गुजरात टाइटंस ने आखिरी गेंद तक चले मुकाबले में मेजबान दिल्ली कैपिटल्स को 1 रन से हराया।

आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला गया मुकाबला इस सीजन के सबसे रोमांचक मैचों में से एक साबित हुआ। आखिरी गेंद तक चले इस हाई-स्कोरिंग मैच में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन अंत में बाजी गुजरात के हाथ लगी।

211 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने पूरे मैच में लड़ाई दिखाई और कई मौकों पर मैच अपने पक्ष में भी कर लिया था। लेकिन दबाव के क्षणों में छोटी-छोटी गलतियों ने टीम से जीत छीन ली और सिर्फ 1 रन से यह मैच उनके हाथ से निकल गया।

शुभमन गिल, बटलर और सुंदर ने खड़ा किया बड़ा स्कोर

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत आक्रामक रही। उन्होंने पॉवरप्ले में ही तेज रन बनाए और दिल्ली के गेंदबाजों को दबाव में डाल दिया। कप्तान शुभमन गिल ने पारी को संभालते हुए 45 गेंदों में 70 रन बनाए। उन्होंने शुरुआत में धैर्य दिखाया और फिर बीच के ओवरों में तेजी से रन बनाए।

लंबे समय से खराब फॉर्म में चल रहे जोस बटलर ने इस मैच में सबसे तेज बल्लेबाजी की और 27 गेंदों में 52 रन बनाकर मैच का रुख गुजरात की ओर मोड़ दिया। उनकी पारी ने टीम को मजबूत शुरुआत दी।

बीच के ओवरों में वॉशिंगटन सुंदर ने जिम्मेदारी संभाली और 32 गेंदों में 55 रन बनाकर स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। हालांकि, 15 ओवर के बाद थोड़े शांत ओवर आए, लेकिन अंतिम 8 गेंदों पर गुजरात के बलेबाजों ने तेजी से रन बटोरे और उनकी टीम ने 20 ओवरों में 210/4 का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

रन चेज में दिल्ली की शुरुआत रही शानदार, राहुल और निसांका ने बनाया आधार

211 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार शुरुआत की। ओपनिंग जोड़ी ने बिना विकेट गंवाए तेजी से रन बनाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। पाथुम निसांका ने 24 गेंदों में 41 रन बनाए और पॉरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी की। उनके आउट होने के बाद भी रन गति पर ज्यादा असर नहीं पड़ा।

इस मैच में केएल राहुल ने एक शानदार पारी खेली और पूरे मैच में दिल्ली को संभाले रखा। उन्होंने 52 गेंदों में 92 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। हालांकि, उनके आउट होने के बाद दिल्ली की टीम चेज पूरा नहीं कर सकी।

राशिद खान का स्पेल बना मैच का टर्निंग पॉइंट

जब दिल्ली की टीम मजबूत स्थिति में नजर आ रही थी, तभी राशिद खान ने मैच में वापसी कराई। उन्होंने मिडिल ओवर्स में लगातार विकेट लेकर रन गति को धीमा कर दिया। राशिद ने नीतिश राणा, समीर रिजवी और अक्षर पटेल को आउट कर दिल्ली की बल्लेबाजी को झटका दिया। उनका स्पेल मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।

आखिरी ओवर में ड्रामा, 2 गेंद में 2 रन नहीं बना पाई दिल्ली

इस हाई-स्कोरिंग मैच का असली रोमांच आखिरी ओवर में देखने को मिला। दिल्ली को जीत के लिए 6 गेंद में 13 रन चाहिए थे और मुकाबला उनके पक्ष में नजर आ रहा था। पहली गेंद पर विप्रज निगम ने चौका लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर वह आउट हो गए। इसके बाद कुलदीप यादव ने सिंगल लिया और चौथी गेंद पर डेविड मिलर ने छक्का जड़ दिया। अब समीकरण आसान था, 2 गेंद में 2 रन चाहिए थे। यहां से मैच पूरी तरह दिल्ली के पक्ष में दिख रहा था।

लेकिन पांचवीं गेंद पर डेविड मिलर ने साफ सिंगल लेने से मना कर दिया, जिससे दबाव और बढ़ गया। अगली गेंद डॉट हो गई और आखिरी गेंद पर रन लेने की कोशिश में कुलदीप यादव रन आउट हो गए। इस तरह दिल्ली कैपिटल्स 209 रन ही बना सकी और गुजरात टाइटंस ने मात्र 1 रन से यह रोमांचक मुकाबला जीत लिया।

गुजरात टाइटंस ने गेंदबाजी में दिखाया संयम

गुजरात के गेंदबाजों ने दबाव के समय में शानदार कंट्रोल दिखाया। खासकर राशिद खान ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में सिर्फ 17 रन देकर 3 विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा ने भी अहम समय पर विकेट लेकर और अंतिम ओवर में 13 रन और 2 गेंद पर 2 रन डिफेंड करके टीम को जीत दिलाई। मोहम्मद सिराज महंगे जरूर रहे, लेकिन उन्होंने केएल राहुल का बड़ा विकेट लेकर मैच को अंत तक खुला रखा।

गुजरात टाइटंस ने दर्ज की सीजन की पहली जीत

दिल्ली कैपिटल्स को उसके घर में हराकर गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 में अपनी पहली जीत दर्ज की। वहीं दिल्ली कैपिटल्स के लिए इस सीजन पहली बार हार झेलना पड़ा। उनके लिए मात्र 1 रन की यह हार काफी दर्दनाक रही, क्योंकि टीम ने मैच में कई मौके बनाए, लेकिन अंत में छोटी गलतियों की वजह से जीत हाथ से निकल गई।

आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version