यह एक बड़ा पॉजिटिव संकेत है कि धोनी अब वापसी की राह पर हैं।
जब कोच स्टीफन फ्लेमिंग से धोनी के खेलने पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बहुत सधे हुए अंदाज में कहा, “धोनी रिकवरी की राह पर हैं और वह अच्छा प्रोग्रेस कर रहे हैं।”
हालांकि, फ्लेमिंग ने यह साफ नहीं किया कि वह आज की प्लेइंग 11 का हिस्सा होंगे या नहीं, लेकिन उनके इस बयान ने फैंस के बीच खलबली मचा दी है।
धोनी की अनुपस्थिति में ऋतुराज गायकवाड़ पर बढ़ रहा है दबाव
CSK इस वक्त पॉइंट्स टेबल में बीच के पायदान पर फंसी हुई है। टीम ने अब तक 7 में से सिर्फ 3 मैच जीते हैं। दूसरी ओर, कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल रहे ऋतुराज गायकवाड़ के लिए बल्ले से भी यह सीजन आसान नहीं रहा है, लेकिन फ्लेमिंग ने उनका बचाव करते हुए कहा कि वह एक क्वालिटी प्लेयर हैं और उन्हें टीम के भीतर पूरा समर्थन हासिल है।
लेकिन यह भी सच है कि आयुष म्हात्रे जैसे युवा बल्लेबाज की अनुपस्थिति और गायकवाड़ की खराब फॉर्म के बीच, टीम को एक अनुभवी फिनिशर की सख्त जरूरत है। अगर धोनी आज मैदान पर उतरते हैं, तो यह न सिर्फ टीम का मनोबल बढ़ाएगा बल्कि चेपॉक की धीमी पिच पर गुजरात के गेंदबाजों के लिए भी बड़ी चुनौती होगी।
चेपॉक की पिच और गुजरात की चुनौती
चूकि आज का मैच दोपहर में है, इसीलिए चेन्नई की भीषण गर्मी खिलाड़ियों की कड़ी परीक्षा लेगी। चेपॉक की पिच पर स्पिनर्स का बोलबाला रह सकता है, जहां अकील हुसैन और नूर अहमद जैसे गेंदबाज मैच पलट सकते हैं। गुजरात टाइटंस के लिए सबसे बड़ी चिंता उनका मिडिल ऑर्डर है, जो पिछले कई मैचों से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहा है।
संजू सैमसन पर टिकी रहेंगी सभी की नजरें
इस मैच में सबकी नजरें संजू सैमसन पर भी होंगी, जो इस सीजन में अब तक दो शतक जड़ चुके हैं। अगर संजू और ऋतुराज अच्छी शुरुआत देते हैं और अंत में धोनी का ‘फिनिशिंग टच’ मिलता है, तो चेन्नई को उनके घर में हराना गुजरात के लिए लगभग नामुमकिन होगा।
क्या आज धोनी खेलेंगे? इसका अंतिम फैसला टॉस के समय ही होगा, लेकिन फ्लेमिंग के संकेत और धोनी की नेट्स प्रैक्टिस ने यह तो साफ कर दिया है कि ‘थाला’ की वापसी अब बस कुछ ही कदम दूर है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







